रुपये में निवेश से विदेशी निवेशकों की चांदी! क्या दुनिया की नई Carry Trade Currency बन रहा है भारत?

• 02:47 PM • 24 Nov 2026

भारतीय रुपया इस तिमाही में अमेरिकी डॉलर से फंडिंग करके किए जाने वाले Carry Trade में दुनिया का सबसे ज्यादा रिटर्न देने वाला विकल्प बन गया है. विदेशी निवेशक भारतीय रुपये में पैसा लगा रहे हैं. इसके पीछे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, AI शेयरों से निवेश का दूसरे बाजारों की तरफ जाना और RBI की नीतियों को अहम वजह माना जा रहा है.

NewsTak
Google CTA

आप अमेरिका से सस्ते ब्याज पर डॉलर में कर्ज लेते हैं और उस पैसे को भारत में निवेश कर देते हैं. यहां आपको डॉलर के मुकाबले रुपये में कमाई होती है और ब्याज से भी फायदा मिलता है. सुनने में यह एक शानदार निवेश का तरीका लगता है, है ना? दुनिया के बड़े निवेशक भी कुछ ऐसा ही कर रहे हैं. इस तिमाही में अमेरिकी डॉलर से फंडिंग करके रुपये में निवेश करने पर मिलने वाला रिटर्न दुनिया में सबसे ज्यादा बताया जा रहा है.

Read more!

यानी भारतीय रुपया विदेशी निवेशकों के लिए Carry Trade का नया आकर्षण बन गया है. लेकिन कहानी में एक ट्विस्ट है. रुपये की इस मजबूती के पीछे सिर्फ भारत की आर्थिक ताकत या ब्याज दरों का फायदा नहीं है. इसमें RBI की नीतियों का भी बड़ा हाथ है. तो क्या भारतीय रुपया सचमुच दुनिया की पसंदीदा Carry Trade Currency बनने जा रहा है? या विदेशी निवेशक फिलहाल कुछ खास फायदे देखकर भारत आए हैं और फायदा खत्म होते ही निकल जाएंगे?

सबसे पहले समझिए, Carry Trade क्या होता है?

मान लीजिए अमेरिका में ब्याज दर कम है और भारत में उससे ज्यादा. कोई विदेशी निवेशक अमेरिका से कम ब्याज पर डॉलर में कर्ज लेता है. फिर उस डॉलर को रुपये में बदलकर भारत में निवेश कर देता है. अगर भारत में उसे ज्यादा रिटर्न मिलता है और रुपया भी डॉलर के मुकाबले मजबूत होता है, तो उसे दो तरफ से फायदा हो सकता है. एक तरफ ब्याज या निवेश से कमाई और दूसरी तरफ रुपये की मजबूती से फायदा. इसी रणनीति को Carry Trade कहा जाता है.

लेकिन इसमें जोखिम भी है. अगर रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर हो गया, तो निवेशक का फायदा खत्म हो सकता है. यहां तक कि उसे बड़ा नुकसान भी उठाना पड़ सकता है. इसीलिए RBI ने 2008 की वैश्विक आर्थिक मंदी के बाद Carry Trade को लेकर चेतावनी दी थी. RBI की एक रिपोर्ट में इसे हाईवे से सिक्के उठाने जैसा बताया गया था. मतलब, कई साल तक थोड़ा-थोड़ा फायदा मिलता है, लेकिन एक बड़ी गिरावट पिछले सारे मुनाफे को खत्म कर सकती है.

अचानक रुपये में विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी क्यों बढ़ी?

अब सवाल है कि इस बार विदेशी निवेशक भारतीय रुपये की तरफ क्यों आकर्षित हो रहे हैं? इसके पीछे कुछ वजहें हैं. पहली वजह है कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट. भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से खरीदता है. ऐसे में तेल सस्ता होने से डॉलर की मांग पर दबाव कम हो सकता है.

दूसरी वजह है AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में आई तेजी के कारोबार से निवेशकों का पैसा निकलना. कुछ विदेशी निवेशक अब उन बाजारों की तरफ रुख कर रहे हैं, जो AI की तेजी के दौरान पीछे रह गए थे. भारत भी इनमें शामिल है. तीसरी और सबसे अहम वजह है RBI की रणनीति.

रुपये को मजबूत रखने में RBI की क्या भूमिका है?

रिपोर्ट के मुताबिक, RBI ने रुपये पर सट्टेबाजी यानी उसकी कीमत गिरने पर दांव लगाने वाले कारोबारियों को रोकने के लिए कई कदम उठाए हैं. केंद्रीय बैंक ने विदेशी डॉलर की आवक बढ़ाने के लिए कुछ उपाय किए हैं. साथ ही स्पॉट और फॉरवर्ड मार्केट में दखल दिया है. रुपये के खिलाफ दांव लगाना भी महंगा बनाया गया है. इसे आसान भाषा में समझिए. अगर कोई निवेशक यह सोचकर पैसा लगाता है कि रुपया कमजोर होगा, तो अब उसके लिए ऐसा करना पहले जितना आसान नहीं रह गया है.

