सोचिए, एक ऐसा रिचार्ज जिसमें पूरे साल मोबाइल डेटा चलता रहे, TV पर 1,000 से ज्यादा चैनल देखने को मिलें, OTT का मजा मिले और साथ में AI का सब्सक्रिप्शन भी मिल जाए. Jio अपनी 10वीं सालगिरह के मौके पर ₹3,599 के सालाना प्लान के साथ कुछ ऐसे ही फायदे दे रहा है. लेकिन क्या वाकई यह ऑफर Airtel और Vi के मुकाबले सबसे बेहतर है? आइए समझते हैं.
ADVERTISEMENT
Jio के ₹3,599 प्लान में क्या मिलेगा?
Jio का यह प्लान 365 दिनों की वैलिडिटी के साथ आता है. इसमें रोज 2.5GB डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और हर दिन 100 SMS मिलते हैं.
इसके अलावा कंपनी ने इसमें 120GB बोनस डेटा भी जोड़ा है. यह बोनस डेटा 12 महीनों तक हर महीने 10GB के हिसाब से दिया जाएगा.
इस हिसाब से पूरे साल में मिलने वाला डेटा करीब 1,032.5GB तक पहुंच सकता है. वहीं, 5G फोन और Jio 5G कवरेज वाले इलाके में रहने वाले पात्र यूजर्स को अनलिमिटेड 5G का फायदा भी मिल सकता है.
लेकिन इस प्लान की खासियत सिर्फ डेटा नहीं है.
एक रिचार्ज में OTT से लेकर TV तक
Jio ने इस प्लान में मनोरंजन से जुड़े कई फायदे भी जोड़े हैं.
- JioHotstar Mobile + Hollywood का सब्सक्रिप्शन.
- 12 महीने के JioTV Pro वाउचर.
- JioTV के जरिए 1,000 से ज्यादा लाइव TV चैनल देखने का फायदा.
- JioAICloud पर 50GB स्टोरेज.
यानी कंपनी ने एक ही रिचार्ज में मोबाइल डेटा के साथ मनोरंजन और क्लाउड स्टोरेज को भी जोड़ दिया है.
सबसे बड़ा आकर्षण AI का सब्सक्रिप्शन
इस ऑफर में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला फायदा Google Gemini Pro का 18 महीने का सब्सक्रिप्शन है. इसके साथ 5TB क्लाउड स्टोरेज भी मिलती है.
यानी अगर कोई यूजर AI टूल्स का इस्तेमाल करता है, बड़ी फाइलें स्टोर करता है या OTT कंटेंट देखता है, तो एक ही सालाना रिचार्ज में कई अलग-अलग जरूरतें पूरी हो सकती हैं.
लेकिन अब असली सवाल है... क्या इसी कीमत पर Airtel और Vi के पास भी कुछ खास है?
Airtel का फोकस डेटा से ज्यादा काम की सुविधाओं पर
Airtel का ₹3,599 वाला प्लान भी 365 दिनों की वैलिडिटी के साथ आता है. हालांकि इसमें रोज 2GB डेटा मिलता है, यानी Jio के मुकाबले 500MB कम.
लेकिन Airtel कुछ अलग फायदे देता है.
- 12 महीने का Adobe Express Premium.
- Unlimited 5G.
- Airtel Safe के जरिए स्पैम कॉल और संदिग्ध लिंक से सुरक्षा जैसी सुविधाएं.
- Airtel Xstream Play और दूसरे मनोरंजन से जुड़े फायदे.
इसलिए कंटेंट बनाने, डिजाइनिंग करने या डिजिटल काम करने वाले यूजर्स के लिए Airtel का प्लान ज्यादा उपयोगी हो सकता है.
Vi ने डेटा इस्तेमाल करने का तरीका बदला
Vi का ₹3,599 वाला प्लान भी 365 दिनों के लिए है और रोज 2GB डेटा देता है. लेकिन इसकी खासियत डेटा की मात्रा से ज्यादा उसके इस्तेमाल के तरीके में है.
इसमें रात 12 बजे से दोपहर 12 बजे तक हाफ-डे अनलिमिटेड डेटा और सोमवार से शुक्रवार तक बचा डेटा वीकेंड पर इस्तेमाल करने की सुविधा मिलती है.
कौन सा प्लान आपके लिए बेहतर?
सीधी बात करें तो तीनों प्लान की कीमत भले ही ₹3,599 है, लेकिन तीनों का खेल अलग है.
Jio ज्यादा डेटा और OTT, TV, AI जैसे अतिरिक्त फायदे दे रहा है. Airtel का जोर प्रोडक्टिविटी और सुरक्षा पर है, जबकि Vi डेटा इस्तेमाल करने में ज्यादा लचीलापन देता है.
यानी अब टेलीकॉम की लड़ाई सिर्फ डेटा और कॉलिंग तक सीमित नहीं है. कंपनियां आपके मनोरंजन, काम, AI और डिजिटल स्टोरेज तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रही हैं.
₹3,599 अब सिर्फ एक रिचार्ज की कीमत नहीं है... यह तय करने की कीमत है कि आपकी डिजिटल जिंदगी किस कंपनी के साथ चलेगी.
ADVERTISEMENT

