Nvidia के सीईओ जेनसन हुआंग इन दिनों अपनी निजी जिंदगी और कंपनी से जुड़े विवादों को लेकर चर्चा में हैं. एक तरफ अमेरिकी एजेंसियां उनके कथित संबंधों और जासूसी के एंगल की जांच कर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ Nvidia के शेयरधारकों ने भी उनके खिलाफ मुकदमा दायर किया है. इस बीच एक सवाल भी उठने लगा है कि अगर जेनसन हुआंग का तलाक होता है, तो उनकी पत्नी लोरी हुआंग को कितनी संपत्ति मिल सकती है? कुछ अनुमानों के मुताबिक, यह रकम 7.28 लाख करोड़ रुपये तक हो सकती है.हालांकि, अभी जेनसन और लोरी हुआंग के तलाक की कोई खबर नहीं है. लोरी की ओर से भी इस बारे में कोई बयान सामने नहीं आया है. इसलिए 7.28 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा सिर्फ एक काल्पनिक अनुमान है, किसी संभावित तलाक समझौते की पुष्टि नहीं.
ADVERTISEMENT
जेनसन हुआंग ने पत्नी से बेवफाई स्वीकार की
यह पूरा मामला तब चर्चा में आया, जब 8 नवंबर को जेनसन हुआंग ने Nvidia के कर्मचारियों को एक संदेश भेजा. इसमें उन्होंने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार की और परिवार से माफी मांगी. उन्होंने कहा कि उनके काम से पत्नी और बच्चों को दुख पहुंचा है और इसके लिए उनके पास कोई बहाना नहीं है. हुआंग का ये संदेश ऐसे समय आया, जब उनके कथित संबंधों को लेकर पहले से ही खबरें सामने आ रही थीं. न्यूयॉर्क टाइम्स की 29 अक्टूबर की रिपोर्ट के मुताबिक, एलिस हुआंग नाम की एक चीनी महिला के चीन की खुफिया एजेंसी से कथित संबंधों की जांच की जा रही है. एलिस सिंगापुर की कंपनी Megaspeed की पूर्व अधिकारी बताई जाती हैं. रिपोर्टों में जेनसन हुआंग और एलिस के बीच करीबी रिश्ते का दावा भी किया गया है. हालांकि, एलिस पर जासूसी के आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं. चीन ने भी इन आरोपों को निराधार बताया है.
तलाक हुआ तो कितनी संपत्ति मिल सकती है?
जेनसन हुआंग और लोरी हुआंग की शादी 1985 में हुई थी. उस समय दोनों पढ़ाई कर रहे थे. शादी के करीब आठ साल बाद, 1993 में जेनसन हुआंग ने कैलिफोर्निया के सनीवेल में Nvidia की स्थापना की. आज Nvidia दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल है और हुआंग की संपत्ति का बड़ा हिस्सा कंपनी में उनकी हिस्सेदारी से जुड़ा है.यहीं कैलिफोर्निया का कानून इस पूरे मामले को दिलचस्प बनाता है. कैलिफोर्निया में कम्युनिटी प्रॉपर्टी का नियम लागू होता है. कैलिफोर्निया फैमिली कोड की धारा 760 के मुताबिक, शादी के दौरान अर्जित की गई संपत्ति को आमतौर पर पति-पत्नी की साझा संपत्ति माना जाता है. तलाक होने पर ऐसी संपत्ति का बंटवारा सामान्य तौर पर बराबर किया जाता है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि तलाक की स्थिति में जेनसन हुआंग की पूरी मौजूदा संपत्ति का आधा हिस्सा अपने आप लोरी को मिल जाएगा. संपत्ति कब और कैसे हासिल की गई, शेयरों की प्रकृति क्या है और दोनों के बीच कोई प्रीनप्शियल एग्रीमेंट यानी शादी से पहले का समझौता है या नहीं, इन सभी बातों का असर पड़ सकता है.
155 अरब डॉलर की संपत्ति का आधा कितना होगा?
