Gold-Silver Rate: रिकॉर्ड हाई से ₹1.90 लाख से ज्यादा सस्ती हुई चांदी, सोने के दाम भी गिरे, देखें नया रेट

अगर आप भी सोना या चांदी खरीदने का मन बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. बीते हफ्ते सर्राफा बाजार में दोनों ही कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है. खासकर चांदी के दामों में बड़ी कटौती हुई है, जिससे यह अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी सस्ती मिल रही है.

NewsTak
आने वाले दिनों में कैसा रहने वाला है सोने-चांदी का भाव.

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Gold Silver Rate Today: मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर पिछले सप्ताह चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. चार कारोबारी दिनों के भीतर चांदी का भाव 4,846 रुपये प्रति किलोग्राम तक टूट गया. इसके साथ ही 3 जुलाई की एक्सपायरी वाली चांदी अब 2,67,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है, जो पिछले हफ्ते के अंत में 2,71,846 रुपये पर थी.

Read more!

अपने ऑल-टाइम हाई से ₹1.90 लाख रुपये टूटे दाम

चांदी की कीमतों में यह गिरावट लंबे समय बाद देखी जा रही है. इसी साल जनवरी 2026 में चांदी ने 4 लाख रुपये का स्तर पार करते हुए 4,57,328 रुपये प्रति किलो का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया था. लेकिन उस रिकॉर्ड स्तर को छूने के बाद से चांदी की कीमतों में लगातार कमी आ रही है. इस समय चांदी अपने ऑल-टाइम हाई लेवल से करीब 1,90,328 रुपये प्रति किलो सस्ती बिक रही है.

घरेलू बाजार में भी सस्ता हुआ सिल्वर

वायदा बाजार के साथ-साथ घरेलू हाजिर बाजार में भी चांदी सस्ती हुई है. इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक, घरेलू बाजार में चांदी का भाव 2,66,000 रुपये से घटकर 2,63,350 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया है. यानी सीधे तौर पर प्रति किलो 2,650 रुपये की राहत मिली है.

सोने के दामों का हाल

चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी उतार-चढ़ाव के बीच मामूली गिरावट देखी गई. एमसीएक्स (MCX) पर 22 मई को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,61,320 रुपये था, जो शुक्रवार को बंद होते समय 1,61,049 रुपये पर आ गया.

अगर रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें, तो 5 जून की एक्सपायरी वाला सोना अपने हाई लेवल 2,02,984 रुपये से करीब 41,935 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता मिल रहा है. वहीं, घरेलू बाजार में IBJA के अनुसार, सोना 1,58,117 रुपये से गिरकर 1,56,463 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. इस तरह घरेलू बाजार में सोना 1,654 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है.

(नोट: सोने-चांदी या किसी भी कीमती मेटल में निवेश करने से पहले हमेशा बाजार विशेषज्ञों या अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें.)

    follow google news