HDFC Bank का शेयर 4 दिन में 10% टूटा, फिर भी ब्रोकरेज बुलिश, 40% तक तेजी की उम्मीद

संदीप शर्मा

• 02:35 PM • 23 Jul 2026

एचडीएफसी बैंक के शेयर नतीजों के बाद दबाव में हैं, लेकिन बड़े ब्रोकरेज मानते हैं कि एनआईएम सुधरने, कर्ज बढ़त और कम लागत से आगे बैंक की कमाई मजबूत हो सकती है.

NewsTak
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

जून तिमाही में बैंक का शुद्ध मुनाफा बढ़कर 19,060 करोड़ रुपये रहा

शुद्ध ब्याज आय 7% बढ़ी, लेकिन एनआईएम घटकर 3.26% पर आया

ब्रोकरेजेज को 40% तक अपसाइड की उम्मीद

देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक HDFC Bank के शेयरों में लगातार चौथे कारोबारी दिन गिरावट देखने को मिली. जून तिमाही के नतीजे आने के बाद से शेयर करीब 10% टूट चुका है. हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि ज्यादातर ब्रोकरेज हाउस अब भी इस शेयर पर बुलिश हैं और मौजूदा स्तर से 19% से 40% तक तेजी की संभावना जता रहे हैं.

Read more!

लगातार क्यों गिर रहा है शेयर?

HDFC Bank के जून तिमाही के नतीजे बाजार के अनुमान के मुताबिक रहे, लेकिन निवेशकों को नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) में गिरावट पसंद नहीं आई. जून तिमाही में बैंक का NIM 12 बेसिस प्वाइंट घटकर 3.26% रह गया. कॉरपोरेट लोन पर ज्यादा फोकस की वजह से लोन ग्रोथ तो बढ़ी, लेकिन मार्जिन पर दबाव बना. यही वजह रही कि अच्छे नतीजों के बावजूद शेयर में बिकवाली देखने को मिली.

कैसे रहे जून तिमाही के नतीजे?

HDFC Bank का स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 5% बढ़कर 19,060 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में 18,155 करोड़ रुपये था. वहीं, नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) भी 7% बढ़कर 33,534 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 31,438 करोड़ रुपये थी.

Jefferies की राय

ग्लोबल ब्रोकरेज Jefferies ने HDFC Bank पर 'Buy' रेटिंग बरकरार रखी है और 1,050 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है. ब्रोकरेज का कहना है कि बैंक के नतीजे अनुमान के अनुरूप रहे. NII थोड़ी कमजोर रही, लेकिन कम ऑपरेटिंग खर्च (Opex) और कम क्रेडिट कॉस्ट ने मुनाफे को सहारा दिया. Jefferies का मानना है कि मार्जिन में सुधार से FY26-FY29 के दौरान बैंक के मुनाफे में करीब 15% CAGR की ग्रोथ हो सकती है. मौजूदा वैल्यूएशन भी आकर्षक दिखाई दे रही है.

Nomura का क्या कहना है?

Nomura ने भी शेयर पर 'Buy' रेटिंग बनाए रखी है और 950 रुपये का टारगेट दिया है. ब्रोकरेज ने FY27 के लिए लोन ग्रोथ अनुमान 13% से बढ़ाकर 16% और डिपॉजिट ग्रोथ 15% से बढ़ाकर 17% कर दिया है. Nomura का कहना है कि FCNR(B) स्कीम और मजबूत बिजनेस ग्रोथ आने वाले समय में बैंक के लिए सकारात्मक साबित हो सकती है.

Motilal Oswal की राय

Motilal Oswal ने भी 'Buy' रेटिंग दोहराई है और 1,050 रुपये का टारगेट प्राइस रखा है. ब्रोकरेज का मानना है कि अगले दो वर्षों में बैंक के 400-500 अरब रुपये के महंगे उधार (High-cost Borrowings) मैच्योर होंगे. इससे फंडिंग कॉस्ट घटेगी, NIM सुधरेगा और मुनाफा बढ़ेगा. हालांकि, ब्रोकरेज ने FY27 और FY28 के मुनाफे के अनुमान में 2-2% की मामूली कटौती की है.

JM Financial की राय

JM Financial ने HDFC Bank पर 'Add' रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट प्राइस 900 रुपये किया है. ब्रोकरेज का कहना है कि फिलहाल बैंक की लोन ग्रोथ पर लिक्विडिटी कवरेज रेशियो (LCR) और क्रेडिट-डिपॉजिट रेशियो का दबाव है. हालांकि, जैसे-जैसे महंगे उधार कम होंगे, बैंक का NIM सुधरेगा और क्रेडिट कॉस्ट नियंत्रण में रहेगी.

निवेशकों के लिए क्या है संकेत?

HDFC Bank का शेयर नतीजों के बाद दबाव में है, लेकिन लगभग सभी प्रमुख ब्रोकरेज हाउस का मानना है कि यह गिरावट लंबी अवधि के निवेशकों के लिए अवसर हो सकती है. ब्रोकरेज का मानना है कि मजबूत लोन ग्रोथ, बेहतर एसेट क्वालिटी, कम होती क्रेडिट कॉस्ट और आने वाले समय में NIM में सुधार बैंक की कमाई को मजबूती देंगे. यही वजह है कि अलग-अलग ब्रोकरेज ने मौजूदा स्तर से 19% से 40% तक की तेजी की संभावना जताई है.