शेयर बाजार की गिरावट के बीच सोने-चांदी में गदर! देखें MCX पर आज के ताजा रेट्स

न्यूज तक

• 12:44 PM • 22 Jul 2026

भारतीय शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी पस्त हो गए. इसके विपरीत, कमोडिटी मार्केट (MCX) में सोना और चांदी तेजी से चमक रहे हैं. तीन दिनों में चांदी 10,000 रुपये से अधिक और सोना लगभग 4,000 रुपये महंगा हुआ है.

बीते 5 दिनों में सोना-चांदी के भाव में आई गिरावट
gold silver rate
Google CTA

शेयर बाजार में जारी बिकवाली के बीच भारतीय कमोडिटी मार्केट में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है. एक तरफ जहां सेंसेक्स और निफ्टी में लगातार गिरावट से निवेशक परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ एमसीएक्स पर सोने और चांदी की कीमतों में पिछले तीन दिनों से जबरदस्त उछाल दर्ज किया जा रहा है.

Read more!

शेयर बाजार में भारी गिरावट

हफ्ते की शुरुआत से ही शेयर बाजार का मिजाज बिगड़ा हुआ है. लगातार तीसरे कारोबारी दिन बाजार में चौतरफा बिकवाली देखने को मिली. कारोबार के दौरान सेंसेक्स 600 अंक से ज्यादा टूट गया, जबकि निफ्टी में भी 180 अंक से अधिक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई.

MCX पर चांदी की थमी नहीं रफ्तार

शेयर बाजार के विपरीत मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी की कीमतों में तूफानी तेजी बनी हुई है. 4 सितंबर की एक्सपायरी वाली चांदी, जो बीते कारोबारी दिन 2,23,779 रुपये पर बंद हुई थी, वह बुधवार को खुलकर 2,26,892 रुपये के स्तर तक पहुंच गई. पिछले हफ्ते के आखिरी दिन के मुकाबले चांदी तीन दिनों के भीतर ही 10,489 रुपये प्रति किलोग्राम से ज्यादा महंगी हो चुकी है.

सोना भी लगातार हो रहा मजबूत

चांदी के साथ-साथ सोने के वायदा भाव में भी लगातार बढ़त दर्ज की जा रही है. तीन दिनों के भीतर MCX पर सोने का भाव 1,40,906 रुपये से बढ़कर 1,44,883 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है. इस दौरान 24 कैरेट सोना लगभग 3,977 रुपये प्रति 10 ग्राम तक महंगा हुआ है.

रिकॉर्ड हाई से अब भी काफी सस्ते

भले ही सोने और चांदी के दामों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही हो, लेकिन ऑल-टाइम हाई के मुकाबले ये धातुएं अब भी किफायती स्तर पर मौजूद हैं. जनवरी के अंत में चांदी ने 4,20,048 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ था, जिससे यह अभी भी करीब 1,93,156 रुपये प्रति किलो सस्ती है. इसी तरह, सोना भी अपने 2 लाख रुपये के रिकॉर्ड स्तर से फिलहाल 50,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा सस्ते भाव पर मिल रहा है.

(डिस्क्लेमर: किसी भी प्रकार के वित्तीय निवेश या गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में पैसे लगाने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)