Kotak Mahindra AMC ने निवेशकों के लिए Kotak Nifty Bank Index Fund लॉन्च किया है. ये एक ओपन-एंडेड इंडेक्स फंड है, जो Nifty Bank Index को ट्रैक करेगा. इस फंड का न्यू फंड ऑफर यानी NFO 3 अगस्त से खुल गया है और 17 अगस्त 2026 तक निवेश किया जा सकेगा. ये फंड उन निवेशकों के लिए है, जो देश के बैंकिंग सेक्टर में निवेश करना चाहते हैं, लेकिन अलग-अलग बैंक शेयर चुनने की परेशानी से बचना चाहते हैं.
ADVERTISEMENT
क्या है Nifty Bank Index?
Nifty Bank Index में देश के 14 बड़े और सबसे ज्यादा कारोबार वाले बैंकिंग शेयर शामिल हैं. इसमें निजी और सरकारी दोनों तरह के बैंक शामिल होते हैं. इस इंडेक्स की समीक्षा और रीबैलेंसिंग हर छह महीने में की जाती है, ताकि इसमें बैंकिंग सेक्टर की प्रमुख कंपनियां बनी रहें.
Kotak Mahindra AMC ने क्या कहा?
कोटक महिंद्रा AMC के मैनेजिंग डायरेक्टर निलेश शाह ने कहा कि बैंकिंग सेक्टर भारत की आर्थिक विकास यात्रा का अहम हिस्सा रहा है. उनका कहना है कि यह नया फंड निवेशकों को देश के प्रमुख बैंकिंग शेयरों में एक आसान, पारदर्शी और कम लागत वाले तरीके से निवेश का मौका देगा.वहीं, फंड मैनेजर सतीश डोंडापति ने कहा कि यह फंड उन निवेशकों के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है, जो बिना अलग-अलग शेयर चुने बैंकिंग सेक्टर की ग्रोथ का फायदा उठाना चाहते हैं.
कितने रुपये से कर सकते हैं निवेश?
- NFO अवधि: 3 अगस्त से 17 अगस्त 2026
- न्यूनतम निवेश: ₹1,000
- NFO के बाद: तय नियमों के अनुसार किसी भी राशि से निवेश किया जा सकेगा
- फंड निफ्टी बैंक इंडेक्स को ट्रैक करेगा
- इंडेक्स में 14 बैंकिंग शेयर शामिल हैं
कंपनी के अनुसार, Nifty Bank Total Return Index (TRI) ने शुरुआत से अब तक करीब 17.8% का CAGR दिया है. वहीं, इसी अवधि में Nifty 50 TRI का CAGR करीब 12.3% रहा है. हालांकि, कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि पिछला प्रदर्शन भविष्य में समान रिटर्न की गारंटी नहीं देता.
इंडेक्स में शेयर कैसे चुने जाते हैं?
कंपनी के मुताबिक, निफ्टी बैंक इंडेक्स में शेयर चुनने की प्रक्रिया साफ और नियम आधारित है. इसमें बैंकिंग सेक्टर की मान्य कंपनियों को कारोबार की नियमितता, लिस्टिंग का इतिहास, खरीद बिक्री की आसानी और फ्री फ्लोट बाजार पूंजीकरण के आधार पर देखा जाता है. कंपनी ने यह भी कहा कि डेरिवेटिव में मौजूद कंपनियों को तरजीह दी जाती है. आखिर में अंतिम चयन फ्री फ्लोट बाजार पूंजीकरण के आधार पर होता है.
निवेशकों के लिए क्या मायने?
अगर कोई निवेशक बैंकिंग सेक्टर में लंबी अवधि के लिए निवेश करना चाहता है और अलग-अलग बैंक शेयर चुनने के बजाय पूरे सेक्टर में एक साथ निवेश करना चाहता है, तो ये इंडेक्स फंड एक विकल्प हो सकता है. हालांकि, किसी भी म्यूचुअल फंड में निवेश करने से पहले उसकी जोखिम प्रोफाइल और निवेश उद्देश्य को समझना जरूरी है.
डिस्क्लेमर: ये खबर केवल जानकारी के मकसद से है. किसी भी म्यूचुअल फंड या निवेश योजना में निवेश करने से पहले स्कीम से जुड़े सभी दस्तावेज ध्यान से पढ़ें और अपने वित्तीय सलाहकार की सलाह जरूर लें। म्यूचुअल फंड निवेश बाजार जोखिमों के अधीन हैं. पिछले प्रदर्शन के आधार पर भविष्य के रिटर्न की गारंटी नहीं दी जा सकती.
ADVERTISEMENT

