Mutual Funds: जून में 26% बढ़ा निवेश, मिडकैप फंड्स बने निवेशकों की पहली पसंद

संदीप शर्मा

10 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 10 2026 3:43 PM)

जून 2026 में इक्विटी म्यूचुअल फंड में 26 प्रतिशत ज्यादा निवेश आया. मिडकैप सबसे आगे रहा, जबकि डेट फंड से निकासी जारी रही और हाइब्रिड व ईटीएफ में भी तेजी दिखी.

NewsTak
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

सेक्टोरल और थीमैटिक फंड में निवेश एक महीने में 127% बढ़ा

ELSS फंड से 633 करोड़ रुपये निकले, डिविडेंड यील्ड फंड्स से 49 करोड़ निकले

डेट फंड से दूसरे महीने निकासी रही, लिक्विड फंड से सबसे ज्यादा

जून 2026 में म्यूचुअल फंड्स में निवेशकों का भरोसा फिर मजबूत होता दिखा. एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, जून में इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में 28,973 करोड़ रुपये का निवेश आया. मई में यह आंकड़ा 22,907 करोड़ रुपये था। यानी एक महीने में निवेश करीब 26% बढ़ गया.

Read more!

इन फंड्स में सबसे ज्यादा निवेश

जून में सबसे ज्यादा पैसा मिडकैप फंड्स में आया, जहां 6,090 करोड़ रुपये का निवेश हुआ. इसके बाद स्मॉलकैप फंड्स में 5,602 करोड़ रुपये और फ्लेक्सीकैप फंड्स में 5,231 करोड़ रुपये का निवेश दर्ज किया गया. वहीं सेक्टोरल और थीमैटिक फंड्स में निवेश एक महीने में 127% बढ़कर 1,469 करोड़ रुपये पहुंच गया.

Bajaj Broking के Fundamental Analyst Shashwat Singh का कहना है कि जून के AMFI के आंकड़े निवेशकों के भरोसे में मजबूत वापसी का संकेत देते हैं. उनके मुताबिक, मई के मुकाबले जून में इक्विटी फंड्स में निवेश में अच्छी बढ़ोतरी हुई है. खासकर मिडकैप, फ्लेक्सीकैप और थीमैटिक फंड्स में बढ़ता निवेश यह दिखाता है कि निवेशक फिर से ग्रोथ वाले विकल्पों की ओर लौट रहे हैं. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि डेट फंड्स से लगातार निकासी यह बताती है कि निवेशक अभी भी नकदी और ब्याज दरों को लेकर सतर्क हैं.

किन कैटेगरी से निकला पैसा?

सभी कैटेगरी में तेजी नहीं रही ELSS फंड्स से 633 करोड़ रुपये और डिविडेंड यील्ड फंड्स से 49 करोड़ रुपये की निकासी दर्ज की गई. वहीं स्मॉलकैप फंड्स में निवेश जारी रहा, लेकिन मई के मुकाबले इसमें कुछ कमी देखने को मिली.

डेट फंड्स से लगातार निकासी

डेट म्यूचुअल फंड्स से लगातार दूसरे महीने पैसा निकला. जून में निवेशकों ने 1.09 लाख करोड़ रुपये निकाले, जबकि मई में यह आंकड़ा 96,949 करोड़ रुपये था. सबसे ज्यादा निकासी लिक्विड फंड्स से हुई, जहां से 42,293 करोड़ रुपये निकाले गए.

हाइब्रिड और ETF फंड्स में भी बढ़ी दिलचस्पी

हाइब्रिड फंड्स में जून के दौरान 12,892 करोड़ रुपये का निवेश आया, जो मई के मुकाबले 22% ज्यादा है. वहीं ETF और दूसरे पैसिव फंड्स में 16,724 करोड़ रुपये का निवेश दर्ज किया गया. इसमें सबसे ज्यादा पैसा Other ETFs और Gold ETFs में आया.

AUM भी नए स्तर पर पहुंचा

जून में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) बढ़कर 82.05 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो मई में 81.38 लाख करोड़ रुपये था। इसी दौरान सात नए म्यूचुअल फंड लॉन्च हुए, जिन्होंने कुल 460 करोड़ रुपये जुटाए.