SME कंपनी GSM Foils के मैनेजिंग डायरेक्टर मोहनसिंह परमार पर महाराष्ट्र के वसई में जानलेवा हमला हुआ है। बाइक सवार बदमाशों ने उन पर गोली चलाई, जिसमें एक गोली उनके कंधे में लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कंपनी ने कहा है कि उनकी हालत स्थिर है और लगातार सुधार हो रहा है।
ADVERTISEMENT
26 जुलाई को हुआ हमला
पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई को वसई-विरार के नाइकपाड़ा इलाके में मोहनसिंह परमार पर दो बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग की। पहली गोली उनके कंधे में लगी। इसके बाद दूसरी गोली चलाने की कोशिश की गई, लेकिन हमलावरों की पिस्तौल जाम हो गई। इसका फायदा उठाकर परमार की जान बच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए।
कंपनी ने क्या कहा?
GSM Foils ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि घटना के तुरंत बाद परमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। कंपनी के मुताबिक, उनकी हालत अब स्थिर है और उनमें सुधार हो रहा है।
कंपनी ने यह भी कहा कि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच जारी है। कंपनी जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दे रही है।
कंपनी का कामकाज जारी
GSM Foils ने अपने बयान में कहा कि घटना के बावजूद कंपनी का कामकाज सामान्य रूप से जारी है। वसई और अहमदाबाद स्थित उसके दोनों मैन्युफैक्चरिंग प्लांट पहले की तरह संचालित हो रहे हैं।
एक निदेशक पुलिस हिरासत में
कंपनी ने यह भी बताया कि उसके होल-टाइम डायरेक्टर सागर भानुशाली को इस मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस ने हिरासत में लिया है। हालांकि, कंपनी ने कहा कि मामला जांच के अधीन है, इसलिए वह इस पर फिलहाल कोई और टिप्पणी नहीं करेगी।
पुलिस का दावा- 32 करोड़ रुपये के विवाद से जुड़ी साजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि कंपनी के सह-चेयरमैन सागर भानुशाली पर करीब 32 करोड़ रुपये की वित्तीय देनदारी थी। जांच एजेंसियों का दावा है कि उन्होंने पहले परमार पर अपना हिस्सा खरीदने का दबाव बनाया। जब बात नहीं बनी, तो कथित तौर पर उनकी हत्या की साजिश रची गई ताकि वित्तीय बोझ खत्म हो जाए और कंपनी पर ज्यादा नियंत्रण मिल सके।
शेयर बाजार में 55 करोड़ रुपये गंवाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, सागर भानुशाली ने शेयर बाजार में करीब 55 करोड़ रुपये गंवा दिए थे और उन पर कई लोगों का पैसा बकाया था। इसी आर्थिक दबाव के चलते उन्होंने यह साजिश रची। जांच में यह भी सामने आया है कि कथित तौर पर 40 लाख रुपये में सुपारी देकर हमलावरों को रखा गया था, जिसमें से 5 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।
7 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में सागर भानुशाली समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अलग-अलग जगहों से पकड़ा गया है। पुलिस डिजिटल, तकनीकी, वैज्ञानिक और वित्तीय सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस साजिश में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।
ADVERTISEMENT

