Maruti Car price hike: मारुति सुजुकी ने सभी कारों पर बढ़ाए दाम, जून 2026 से हो जाएंगी महंगी

मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) की कारें जून 2026 से हजारों रुपए तक महंगी होने जा रही हैं. कंपनी सेक्रेटरी संजीव ग्रोवर ने पत्र जारी कर इनपुट लागत और महंगाई को इसकी वजह बताया है.

NewsTak
मारुति सुजुकी ने बढ़ाए कारों पर दाम. प्रतीकात्मक तस्वीर: AI

बृजेश उपाध्याय

follow google news

अगर आप अगले महीने मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) की नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपकी जेब पर बोझ बढ़ने वाला है. देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने जून 2026 से अपनी सभी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी करने का आधिकारिक एलान कर दिया है. कंपनी के एग्जिक्यूटिव अफसर और कंपनी सेक्रेटरी संजीव ग्रोवर द्वारा जारी किए गए एक आधिकारिक पत्र के अनुसार, कारों की कीमतों में 30,000 रुपये तक का इजाफा किया जा रहा है. 

Read more!

क्यों बढ़ रहे हैं कारों के दाम? 

कंपनी द्वारा जारी लेटर में इस मूल्य वृद्धि के पीछे मुख्य वजह इनपुट लागतों (कच्चे माल की कीमतों) में लगातार हो रही वृद्धि और महंगाई को बताया गया है. संजीव ग्रोवर ने पत्र में लिखा है:

"इनपुट लागतों में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए, कंपनी ने जून 2026 से अपने सभी मॉडलों की कीमतों में 30,000/- रुपये तक की वृद्धि करने का निर्णय लिया है.''

कंपनी ने महंगाई का दबाव कम करने की कोशिश की 

मारुति सुजुकी के मुताबिक, वे पिछले कई महीनों से ग्राहकों पर सीधे बोझ डालने से बच रहे थे. कंपनी आंतरिक स्तर पर लागत में कमी लाने के उपायों (Cost-cutting measures) के माध्यम से इस बढ़ते वित्तीय प्रभाव को रोकने की कोशिश कर रही थी. कंपनी ने आगे स्पष्ट किया, "अब जब मुद्रास्फीति (महंगाई) का दबाव काफी बढ़ गया है और लागत संबंधी प्रतिकूल परिस्थितियां लगातार बनी हुई हैं, तो कंपनी को विवश होकर बढ़ी हुई इनपुट कॉस्ट का एक हिस्सा बाजार (ग्राहकों) पर डालना पड़ रहा है." हालांकि, कंपनी ने यह भी भरोसा दिलाया है कि ग्राहकों पर इसका प्रभाव यथासंभव न्यूनतम (Minimum) रखने का पूरा प्रयास किया गया है. 

सभी मॉडल पर बढ़ेंगे 30,000 रुपए ?  

मारुति सुजुकी ने साफ किया है कि सभी कारों पर एक समान बढ़ोतरी नहीं होगी. मूल्य परिवर्तन की सटीक मात्रा (Exact Amount) हर मॉडल और वेरिएंट के अनुसार अलग-अलग तय की जाएगी. कयास लगाए जा रहे हैं कि कंपनी की एंट्री-लेवल कारों (जैसे ऑल्टो, एस-प्रेसो) पर कम और प्रीमियम मॉडलों (जैसे ग्रैंड विटारा, इनविक्टो, ब्रेज़ा) पर अधिकतम 30,000 रुपए तक की बढ़ोतरी देखी जा सकती है. 

अब क्या करें?  

यदि आप जून में कार खरीदने की सोच रहे हैं तो मई में ही बुकिंग कर लें या कार का पूरा पेमेंट कर दें ताकि जून से बढ़े हुए दामों का बोझ आपपर न पड़ सके. ये एक स्मार्ट फैसला हो सकता है. ध्यान देने वाली बात है कि बस बुकिंग भर से मई वाले रेट पर जून में कार मिल जाएगी ऐसा नहीं है. कई डीलर मानते हैं कि भले ही आपने पहले कार की बुकिंग की हो पर फाइनल पेमेंट के वक्त यदि कार का दाम बढ़ जाएगा तो बढ़े हुए रेट के हिसाब से डील होगी. ऐसे मामलों में बचने के लिए पूरा पेमेंट करना ही समझदारी भरा फैसला होता है. 

BIZ DEAL: मई में कार खरीदने का गोल्डन मौका… Maruti Suzuki-Hyundai समेत कंपनियों की बंपर छूट, देखें बेस्ट डील
 

    follow google news