Bank of America के रणनीतिकारों के मुताबिक, RBI के इन कदमों ने रुपये के खिलाफ दांव लगाने वालों के लिए लागत बढ़ा दी है. यानी विदेशी निवेशक सिर्फ भारत की ब्याज दरों से आकर्षित नहीं हैं. वे इस उम्मीद में भी निवेश कर रहे हैं कि RBI रुपये को गिरने से रोकने के लिए कदम उठाता रहेगा. इसे ही रिपोर्ट में केंद्रीय बैंक की तरफ से मिलने वाले एक तरह के सुरक्षा कवच यानी Central Bank Put के तौर पर समझाया गया है.

क्या रुपये की यह मजबूती हमेशा बनी रहेगी?

अब इस कहानी का सबसे अहम हिस्सा समझिए. रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर के आखिर से रुपये में Carry Trade से मिलने वाले कुल फायदे का करीब 80 फीसदी हिस्सा रुपये की मजबूती से आया है. यानी निवेशकों को सिर्फ ब्याज से कमाई नहीं हुई, बल्कि रुपये की कीमत बढ़ने से भी बड़ा फायदा मिला. लेकिन इसमें एक पेंच है. RBI के कुछ प्रोत्साहन अस्थायी हैं और उनसे जुड़े कुछ उपाय इस साल के आखिर में खत्म होने वाले हैं.

इसके अलावा रुपया पहले काफी कमजोर स्तर पर था और अब वहां से रिकवर कर रहा है. जब यह रिकवरी और नीतिगत मदद का असर कम होगा, तब निवेशकों को भारत की असली आर्थिक स्थितियों को देखकर फैसला लेना होगा. और यहीं पर कुछ सवाल खड़े होते हैं.

भारत में Carry Trade के सामने क्या हैं चुनौतियां?

पहली चुनौती है ब्याज दरों का अंतर. 2011 में भारत और अमेरिका की बेंचमार्क ब्याज दरों के बीच अंतर 8.25 फीसदी तक था. लेकिन अब यह घटकर करीब 1.5 फीसदी रह गया है. दूसरी चुनौती रुपये की ऐतिहासिक कमजोरी है. पिछले तीन दशकों में डॉलर के मुकाबले रुपया औसतन हर साल करीब 3 फीसदी कमजोर हुआ है. मतलब, भारत में मिलने वाला अतिरिक्त ब्याज निवेशकों को रुपये की इस ऐतिहासिक गिरावट की भरपाई करने के लिए पर्याप्त नहीं हो सकता. इसके ऊपर बाजार में उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक जोखिम भी हैं.

तीसरी चुनौती है रुपये के कारोबार में नियमों और प्रक्रियाओं की जटिलता. विदेशी बाजारों में रुपये की ट्रेडिंग का बड़ा हिस्सा Non-Deliverable Forwards यानी NDF के जरिए होता है. यह ऐसा कॉन्ट्रैक्ट है जिसमें रुपये की वास्तविक डिलीवरी के बजाय कीमत के अंतर का हिसाब किया जाता है. इसके अलावा RBI की नीतियों में बदलाव को लेकर अनिश्चितता भी विदेशी निवेशकों को लंबे समय तक भारत में टिकने से रोक सकती है.

क्या भारत रुपये को दुनिया की पसंदीदा Carry Trade Currency बना सकता है?

रिपोर्ट का तर्क है कि अगर भारत चाहता है कि विदेशी निवेशक लंबे समय तक रुपये में पैसा लगाएं, तो उसे सिर्फ अस्थायी प्रोत्साहनों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए. इसके लिए ब्याज दरों में पर्याप्त अंतर बनाए रखना, विदेशी निवेशकों के लिए नियमों को आसान बनाना और भारत के घरेलू तथा विदेशी मुद्रा बाजारों को बेहतर तरीके से जोड़ना जरूरी होगा. साथ ही विदेशी निवेशकों को भारत में पैसा लगाने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर पैसा निकालने की भी आसानी होनी चाहिए. यानी सिर्फ डॉलर भारत बुलाना काफी नहीं है. निवेशकों को ऐसा भरोसा भी देना होगा कि वे अपने जोखिम के हिसाब से फैसला ले सकते हैं.

कुल मिलाकर, इस वक्त भारतीय रुपया Carry Trade के लिए दुनिया के आकर्षक विकल्पों में शामिल जरूर हो गया है. लेकिन इसे स्थायी सफलता मानना जल्दबाजी होगी. फिलहाल विदेशी निवेशकों को RBI के कदमों, रुपये की रिकवरी और बाजार की स्थितियों से फायदा मिल रहा है. अब देखना होगा कि ये निवेशक भारत में लंबे समय तक टिकते हैं या फायदे का मौका खत्म होते ही अपना पैसा निकाल लेते हैं.