एप्पल ने आखिरकार फोल्डेबल फोन की दुनिया में कदम रख दिया है. कंपनी ने अपना पहला फोल्डेबल iPhone iPhone Duo लॉन्च कर दिया है. खास बात यह है कि इसकी एंट्री ऐसे समय हुई है, जब एप्पल में बड़ा बदलाव हुआ है. 1 सितंबर 2026 को John Ternus ने एप्पल CEO के तौर पर टिम कुक की जगह ली और कुछ ही दिनों बाद कंपनी ने अपना पहला फोल्डेबल iPhone पेश कर दिया. एप्पल iPhone Duo को अब तक के iPhone में सबसे बड़े बदलावों में से एक बता रही है. लेकिन फोल्डेबल फोन के बाजार में एप्पल को सैमसंग से सीधी टक्कर मिलेगी. सैमसंग कई सालों से फोल्ड सीरीज पर काम कर रहा है और उसका नया ग्लेक्सी Z Fold 8 भी इसी बुक-स्टाइल फोल्डेबल डिजाइन के साथ आता है.
ADVERTISEMENT
डिस्प्ले में क्या है खास?
iPhone Duo को खोलने पर इसमें 7.6 इंच का सुपर रेटिना XDR OLED डिस्प्ले मिलता है. इसमें 120Hz तक प्रो-मोशन रिफ्रेश रेट, Always-On Display और आउटडोर में 3,000 निट्स तक ब्राइटनेस का सपोर्ट है.फोन की बाहरी स्क्रीन 5.4 इंच की है.वहीं Samsung Galaxy Z Fold 8 में भी 7.6 इंच का मेन डिस्प्ले दिया गया है. इसमें डायनेमिक एमोल्डेड 2X पैनल मिलता है. इसकी कवर स्क्रीन 5.5 इंच की है, यानी iPhone Duo से थोड़ी बड़ी.Samsung के मुताबिक दोनों स्क्रीन 3,000 निट्स तक की ब्राइटनेस देती हैं. हालांकि वजन के मामले में सैमसंग आगे है. ग्लेक्सी Z Fold 8 का वजन 201 ग्राम है, जबकि iPhone Duo 254 ग्राम का है.
कैमरे में कौन आगे?
एप्पल ने iPhone Duo में 48 मेगापिक्सल फ्यूजन मेन और 48MP फ्यूजन अल्ट्रा वाइड कैमरा सेटअप दिया है. मेन कैमरे से ऑप्टिकल-क्वालिटी 2x टेलीफोटो जूम भी मिलता है.फोल्डेबल डिजाइन को ध्यान में रखते हुए Apple ने ड्यो प्रीव्यू , स्मार्ट टेक और ड्यूअल कैप्चर जैसे फीचर्स दिए हैं. फोन में 4K Dolby Vision वीडियो रिकॉर्डिंग 120fps तक की जा सकती है. सैमसंग ग्लेक्सी Z Fold8 में 50MP वाइड और 50 मेगापिक्सल अल्ट्रा वाइड कैमरे दिए गए हैं. इसमें 2x ऑप्टिकल-क्वालिटी जूम, 8K वीडियो रिकॉर्डिंग, नाइटोग्राफी और प्रोविजुअल इंजन जैसे फीचर्स मिलते हैं. यहां एक बात ध्यान रखना जरूरी है कि 200 मेगापिक्सल मेन कैमरा और 10 मेगापिक्सल टेलीफोटो कैमरा ग्लेक्सी Z Fold 8 अल्ट्रा में मिलता है, रेगुलर Fold 8 में नहीं.
बैटरी में किसका दावा बड़ा?
Apple ने iPhone Duo में डुअल-बैटरी आर्किटेक्चर का इस्तेमाल किया है. कंपनी का दावा है कि फोन बाहरी स्क्रीन पर 44 घंटे तक वीडियो प्लेबैक दे सकता है. अंदर की स्क्रीन पर यह आंकड़ा 31 घंटे और दोनों स्क्रीन के बराबर इस्तेमाल पर 24 घंटे तक बताया गया है.कंपनी के मुताबिक, 60W के कम्पैटिबल चार्जर से फोन करीब 20 मिनट में 50% तक चार्ज हो सकता है.
