7 सीटें, ADAS और 360 डिग्री कैमरा... Hyundai की इस नई MPV कार से बढ़ेगी Maruti की टेंशन! जानें डिटेल

• 09:25 AM • 18 Nov 2026

Hyundai Neira EV एक नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक MPV है, जो 20 नवंबर को ग्लोबल डेब्यू करेगी. इसे Kia Carens Clavis EV के आधार पर तैयार किया गया है. इसमें 42kWh और 51.4kWh के बैटरी विकल्प मिल सकते हैं. इसकी संभावित रेंज 404 से 490 किलोमीटर तक होगी.

NewsTak
Google CTA

हुंडई ने अपनी नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक MPV Hyundai Neira EV को पेश किया है. यह गाड़ी ग्लोबल मार्केट में 20 नवंबर को डेब्यू करने वाली है. खास बात यह है कि यह Kia Carens Clavis EV का रिबैज्ड वर्जन है. यानी इसमें किआ की इलेक्ट्रिक MPV जैसे डिजाइन और ज्यादातर फीचर्स देखने को मिलेंगे.

Read more!

कंपनी ने इस कार को इंडोनेशिया मोटर शो 2026 में भी प्रदर्शित किया था. अब इसके भारतीय बाजार में लॉन्च होने की चर्चा है. अगर हुंडई इसे प्रतिस्पर्धी कीमत पर उतारती है, तो यह देश के MPV सेगमेंट में नया मुकाबला खड़ा कर सकती है. खासकर मारुति सुजुकी के लिए यह चुनौती बन सकती है.

दरअसल, फिलहाल मारुति सुजुकी के पोर्टफोलियो में कोई इलेक्ट्रिक 7-सीटर कार नहीं है. हालांकि कंपनी अपनी नई इलेक्ट्रिक MPV पर काम कर रही है. इसका कोडनेम Maruti YMC है. इसे अगले साल लॉन्च किए जाने की संभावना है. ऐसे में हुंडई की नई इलेक्ट्रिक MPV की एंट्री से इस सेगमेंट में मुकाबला दिलचस्प हो सकता है.

Hyundai Neira EV का डिजाइन और फीचर्स कैसे होंगे?

डिजाइन के मामले में Hyundai Neira EV काफी हद तक Kia Carens Clavis EV जैसी होगी. इसके प्रोटोटाइप में दिखाया गया डिजाइन प्रोडक्शन मॉडल में भी बरकरार रखा गया है. इसमें ग्रिल, हेडलाइट और व्हील्स का डिजाइन भी उसी तरह देखने को मिलेगा. फीचर्स की बात करें तो इसमें 360 डिग्री कैमरा और लेवल-2 ADAS मिलने की उम्मीद है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इसे तीन वेरिएंट में पेश कर सकती है. इसमें दो बैटरी पैक के विकल्प मिलने की संभावना है.

490 किलोमीटर तक मिलेगी रेंज

Hyundai Neira EV में 42kWh और 51.4kWh के दो बैटरी पैक दिए जा सकते हैं. इनकी रेंज क्रमशः 404 किलोमीटर और 490 किलोमीटर बताई जा रही है. हालांकि कंपनी ने अभी तक इसके फीचर्स और बैटरी से जुड़ी पूरी जानकारी आधिकारिक तौर पर साझा नहीं की है. इस इलेक्ट्रिक MPV में फ्रंट व्हील ड्राइव मोटर मिलने की उम्मीद है. यह मोटर 171 bhp की पावर और 255 Nm का टॉर्क जनरेट कर सकती है.

भारत में लॉन्च हुई तो मारुति के लिए बढ़ेगी चुनौती

Hyundai Neira EV को भारतीय बाजार में भी उतारे जाने के कयास लगाए जा रहे हैं. कंपनी यहां इसका पेट्रोल वर्जन भी पेश कर सकती है. हालांकि भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. फिलहाल 7-सीटर MPV सेगमेंट में Maruti Suzuki Ertiga की मजबूत मौजूदगी है. वहीं, इलेक्ट्रिक MPV सेगमेंट में मारुति अपनी YMC पर काम कर रही है. अगर हुंडई अपनी नई इलेक्ट्रिक MPV को सही कीमत पर भारतीय बाजार में उतारती है, तो मारुति की आने वाली इलेक्ट्रिक कार के सामने नई चुनौती खड़ी हो सकती है.