Stock Scan : रिकॉर्ड ऑर्डर बुक, 120% बढ़ी आय... HFCL पर क्यों लगा विदेशी निवेशकों का दांव?, 75% अपसाइड की उम्मीद

संदीप शर्मा

• 03:09 PM • 24 Jul 2026

एचएफसीएल में विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ी है. मजबूत तिमाही नतीजे, बड़ी ऑर्डर बुक और एआई, 5जी पर दांव ने इस शेयर को फोकस में ला दिया.

NewsTak
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

FIIs की हिस्सेदारी 7.1% से बढ़कर 15.7% हुई

6 महीने में 220% का शानदार रिटर्न

ब्रोकरेज की Buy रेटिंग, 75% तक तेजी की संभावना

विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार से अरबों डॉलर निकाल रहे हैं, लेकिन इसी दौर में HFCL ऐसा शेयर बनकर उभरा है जिसमें उनकी हिस्सेदारी बहुत तेजी से बढ़ी है. मार्च तिमाही में विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी 7.1 फीसदी थी, जो जून तिमाही में बढ़कर 15.7 फीसदी हो गई. यानी सिर्फ तीन महीने में ये हिस्सेदारी दोगुनी से भी ज्यादा हो गई.

Read more!

6 महीने में 220% चढ़ा शेयर

HFCL का शेयर हाल के महीनों में शानदार रिटर्न देने वाले शेयरों में शामिल रहा है। हालांकि शुक्रवार को इसमें करीब 5% की गिरावट देखने को मिली, लेकिन लंबी अवधि में इसकी चाल बेहद मजबूत रही है.

  • पिछले 6 महीनों में शेयर करीब 220% चढ़ा है
  • 1 साल में इसने 142% का रिटर्न दिया है
  • 3 साल में निवेशकों को 203% का रिटर्न मिला है

अगर किसी निवेशक ने 6 महीने पहले 1 लाख रुपये लगाए होते, तो यह रकम अब करीब 3.20 लाख रुपये होती. 1 साल पहले 1 लाख रुपये लगाए होते, तो यह करीब 2.42 लाख रुपये होती. 3 साल पहले 1 लाख रुपये लगाए होते, तो यह करीब 3.03 लाख रुपये होती.

विदेशी निवेशकों का भरोसा क्यों बढ़ा

जब पूरे FY26 में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार से करीब 20 अरब डॉलर निकाले हैं, तब एचएफसीएल में उनकी हिस्सेदारी बढ़ना अलग संकेत देता है. यह दिखाता है कि कुछ बड़े निवेशक कंपनी में लंबी अवधि की बढ़त देख रहे हैं.

जून तिमाही के नतीजे 

  •  मुनाफा 246 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में 29 करोड़ रुपये का घाटा था
  •  आय सालाना आधार पर 120 फीसदी बढ़कर 1,915 करोड़ रुपये पहुंच गई
  • ऑर्डर बुक 26,665 करोड़ रुपये पर पहुंच गई
  •  निर्यात से आय 1,063 करोड़ रुपये रही
  •  कुल कारोबार में निर्यात की हिस्सेदारी 55 फीसदी से ज्यादा हो गई
  •  कंपनी ने एफवाई27 के लिए आय बढ़ने का अनुमान 40 फीसदी कर दिया है

ऑर्डर बुक का आकार खास है, क्योंकि यह कंपनी की FY26 की कुल आय के लगभग पांच गुना के बराबर बताया गया है. इससे आने वाले समय की कमाई को लेकर बाजार की उम्मीद बढ़ी है.

कंपनी आगे किस पर दांव लगा रही है

कंपनी 215 करोड़ रुपये का निवेश AI डेटा सेंटर कनेक्टिविटी सॉल्यूशन बनाने वाली नई उत्पादन इकाई में करेगी. इसके साथ ऑप्टिकल फाइबर और ऑप्टिकल फाइबर केबल की उत्पादन क्षमता भी बढ़ाई जा रही है.कंपनी का कहना है कि आने वाले वर्षों में उसे इन क्षेत्रों से फायदा मिल सकता है.

  • AI आधारित डेटा सेंटर.
  • क्लाउड सेवाएं
  • ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क
  • 5G इंफ्रा
  • रक्षा और एयरोस्पेस

HFCL अपने कारोबार को सिर्फ फाइबर तक सीमित नहीं रखना चाहती. कंपनी खुद को व्यापक टेक्नोलॉजी कारोबार की दिशा में ले जा रही है.

ब्रोकरेज की राय

Deven Choksey Research ने HFCL पर खरीद की राय और 362 रुपये का लक्ष्य रखा है. ब्रोकरेज के मुताबिक, मौजूदा स्तर से इसमें करीब 75 फीसदी तक बढ़त की गुंजाइश है. Deven Choksey Research का मानना है कि कंपनी का रक्षा कारोबार आने वाले वर्षों में बड़ा बदलाव ला सकता है. ब्रोकरेज के अनुमान के अनुसार, रक्षा कारोबार से आय FY27 में 400 करोड़ रुपये, FY28 में 1,200 करोड़ रुपये और FY29 में 5,000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है.

पॉजिटिव ट्रिगर

  •  रिकॉर्ड ऑर्डर बुक
  •  एआई डेटा सेंटर की बढ़ती मांग
  •  निर्यात में तेज बढ़त
  •  क्षमता विस्तार
  •  रक्षा कारोबार में बड़ा मौका
  •  विदेशी निवेशकों का बढ़ता भरोसा
  • जोखिम भी समझना जरूरी है

शेयर पहले ही 200 फीसदी से ज्यादा चढ़ चुका है. ऐसे में आगे इसमें तेज उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है. इसलिए यह कहना जरूरी है कि मजबूत आंकड़ों और बढ़ती रुचि के बावजूद इस शेयर में जोखिम पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है.