फोर्ब्स के अनुमान के मुताबिक, जेनसन हुआंग की नेटवर्थ करीब 155 अरब डॉलर है. भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 14.56 लाख करोड़ रुपये बैठती है.अगर सिर्फ इस संपत्ति का आधा हिस्सा निकालें, तो यह करीब 77.5 अरब डॉलर यानी लगभग 7.28 लाख करोड़ रुपये होगा. इसी गणित के आधार पर चर्चा हो रही है कि अगर कभी तलाक की नौबत आती है और संपत्ति का बराबर बंटवारा होता है, तो यह दुनिया के सबसे बड़े तलाक समझौतों में शामिल हो सकता है.अब तक दुनिया के सबसे महंगे तलाक के मामलों में जेफ बेजोस और मैकेंज़ी स्कॉट का नाम सबसे ऊपर आता है. 2019 में तलाक समझौते के तहत मैकेंज़ी स्कॉट को करीब 38.3 अरब डॉलर के Amazon शेयर मिले थे. भारतीय मुद्रा में उस समय यह रकम लगभग 3.57 लाख करोड़ रुपये थी. जेनसन हुआंग की संपत्ति का आधा हिस्सा इस आंकड़े से दोगुने से भी ज्यादा बैठता है.
Nvidia के शेयर गिरने से हुआंग की दौलत घटी
निजी विवाद के बीच Nvidia के शेयरों में भी गिरावट देखने को मिली. सोमवार को कंपनी का शेयर करीब 4.25 फीसदी टूटकर बंद हुआ. जेनसन हुआंग के पास Nvidia की 3.5 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी है. वह कंपनी के सबसे बड़े व्यक्तिगत शेयरधारक हैं. ऐसे में शेयर की कीमत घटने का सीधा असर उनकी नेटवर्थ पर पड़ा.फोर्ब्स की अरबपतियों की सूची के मुताबिक, हुआंग की संपत्ति में करीब 7.4 अरब डॉलर यानी लगभग 63 हजार करोड़ रुपये की गिरावट आई. इसके बाद उनकी नेटवर्थ करीब 155 अरब डॉलर से घटकर 152 अरब डॉलर के आसपास पहुंच गई और वह अमीरों की सूची में आठवें स्थान से खिसककर दसवें स्थान पर आ गए.
Nvidia बोर्ड ने शुरू कराई स्वतंत्र जांच
जेनसन हुआंग की मुश्किलें सिर्फ निजी जिंदगी तक सीमित नहीं हैं. Nvidia के बोर्ड ने मामले की जांच के लिए स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति बनाई है. इस जांच में बाहरी कानूनी सलाहकारों की मदद ली जा रही है.कंपनी के बोर्ड का कहना है कि फिलहाल उसके पास यह मानने की कोई वजह नहीं है कि राष्ट्रीय सुरक्षा या Nvidia की गोपनीय जानकारी से समझौता हुआ है. दूसरी तरफ, शेयरधारकों की ओर से भी कंपनी और जेनसन हुआंग के खिलाफ मुकदमा दायर किया गया है.
दुनिया के सबसे महंगे तलाक का रिकॉर्ड टूटेगा?
फिलहाल जेनसन और लोरी हुआंग के तलाक की कोई पुष्टि नहीं है और न ही किसी संपत्ति समझौते की बात सामने आई है. 7.28 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा केवल इस आधार पर निकाला गया है कि अगर उनकी पूरी मौजूदा नेटवर्थ का आधा हिस्सा बांटा जाए, तो रकम कितनी होगी.असल में तलाक की स्थिति में संपत्ति का बंटवारा कई कानूनी और वित्तीय पहलुओं पर निर्भर करेगा. इसलिए अभी इसे संभावित तलाक की रकम कहना सही नहीं होगा. लेकिन जेनसन हुआंग की विशाल संपत्ति और कैलिफोर्निया के कम्युनिटी प्रॉपर्टी कानून के चलते यह सवाल जरूर चर्चा में आ गया है कि अगर ऐसा हुआ, तो क्या जेफ बेजोस के तलाक का रिकॉर्ड टूट सकता है?
ADVERTISEMENT

