1st March Rule Change: आज से मार्च का महीना शुरू हो गया है और पहली तारीख के साथ ही देश में कई अहम बदलाव लागू हो गए हैं. ये बदलाव रसोई के बजट से लेकर आपके मोबाइल फोन के इस्तेमाल और बैंक के कामकाज तक से जुड़े हैं. अगर आप आज घर से बाहर निकल रहे हैं या कोई जरूरी काम प्लान कर रहे हैं, तो इन 5 बड़े बदलावों के बारे में जान लेना आपके लिए बेहद जरूरी है.
ADVERTISEMENT
1. कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ महंगा
ऑयल कंपनियों ने 1 मार्च से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. दिल्ली में 19 किलो वाला सिलेंडर अब 28 रुपये महंगा होकर 1768.50 रुपये का हो गया है. वहीं, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में इसकी कीमतों में 31 रुपये तक का इजाफा हुआ है. हालांकि, राहत की बात यह है कि घर में इस्तेमाल होने वाले 14 किलो के घरेलू सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
2. हवाई सफर की बढ़ी कीमतें
गैस के साथ-साथ हवाई ईंधन (ATF) के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं. तेल कंपनियों द्वारा एटीएफ की कीमतों में की गई इस बढ़ोतरी का सीधा असर फ्लाइट टिकटों पर पड़ सकता है. दिल्ली में अब एटीएफ की कीमत बढ़कर 96,638.14 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है.
3. रेलवे का नया 'RailOne' ऐप
भारतीय रेलवे आज से अपना पुराना UTS ऐप बंद कर सकता है. इसकी जगह अब यात्रियों को टिकट बुकिंग के लिए 'RailOne' नाम के नए ऐप का इस्तेमाल करना होगा.
4. सिम-बाइंडिंग नियम और मैसेजिंग ऐप्स
आज से मोबाइल यूजर्स के लिए सिम-बाइंडिंग नियम भी लागू हो सकता है. दूरसंचार विभाग (DoT) के निर्देशानुसार, WhatsApp और Telegram जैसे ऐप्स के लिए अकाउंट को एक्टिव सिम से जोड़ना जरूरी होगा. यानी जिस नंबर से आपका अकाउंट बना है, वह सिम उसी फोन में होना अनिवार्य होगा, वरना ऐप का इस्तेमाल बंद या सीमित हो सकता है.
5. मार्च में बैंकों की लंबी छुट्टियां
मार्च का महीना त्योहारों से भरा है. होली, ईद, गुढ़ी पड़वा और राम नवमी जैसे मौकों पर इस महीने कुल 18 दिन बैंकों में कामकाज नहीं होगा. इसमें शनिवार और रविवार की छुट्टियां भी शामिल हैं. इसलिए बैंक जाने से पहले छुट्टियों की लिस्ट जरूर चेक कर लें.
ADVERTISEMENT

