अगर आप भी इंडेन, भारत गैस या एचपी के एलपीजी ग्राहक हैं तो ये खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. 1 जुलाई से रसोई गैस से जुड़े नियमों में कुछ बड़े बदलाव होने जा रहे हैं. अगर आपने वक्त रहते इन बातों पर ध्यान नहीं दिया तो आपको नया सिलेंडर बुक करने में भारी परेशानी हो सकती है और यहां तक कि आपका गैस कनेक्शन भी हमेशा के लिए काटा जा सकता है. हालांकि राहत की बात यह है कि ये नियम सभी कंज्यूमर्स पर लागू नहीं होंगे.
ADVERTISEMENT
पीएनजी वाले इलाकों में बंद होंगे एलपीजी कनेक्शन
केंद्र सरकार ने हाल ही में एलपीजी नियमों में एक बड़ा संशोधन किया है. इस नए आदेश के मुताबिक जिन लोगों के घरों में पहले से ही पाइपलाइन वाली गैस यानी पीएनजी (PNG) कनेक्शन लगा हुआ है, वे अब एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे. नए नियम के तहत ऐसे उपभोक्ताओं का एलपीजी कनेक्शन एक महीने के भीतर बंद कर दिया जाएगा.
मार्च महीने में ही सरकार ने साफ कर दिया था कि जिन इलाकों में पीएनजी की पाइपलाइन और बुनियादी ढांचा पूरी तरह तैयार है, वहां के एलपीजी यूजर्स को तीन महीने के भीतर पीएनजी सिस्टम पर शिफ्ट होना होगा. इस बदलाव की आखिरी समय सीमा जून के अंत में खत्म हो रही है. ऐसे में अगर आप पीएनजी वाले क्षेत्र में रहते हैं और अभी तक शिफ्ट नहीं हुए हैं तो तुरंत अपनी नजदीकी पीएनजी गैस कंपनी से संपर्क करें.
कनेक्शन छोड़ने पर मिलेगा खास कूपन
सरकार ने उन लोगों के लिए एक राहत भरा रास्ता भी निकाला है जो खुद आगे बढ़कर अपना एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करेंगे. स्वेच्छा से कनेक्शन छोड़ने वाले ग्राहकों को पूरी तरह नुकसान नहीं होगा. उन्हें विभाग की तरफ से एक विशेष कूपन दिया जाएगा. इस कूपन का फायदा ये होगा कि अगर भविष्य में उन्हें कभी दोबारा एलपीजी कनेक्शन की जरूरत पड़ती है, तो वे इसे दिखाकर अपने कनेक्शन को फिर से री-एक्टिवेट करा सकेंगे.
30 जून तक ई-केवाईसी कराना है बेहद जरूरी
नए पीएनजी नियम के अलावा एक और जरूरी काम है जो देश के सभी एलपीजी होल्डर्स को निपटाना है. सरकार ने सभी गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी (E-KYC) वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया है, जिसकी आखिरी तारीख 30 जून तय की गई है. अगर आप इस तारीख तक अपना वेरिफिकेशन पूरा नहीं करते हैं, तो आपका कनेक्शन ब्लॉक हो सकता है और आप अगले सिलेंडर की बुकिंग नहीं कर पाएंगे. जिन ग्राहकों का ई-केवाईसी पहले से ही पूरा है, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है.
कमर्शियल एलपीजी पर मिली पाबंदियों से राहत
एक तरफ जहां घरेलू ग्राहकों के लिए नियम सख्त हो रहे हैं, वहीं कमर्शियल एलपीजी इस्तेमाल करने वालों के लिए अच्छी खबर है. पश्चिम एशिया में जारी तनाव कम होने के बाद सरकार ने कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई पर लगी पाबंदियों को हटा लिया है. इस फैसले के बाद अब घरेलू गैस उपभोक्ताओं को भी उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सरकार नियमों में कुछ इसी तरह की ढील दे सकती है.
क्या कम होगा दोबारा बुकिंग (Refill) का समय?
मौजूदा नियमों के तहत ग्राहकों को एक सिलेंडर लेने के बाद अगली बुकिंग के लिए शहरों में 25 दिन और ग्रामीण इलाकों में 45 दिन का लंबा इंतजार करना पड़ता है. सरकार ने यह कड़ा कदम युद्ध के दौरान गैस की जमाखोरी रोकने और सभी तक बराबर सप्लाई पहुंचाने के लिए उठाया था. अब क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में हालात सामान्य हो चुके हैं, इसलिए ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि 1 जुलाई से दो सिलेंडरों के बीच का यह गैप कम किया जा सकता है. हालांकि, इस बात की अभी तक कोई आधिकारिक या औपचारिक घोषणा नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें: Flipkart GOAT Sale: आईफोन 17 पर आया अब तक का सबसे तगड़ा डिस्काउंट, सबसे सस्ते दाम में मिल रहा
ADVERTISEMENT


