गैस सब्सिडी बंद होने का डर दिखाकर हो रही साइबर ठगी, एक गलती से मिनटों में अकाउंट खाली, जानिए सेफ रहने का तरीका

22 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 22 2026 11:26 AM)

LPG सिलेंडर बुकिंग और गैस सब्सिडी के नाम पर साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं. ठग KYC अपडेट कराने का झांसा देकर WhatsApp और SMS पर फर्जी लिंक भेजते हैं. APK फाइल डाउनलोड कराने की कोशिश भी होती है. ICICI बैंक ने ग्राहकों को अलर्ट किया है. ठगी होने पर 1930 पर शिकायत करें.

LPG KYC
LPG KYC
Google CTA

LPG सिलेंडर बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी, एक क्लिक और खाली हो सकता है बैंक अकाउंट! ऐसे बिछाया जा रहा जाल

Read more!

घर में गैस सिलेंडर खत्म होने वाला है. आपने मोबाइल उठाया और ऑनलाइन सिलेंडर बुक कर लिया. कुछ देर बाद WhatsApp पर एक मैसेज आता है. लिखा होता है कि आपकी गैस सब्सिडी बंद होने वाली है. इसे जारी रखने के लिए KYC अपडेट करनी होगी. साथ में एक लिंक भी दिया होता है. अब आप सोचते हैं कि सिलेंडर की सब्सिडी बंद हो गई तो परेशानी होगी. इसलिए बिना ज्यादा सोचे लिंक पर क्लिक कर देते हैं. बस यहीं आप साइबर ठगों के जाल में फंस सकते हैं.

दरअसल, साइबर अपराधी अब लोगों को ठगने के लिए LPG गैस सिलेंडर का सहारा ले रहे हैं. कभी सब्सिडी बंद होने का डर दिखाया जाता है, तो कभी गैस कनेक्शन बंद होने की बात कहकर लोगों को परेशान किया जाता है. फिर KYC अपडेट कराने के नाम पर ऐसा लिंक भेजा जाता है, जिसके जरिए आपकी निजी और बैंकिंग जानकारी तक पहुंचने की कोशिश होती है.

इस तरह की बढ़ती ठगी को देखते हुए ICICI बैंक ने भी अपने ग्राहकों को अलर्ट किया है. बैंक ने लोगों को LPG बुकिंग, सब्सिडी और KYC के नाम पर आने वाले अनजान मैसेज से सावधान रहने की सलाह दी है.

आखिर LPG सिलेंडर के नाम पर कैसे हो रही है ठगी?

इस पूरे खेल को समझिए. साइबर ठग जानते हैं कि देश में करोड़ों घरों में LPG सिलेंडर इस्तेमाल होता है. लगभग हर परिवार को कभी न कभी सिलेंडर बुक करना पड़ता है. ऐसे में गैस सब्सिडी और KYC से जुड़ा मैसेज देखकर लोग आसानी से भरोसा कर सकते हैं. ठग इसी भरोसे का फायदा उठाते हैं.

कई बार आपके पास किसी अनजान नंबर से फोन आता है. सामने वाला खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताता है. वह कहता है कि आपके गैस कनेक्शन की KYC अधूरी है. अगर आपने जल्द इसे अपडेट नहीं कराया तो गैस सब्सिडी बंद हो सकती है या कनेक्शन में परेशानी आ सकती है. इसके बाद आपको WhatsApp या SMS पर एक लिंक भेजा जाता है. कहा जाता है कि इस पर क्लिक करके अपनी जानकारी भर दीजिए. कुछ मामलों में सब्सिडी दोबारा चालू कराने का झांसा भी दिया जाता है.

लोग जब इस लिंक पर क्लिक करते हैं तो उनसे निजी जानकारी मांगी जा सकती है. यही जानकारी आगे बैंकिंग फ्रॉड के लिए इस्तेमाल हो सकती है.

APK फाइल डाउनलोड कराई तो बढ़ सकती है मुश्किल

साइबर ठगों का तरीका सिर्फ फर्जी लिंक भेजने तक सीमित नहीं है. कुछ मामलों में लोगों को APK फाइल डाउनलोड करने के लिए भी कहा जाता है.

अब सवाल है कि APK फाइल में ऐसा क्या होता है?

दरअसल, APK एंड्रॉयड फोन में ऐप इंस्टॉल करने वाली फाइल होती है. ठग इसी के जरिए आपके मोबाइल में नुकसान पहुंचाने वाला सॉफ्टवेयर यानी मालवेयर इंस्टॉल कराने की कोशिश कर सकते हैं. ऐसा सॉफ्टवेयर आपके फोन की निजी जानकारी और बैंकिंग से जुड़ी डिटेल को खतरे में डाल सकता है. कुछ मामलों में ठग फोन की गतिविधियों पर नजर रखने या संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोशिश भी कर सकते हैं. इसलिए अगर कोई व्यक्ति गैस सब्सिडी या KYC के नाम पर WhatsApp से APK फाइल भेजता है, तो उसे डाउनलोड करने की गलती बिल्कुल न करें.

LPG ठगी से बचने के लिए इन 5 बातों का रखें ध्यान

1.  अगर LPG सिलेंडर बुकिंग, सब्सिडी या KYC अपडेट के नाम पर किसी अनजान नंबर से लिंक आता है तो उस पर क्लिक न करें. पहले उसकी सच्चाई जांचें.

2. कोई खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर APK फाइल भेजता है तो उसे इंस्टॉल न करें. अनजान स्रोत से ऐप डाउनलोड करना आपके फोन की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है.

3. गैस सब्सिडी शुरू कराने या KYC अपडेट करने के नाम पर कोई OTP, ATM PIN, CVV या बैंक खाते की जानकारी मांगता है तो उसे न बताएं. ऐसी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें.

4. अगर कोई व्यक्ति खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर फोन करता है तो सिर्फ उसकी बातों पर भरोसा न करें. संबंधित गैस एजेंसी या आधिकारिक माध्यम से जानकारी की पुष्टि करें.

5. ठग अक्सर लोगों को डराते हैं कि तुरंत KYC नहीं हुई तो सब्सिडी बंद हो जाएगी या गैस कनेक्शन रोक दिया जाएगा. ऐसी बात सुनकर घबराएं नहीं. पहले आधिकारिक माध्यम से इसकी पुष्टि करें.

अगर बैंक अकाउंट से पैसे निकल जाएं तो क्या करें?

मान लीजिए आपसे गलती हो गई और आपने किसी फर्जी लिंक पर क्लिक कर दिया. इसके बाद आपके बैंक खाते से पैसे कट गए. ऐसी स्थिति में घबराकर बैठने के बजाय तुरंत कार्रवाई करना जरूरी है.

सबसे पहले साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें. यहां ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. इसके अलावा भारत सरकार के साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime.gov.in पर जाकर भी शिकायत कर सकते हैं.

जितनी जल्दी शिकायत की जाएगी, उतनी जल्दी संबंधित एजेंसियों को लेनदेन पर कार्रवाई करने का मौका मिल सकता है. इसलिए फ्रॉड होने पर देर न करें. बैंक को भी तुरंत इसकी सूचना दें.