BIZ DEAL: कार खरीदने का गोल्डन मौका… मारुति-स्कोडा दे रहीं भारी छूट, जानिए कौन सी कार पर कितना फायदा

BIZ DEAL: अगर आप नई कार खरीदने का मन बना रहे हैं तो अप्रैल 2026 आपके लिए खुशियों की सौगात लेकर आया है जहां मारुति सुजुकी की बजट कारों से लेकर स्कोडा की प्रीमियम एसयूवी तक पर लाखों की बचत करने का शानदार मौका मिल रहा है जानिए पूरी डील्स.

Car Discount Offers April 2026
Car Discount Offers April 2026

तनीषा त्यागी

follow google news

अगर आप नई कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो यह मौका आपके लिए किसी गोल्डन डील से कम नहीं है. अप्रैल 2026 में कार बाजार में जबरदस्त हलचल देखी जा रही है. एक तरफ मारुति सुजुकी अपनी पॉपुलर कारों पर तगड़े डिस्काउंट दे रही है तो दूसरी तरफ स्कोडा ने भी बंपर ऑफर्स के साथ ग्राहकों को लुभाना शुरू कर दिया है. यह समय कार खरीदने वालों के लिए इसलिए भी परफेक्ट है क्योंकि जो कारें कल तक महंगी लग रही थीं उन पर अब लाखों रुपये तक की बचत हो रही है.

Read more!

मारुति सुजुकी की छोटी कारों पर बड़ा फायदा

देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी अपनी एरिना डीलरशिप के जरिए इस महीने ग्राहकों को 45,000 रुपये तक का कुल फायदा दे रही है. इसमें कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस और कॉर्पोरेट ऑफर्स शामिल हैं. पहली बार कार खरीदने वालों की पसंद कही जाने वाली ऑल्टो के10 पर 37,500 रुपये तक की छूट मिल रही है. इसके साथ ही एस-प्रेसो, वैगनआर और सेलेरियो जैसे मॉडल्स पर भी ग्राहक 37,500 रुपये तक की बचत कर सकते हैं.

स्विफ्ट और ब्रेजा पर भी मिल रहे हैं शानदार ऑफर्स

स्पोर्टी लुक पसंद करने वालों के लिए मारुति स्विफ्ट के ऑटोमैटिक वेरिएंट पर 45,000 रुपये और मैनुअल वेरिएंट पर 40,000 रुपये तक का फायदा दिया जा रहा है. वहीं एसयूवी सेगमेंट की बात करें तो मारुति ब्रेजा पर भी 45,000 रुपये तक की छूट उपलब्ध है. ईको पर भी कंपनी 37,500 रुपये का डिस्काउंट दे रही है. हालांकि ध्यान देने वाली बात यह है कि डिजायर और अर्टिगा जैसी टॉप सेलिंग कारों पर फिलहाल कोई खास ऑफर नहीं है.

स्कोडा की प्रीमियम कारों पर साढ़े तीन लाख की भारी बचत

स्कोडा ऑटो ने इस महीने अपने ऑफर्स से बाजार में तहलका मचा दिया है. कंपनी 45,000 रुपये से लेकर 3.5 लाख रुपये तक की भारी बचत का मौका दे रही है. स्कोडा कायलाक पर 45,000 रुपये और स्लाविया पर 75,000 रुपये तक की छूट मिल रही है. अगर आप स्लाविया का पुराना यानी 2025 मॉडल चुनते हैं तो यह फायदा 1.05 लाख रुपये तक पहुंच जाता है.

एसयूवी सेगमेंट में स्कोडा का जबरदस्त धमाका

स्कोडा कुशाक पर इस महीने कुल 1.05 लाख रुपये तक की बचत की जा सकती है. सबसे बड़ा डिस्काउंट प्रीमियम एसयूवी स्कोडा कोडियाक पर मिल रहा है. इस पर सीधे 1.5 लाख रुपये की छूट है लेकिन अगर आप 2024 या 2025 का पुराना स्टॉक खरीदते हैं तो आप 3.5 लाख रुपये तक बचा सकते हैं. कंपनियों का मकसद अपना स्टॉक क्लियर करना है इसलिए यह ऑफर्स 30 अप्रैल 2026 तक ही मान्य हैं.

क्या आपको अभी खरीदनी चाहिए कार

जानकारों की मानें तो कार खरीदने का यह बिल्कुल सही समय है क्योंकि कंपनियां भारी डिस्काउंट के जरिए ग्राहकों को फायदा पहुंचा रही हैं. हालांकि ऑफर की राशि शहर और डीलरशिप के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है. इसलिए अपनी पसंद का मॉडल चुनने से पहले ऑफर्स को अच्छी तरह समझ लें और अपने बजट के हिसाब से बेस्ट डील फाइनल करें.

    follow google news