PF खाताधारकों की बल्ले-बल्ले! अब ATM से भी निकाल सकेंगे पैसा, EPFO ला रहा है नया प्लेटफॉर्म

सौरभ दीक्षित

13 Sep 2025 (अपडेटेड: Sep 14 2025 8:12 AM)

EPFO जल्द ही "EPFO 3.0" प्लेटफॉर्म लॉन्च करेगा, जिससे PF खाताधारकों को बैंक जैसी सुविधाएं मिलेंगी. अब आप ATM और UPI से सीधे PF का पैसा निकाल पाएंगे.

NewsTak
Google CTA

EPFO 3.0: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) देश के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए एक बड़ा बदलाव लाने वाला है. सरकारी और निजी क्षेत्र के कर्मचारी जो PF अकाउंट चलाते हैं, उनके लिए EPFO 3.0 प्लेटफॉर्म जल्द लॉन्च होगा.

Read more!

यह नया सिस्टम बैंकिंग जैसा एक्सपीरियंस देगा. इसमें ATM से सीधे PF बैलेंस निकालना, UPI से फटाफट ट्रांसफर और न्यूनतम पेंशन में बढ़ोतरी जैसे फायदे शामिल हैं. इससे क्लेम प्रक्रिया तेज होगी. अब 2-3 दिनों का इंतजार खत्म हो जाएगा.

EPFO क्या करता है?

EPFO का पूरा नाम Employees' Provident Fund Organisation है. यह संगठन कर्मचारियों की PF राशि को संभालता है. रिटायरमेंट सेविंग्स, पेंशन और इंश्योरेंस स्कीम इसी के तहत चलती हैं.

वर्तमान में PF से पैसे निकालने के लिए लंबी प्रक्रिया करनी पड़ती है. लेकिन EPFO 3.0 से सब कुछ डिजिटल और सरल हो जाएगा. लगभग 8 करोड़ सदस्यों को इसका लाभ मिलेगा. यह प्लेटफॉर्म मोबाइल फ्रेंडली होगा. यूजर्स कहीं से भी बैलेंस चेक कर सकेंगे.

EPFO 3.0 की विशेषताएं

1. ATM से पैसे निकालने की सुविधा: यह सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण घोषणा है. अब आप सीधे अपने PF अकाउंट से ATM कार्ड के जरिए पैसे निकाल सकेंगे. इमरजेंसी मे पैसों की जरूरत पड़ने पर आपको लंबे क्लेम फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी, बस ATM से पैसे निकालें और काम हो जाएगा.

2. UPI से तुरंत ट्रांजेक्शन: EPFO 3.0 के साथ आप अपने PF खाते को PhonePe या Google Pay जैसे UPI ऐप्स से लिंक कर पाएंगे. इससे आप मिनटों में सीधे अपने खाते में पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे. यह उन लोगों के लिए बहुत सुविधाजनक होगा जो डिजिटल लेनदेन पसंद करते हैं.

3. क्लेम और डिटेल अपडेट करना हुआ आसान: अब कोई भी क्लेम फाइल करना या अपनी खाता जानकारी अपडेट करना पहले से कहीं ज्यादा तेज और आसान हो जाएगा. पूरा काम ऑनलाइन होगा, जिससे पेपरवर्क लगभग खत्म हो जाएगा.

न्यूनतम पेंशन में बढ़ोतरी की उम्मीद

EPFO 3.0 के तहत एक और अहम बदलाव हो सकता है, जो करोड़ों रिटायर्ड कर्मचारियों को फायदा देगा. ट्रेड यूनियन्स लंबे समय से न्यूनतम मासिक पेंशन को 1,000 रुपए से बढ़ाकर 1,500 से 2,500 रुपए करने की मांग कर रही हैं. सरकार इस प्रस्ताव पर विचार कर रही है.

10-11 अक्टूबर को होगी मीटिंग

श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में EPFO का सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) 10 और 11 अक्टूबर को एक महत्वपूर्ण बैठक करने वाला है. इस बैठक में कर्मचारी, नियोक्ता और सरकारी प्रतिनिधि शामिल होंगे. यदि यह प्रस्ताव पास हो जाता है तो करोड़ों रिटायर्ड कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी.  IT कंपनियां जैसे TCS, Infosys और Wipro सिस्टम डेवलप कर रही हैं.