दूसरी तरफ ग्लेक्सी Z Fold 8 में 4,800 mAh बैटरी दी गई है और सैमसंग 26 घंटे तक स्ट्रीमिंग का दावा करता है. हालांकि दोनों कंपनियों की बैटरी टेस्टिंग का तरीका अलग है, इसलिए इन आंकड़ों को सीधे-सीधे एक-दूसरे से तुलना करना सही नहीं होगा.
AI में Apple या Samsung?
AI के मोर्चे पर भी दोनों कंपनियां अपनी-अपनी ताकत दिखा रही हैं. iPhone Duo में एप्पल इंटेलिजेंस और Siri AI के जरिए स्क्रीन पर मौजूद चीजों को समझने, पर्सनल कॉन्टेक्स्ट के आधार पर काम करने और अलग-अलग ऐप्स के बीच एक्शन लेने जैसे फीचर्स मिलते हैं. फोल्डेबल स्क्रीन का फायदा उठाते हुए फोन में स्प्लिट व्यू View दिया गया है, जिससे दो ऐप्स को एक साथ चलाया जा सकता है. सैमसंग ग्लेक्सी Z Fold 8 में ग्लेक्सी AI मिलता है. इसमें नाउ नज जैसे फीचर्स हैं, जो स्क्रीन पर चल रही गतिविधि के आधार पर यूजर को संभावित एक्शन सुझा सकते हैं. इसके अलावा फोटो असिस्ट और My FanCam जैसे AI फीचर्स भी दिए गए हैं.
कीमत में सबसे बड़ा अंतर
भारत में iPhone Duo की शुरुआती कीमत 2,99,900 रुपये है. यह कीमत 256 GB मॉडल की है. वहीं सैमसंग ग्लेक्सी Z Fold 8 की शुरुआती कीमत 1,79,999 रुपये है और इसमें भी 256 GB स्टोरेज मिलती है.यानी शुरुआती कीमत के हिसाब से Galaxy Z Fold8, iPhone Duo से 1,19,901 रुपये सस्ता है.
iPhone Duo या Galaxy Z Fold8, कौन खरीदे?
एप्पल पहली बार फोल्डेबल फोन बाजार में आया है, लेकिन सैमसंग इस कैटेगरी में पहले से मजबूत स्थिति बना चुका है. iPhone Duo की सबसे बड़ी ताकत एप्पल का इकोसिस्टम, नया A20 Pro चिप, iOS का अनुभव और फोल्डेबल डिजाइन के लिए तैयार किए गए नए फीचर्स हैं. वहीं ग्लेक्सी Z Fold 8 का फायदा उसका हल्का वजन, फोल्डेबल फोन का ज्यादा पुराना अनुभव और सबसे बड़ी बात—काफी कम शुरुआती कीमत है. अगर आप एप्पल के इकोसिस्टम में हैं और पहली बार फोल्डेबल iPhone का अनुभव लेना चाहते हैं, तो iPhone Duo आकर्षक विकल्प हो सकता है. लेकिन अगर कीमत, हल्का वजन और फोल्डेबल फोन का परखा हुआ अनुभव ज्यादा महत्वपूर्ण है, तो Galaxy Z Fold 8 ज्यादा व्यावहारिक विकल्प नजर आता है. एप्पल ने फोल्डेबल बाजार में देर से एंट्री जरूर की है, लेकिन iPhone Duo के साथ कंपनी ने इस सेगमेंट में बड़ी चुनौती पेश कर दी है. अब असली सवाल यह है कि क्या एप्पल का फोल्डेबल फोन सेमसंग से करीब 1.2 लाख रुपये ज्यादा कीमत को सही साबित कर पाएगा?
ADVERTISEMENT

