HCL Tech का शेयर क्यों उछला, 9700 करोड़ की AI डील ने बदला मूड

संदीप शर्मा

03 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 3 2026 4:53 PM)

एचसीएलटेक को 9700 करोड़ रुपये का नया एआई केंद्रित कारोबार मिला. इसी खबर के बाद शेयर निफ्टी का टॉप गेनर बना. जानें डील की खास बातें और आगे क्या देखना है.

NewsTak
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

point

समझौता जुलाई 2026 से दिसंबर 2031 तक रहेगा, बढ़ाने का विकल्प भी

point

कंपनी डिजिटल वर्कप्लेस और नेटवर्क सेवाओं को एआई मॉडल में बदलेगी

point

यह पुराने प्रोजेक्ट का विस्तार नहीं, बल्कि पूरी तरह नया कारोबार है

HCL Tech का शेयर अचानक निवेशकों की रडार में आ गया और जोरदार खरीदारी के दम पर ये निफ्टी-50 का टॉप गेनर बन गया. खास बात यह रही कि कंपनी ने न तो तिमाही नतीजे जारी किए, न किसी बड़े अधिग्रहण का ऐलान किया, और न ही बोनस या डिविडेंड जैसी कोई घोषणा की. इसके बाद भी शेयर में तेज उछाल आया. इस तेजी की सबसे बड़ी वजह बाजार खुलने से पहले आई कंपनी की एक बड़ी डील रही. HCL Tech को फॉर्च्यून ग्लोबल 50 की एक बड़ी कंपनी से 1.14 अरब डॉलर, यानी करीब 9,700 करोड़ रुपये का नया कारोबार मिला है. इसी खबर के बाद निवेशकों का रुख तेजी से बदला.

Read more!

शेयर की चाल कैसी रही

शेयर करीब साढ़े पांच फीसदी चढ़कर बंद हुआ.बीते 6 महीने में शेयर करीब 30 फीसदी टूटा था.पिछले 1 साल में इसमें करीब 33 फीसदी की गिरावट रही थी.इन आंकड़ों से साफ है कि लंबे समय से शेयर दबाव में था. ऐसे में एक दिन की यह तेजी इसलिए ज्यादा अहम मानी जा रही है, क्योंकि इससे बाजार के भरोसे में अचानक बदलाव दिखा.

डील में क्या खास है

कंपनी के मुताबिक यह समझौता जुलाई 2026 से दिसंबर 2031 तक रहेगा. दोनों पक्षों के पास इसे 5 साल और बढ़ाने का विकल्प भी होगा. अगर ऐसा होता है, तो यह साझेदारी लगभग एक दशक तक चल सकती है. इस समझौते के तहत एचसीएलटेक ग्राहक की डिजिटल वर्कप्लेस और एंटरप्राइज नेटवर्क सेवाओं को एआई आधारित कामकाज के मॉडल में बदलेगी और उसका संचालन भी करेगी. आसान शब्दों में कहें, तो यह सिर्फ सामान्य आईटी सपोर्ट का काम नहीं है, बल्कि एआई की मदद से पूरे डिजिटल ढांचे को ज्यादा स्मार्ट और बेहतर बनाने का बड़ा प्रोजेक्ट है.

बाजार ने इसे सकारात्मक क्यों माना

कंपनी ने साफ कहा है कि यह पूरी तरह नया कारोबार है. यानी यह किसी पुराने प्रोजेक्ट का विस्तार नहीं, बल्कि एक नया ऑर्डर है. यही बात निवेशकों को सबसे ज्यादा पसंद आई.

ये डील 3 वजहों से अहम 

पहली वजह इसका बड़ा आकार है. 1.14 अरब डॉलर का समझौता किसी भी आईटी कंपनी के लिए बड़ा माना जाता है.दूसरी वजह इसकी लंबी अवधि है. इससे आने वाले कई सालों की कमाई का अंदाजा ज्यादा साफ होता है.तीसरी और सबसे अहम वजह एआई है. अभी दुनिया भर में कंपनियां एआई पर खर्च बढ़ा रही हैं.

AI पर जोर क्यों अहम? 

दुनिया भर में अब कंपनियां सिर्फ डिजिटल बदलाव तक सीमित नहीं हैं, बल्कि एआई के सहारे अपने नेटवर्क, डाटा, साइबर सुरक्षा और कर्मचारियों के काम करने के तरीके को बेहतर बनाने पर जोर दे रही हैं. ऐसे समय में एचसीएलटेक को मिला यह ऑर्डर इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह उसी बड़ी टेक थीम से जुड़ा है, जिस पर पूरी दुनिया की नजर है.

कंपनी का कारोबार कितना मजबूत 

HCL Tech देश की बड़ी आईटी सेवा कंपनियों में शामिल है. कंपनी 60 से ज्यादा देशों में कारोबार करती है. यह बैंकिंग, हेल्थकेयर, मैन्युफैक्चरिंग, टेलीकॉम, रिटेल, ऑटोमोबाइल और कई दूसरे क्षेत्रों को तकनीकी सेवाएं देती है.कंपनी के प्रमुख कामों में आईटी सलाह, क्लाउड सेवाएं, साइबर सुरक्षा, डिजिटल बदलाव, इंजीनियरिंग और रिसर्च सेवाएं, डाटा विश्लेषण, एआई आधारित समाधान, एंटरप्राइज नेटवर्क प्रबंधन और एप्लिकेशन डेवलपमेंट शामिल हैं. पिछले कुछ वर्षों में कंपनी ने एआई और क्लाउड कारोबार पर अपना फोकस लगातार बढ़ाया है.

निवेशक किन बातों पर नजर रखें

निवेशक सिर्फ डील की रकम नहीं देख रहे हैं. बाजार का मानना है कि अगर एचसीएलटेक लगातार एआई आधारित बड़े ऑर्डर लाती रही, तो आने वाले वर्षों में उसकी कमाई की गुणवत्ता बेहतर हो सकती है. साथ ही, फॉर्च्यून ग्लोबल 50 जैसी बड़ी कंपनी के साथ काम मिलने से कंपनी की वैश्विक साख भी मजबूत हो सकती है, जिससे आगे और नए कारोबार के मौके बन सकते हैं.हालांकि असली परीक्षा अब इस बात की होगी कि कंपनी इस बड़े समझौते को जमीन पर कितनी अच्छी तरह लागू करती है. यह भी देखना होगा कि क्या इससे आने वाले सालों में मुनाफे और विकास की रफ्तार सच में तेज होती है या नहीं.

डिस्क्लेमर: ये लेख केवल जानकारी और शिक्षा के उद्देश्य से तैयार किया गया है. इसे किसी भी शेयर को खरीदने या बेचने की सलाह न माना जाए. शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य लें. किसी भी निवेश निर्णय से होने वाले लाभ या हानि के लिए प्रकाशक या लेखक जिम्मेदार नहीं होगा.