125cc की बाइक खरीदने जाएं तो आपके सामने कई विकल्प होते हैं. लेकिन अगर बाइक का लुक स्पोर्टी हो और फीचर्स भी आधुनिक मिलें तो बात कुछ अलग हो जाती है. इसी को ध्यान में रखते हुए Hero MotoCorp ने अपनी Xtreme 125R का नया Stealth Edition लॉन्च किया है. इसकी कीमत 1,16,250 रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है.
ADVERTISEMENT
इस बाइक की खास बात सिर्फ इसका नया लुक नहीं है. इसमें 4.2 इंच की TFT स्क्रीन, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) जैसे फीचर्स भी मिलते हैं. यानी बाइक चलाते समय रास्ते की जानकारी से लेकर टायर में हवा के दबाव तक पर नजर रखी जा सकती है.
बाइक में मिलेगी 4.2 इंच की TFT स्क्रीन
सबसे पहले बात करते हैं इसके फीचर्स की. Hero Xtreme 125R Stealth Edition में 4.2 इंच का TFT डिस्प्ले दिया गया है. इसे स्मार्टफोन से कनेक्ट किया जा सकता है. इसके बाद बाइक की स्क्रीन पर फोन आने वाले कॉल और SMS के अलर्ट दिखाई देंगे. इसमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन भी मिलता है. यानी रास्ता देखने के लिए बार-बार फोन निकालने की जरूरत नहीं होगी. राइडर म्यूजिक भी कंट्रोल कर सकेगा.
इस बाइक में एक और काम का फीचर दिया गया है. इसका नाम है TPMS. आसान भाषा में समझें तो यह सिस्टम टायर में हवा का दबाव बताता है. अगर टायर का प्रेशर कम होता है तो बाइक अलर्ट देगी.
ब्लैक रंग में दिखेगा नया अंदाज
नाम Stealth Edition है तो लुक भी उसी हिसाब से रखा गया है. बाइक को मिडनाइट ब्लैक कलर में उतारा गया है. इसके साथ पर्ल रेड एक्सेंट दिए गए हैं. अलॉय व्हील्स को भी रंगीन फिनिश मिली है. कंपनी ने बाइक के पुराने डिजाइन को बरकरार रखा है. यानी पूरा लुक बदला नहीं है, लेकिन नए रंग और फिनिश इसे अलग पहचान देते हैं.
इंजन में कोई बड़ा बदलाव नहीं
अब बात इंजन की. इस बाइक में 124.7cc का एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है. यह 11.4 bhp की पावर और 10.5 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इंजन के साथ 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है.
ध्यान देने वाली बात यह है कि नए Stealth Edition में इंजन के मामले में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है. कंपनी का फोकस नए फीचर्स और लुक पर रहा है.
सेफ्टी के लिए ABS और तीन राइडिंग मोड
बाइक में डुअल-चैनल ABS दिया गया है. इसका काम अचानक ब्रेक लगाने पर पहियों को लॉक होने से बचाने में मदद करना है. इसके अलावा इसमें तीन राइडिंग मोड मिलते हैं. इनमें रेन, रोड और स्पोर्ट शामिल हैं. बाइक में क्रूज कंट्रोल का फीचर भी दिया गया है.
TVS Raider और Pulsar NS125 से मुकाबला
अब सवाल है कि इस बाइक की टक्कर किससे होगी? 125cc स्पोर्टी बाइक सेगमेंट में इसका मुकाबला TVS Raider 125 और Bajaj Pulsar NS125 से होगा.
कुल मिलाकर Hero Xtreme 125R के नए Stealth Edition में इंजन पहले जैसा है, लेकिन फीचर्स की लिस्ट लंबी हुई है. खास तौर पर TFT डिस्प्ले, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और TPMS इसे पुराने मॉडल से अलग बनाते हैं. इसकी कीमत 1.16 लाख रुपये से ज्यादा है. ऐसे में ग्राहकों के लिए यह देखना दिलचस्प होगा कि वे नए फीचर्स को कितनी अहमियत देते हैं.
ADVERTISEMENT

