भारत के Forex Reserve में लौटी तेजी, एक हफ्ते में 2.49 अरब डॉलर बढ़ा भंडार

संदीप शर्मा

13 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 13 2026 6:27 PM)

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 6 नवंबर को खत्म हुए सप्ताह में 2.49 अरब डॉलर बढ़कर 719.547 अरब डॉलर हो गया. RBI के मुताबिक, गोल्ड रिजर्व में बढ़ोतरी से भंडार को सहारा मिला.

NewsTak
Google CTA
▌

न्यूज़ हाइलाइट्स

दो हफ्ते बाद विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी

2.49 अरब डॉलर बढ़कर 719.547 अरब डॉलर हुआ

गोल्ड रिजर्व में 2.205 अरब डॉलर का इजाफा

भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में दो हफ्ते की गिरावट के बाद फिर से बढ़ोतरी दर्ज की गई है. 6 नवंबर को खत्म हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.49 अरब डॉलर बढ़कर 719.547 अरब डॉलर हो गया. भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है. इससे पहले लगातार दो हफ्तों तक विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट आई थी. 17 अक्टूबर को खत्म हुए सप्ताह में यह 722.3 अरब डॉलर था, जो 30 अक्टूबर तक घटकर 717.057 अरब डॉलर रह गया था. 

Read more!

सोने के भंडार में बढ़ोतरी से मिला सहारा

विदेशी मुद्रा भंडार में इस बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह देश के सोने के भंडार में इजाफा रहा. RBI के मुताबिक, 6 नवंबर को खत्म हुए सप्ताह में भारत का गोल्ड रिजर्व 2.205 अरब डॉलर बढ़कर 104.796 अरब डॉलर हो गया. इसके अलावा विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों यानी Foreign Currency Assets में भी बढ़ोतरी हुई. ये देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा हैं. सप्ताह के दौरान FCA 232 मिलियन डॉलर बढ़कर 591.350 अरब डॉलर पर पहुंच गया. विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी दूसरी विदेशी मुद्राओं की कीमतों में डॉलर के मुकाबले होने वाले बदलाव का असर भी शामिल होता है.

SDR और IMF में भी बढ़ा भारत का भंडार

RBI के आंकड़ों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी IMF के पास भारत के स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (SDR) में 52 मिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई. इसके बाद यह बढ़कर 18.610 अरब डॉलर हो गया. वहीं, IMF में भारत का रिजर्व पोजिशन भी 1 मिलियन डॉलर बढ़कर 4.791 अरब डॉलर पर पहुंच गया.

रुपये में घटा विदेशी मुद्रा भंडार

डॉलर में विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ने के बावजूद रुपये में इसकी कुल वैल्यू घट गई. 6 नवंबर तक भारत का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 67,58,986 करोड़ रुपये था. इसमें पिछले सप्ताह के मुकाबले 49,742 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई. इसका एक कारण अलग-अलग विदेशी मुद्राओं की विनिमय दरों में बदलाव भी है. यानी डॉलर के मुकाबले दूसरी मुद्राओं की कीमत घटने या बढ़ने से विदेशी मुद्रा भंडार की रुपये में गणना पर असर पड़ सकता है.

सितंबर में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था भंडार

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार इस साल 4 सितंबर को खत्म हुए सप्ताह में 785.7 अरब डॉलर के अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था. इसके पीछे प्रवासी भारतीयों की जमा पर विशेष रियायती स्वैप योजना के जरिए आए विदेशी मुद्रा प्रवाह का भी योगदान रहा. विदेशी मुद्रा भंडार किसी देश की आर्थिक मजबूती का अहम संकेत माना जाता है. इसका इस्तेमाल जरूरत पड़ने पर आयात के भुगतान, विदेशी कर्ज चुकाने और रुपये में ज्यादा उतार-चढ़ाव को संभालने में किया जा सकता है. इसलिए इसमें होने वाले बदलाव पर बाजार और अर्थव्यवस्था दोनों की नजर रहती है.