Car Discounts April 2026: नई SUV खरीदने वालों के लिए अप्रैल 2026 का महीना खुशियों की सौगात लेकर आया है. ऑटोमोबाइल कंपनियां अपने ग्राहकों को लुभाने के लिए कारों पर भारी डिस्काउंट और ऑफर्स की झड़ी लगाई हैं. इस महीने SUV और MPV सेगमेंट की चुनिंदा गाड़ियों पर आप लाखों रुपये की सीधी बचत कर सकते हैं. दरअसल, मारुति से लेकर एमजी तक कई बड़े ब्रांड्स ने अपने मॉडल्स पर बड़े फायदों का ऐलान किया है. क्या है ये ऑफर्स, आपको कैसे मिलेगा इसका लाभ? जानें इस खबर में...
ADVERTISEMENT
मारुति इनविक्टो पर दो लाख की बचत
मारुति की सबसे प्रीमियम और आलीशान गाड़ी इनविक्टो पर इस महीने पूरे 2 लाख रुपये तक का महा डिस्काउंट मिल रहा है. इसमें 50 हजार रुपये का कैश डिस्काउंट 1 लाख रुपये का एक्सचेंज बोनस और बाकी अपग्रेड बोनस शामिल है. इस लग्जरी गाड़ी की एक्स शोरूम कीमत करीब 25 लाख रुपये से शुरू होती है जो अब इन ऑफर्स के बाद ग्राहकों के लिए काफी किफायती साबित हो सकती है.
ग्रैंड विटारा पर रोड टैक्स की छूट
अगर आप पर्यावरण के प्रति जागरूक हैं और अच्छा माइलेज चाहते हैं तो मारुति ग्रैंड विटारा का स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड मॉडल एक बेहतरीन विकल्प है. इस मॉडल पर रोड टैक्स को सीधा जीरो कर दिया गया है जिससे ग्राहकों को करीब 1 लाख 85 हजार रुपये की सीधी बचत होगी. इसके साथ ही कंपनी 5 साल की वारंटी भी फ्री दे रही है. वहीं इसके स्मार्ट हाइब्रिड वर्जन पर कैश और एक्सचेंज मिलाकर 75 हजार रुपये तक बचाए जा सकते हैं.
जिम्नी और एक्सएल 6 पर ऑफर्स
ऑफ रोडिंग का शौक रखने वालों के लिए मारुति जिम्नी पर इस महीने 50 हजार रुपये का सीधा कैश बैक दिया जा रहा है. हालांकि इस कार पर इसके अलावा कोई दूसरा ऑफर उपलब्ध नहीं है. अगर आप 6 सीटर फैमिली कार तलाश रहे हैं तो मारुति एक्सएल 6 पर 25 हजार रुपये का कैश डिस्काउंट और 20 हजार रुपये का एक्सचेंज बोनस मिल रहा है जिससे कुल बचत 45 हजार रुपये तक हो जाती है.
हुंडई क्रेटा और एमजी ग्लॉस्टर का धमाका
हुंडई की सबसे लोकप्रिय SUV क्रेटा पर करीब 55 हजार रुपये का फायदा मिल रहा है. जो लोग भविष्य की तकनीक यानी क्रेटा इलेक्ट्रिक खरीदना चाहते हैं उनके लिए 1 लाख रुपये का बड़ा बेनिफिट दिया जा रहा है. वहीं इस महीने का सबसे बड़ा ऑफर एमजी की ओर से आया है. एमजी अपनी बड़ी SUV ग्लॉस्टर पर पूरे 3.5 लाख रुपये तक का डिस्काउंट दे रही है जो किसी भी खरीदार के लिए एक बड़ी डील साबित हो सकती है.
महिंद्रा की कारों पर नहीं है कोई छूट
SUV सेगमेंट में दबदबा रखने वाली कंपनी महिंद्रा के प्रेमियों के लिए खबर थोड़ी अलग है. भारी डिमांड और महीनों की वेटिंग होने के कारण कंपनी ने अपनी गाड़ियों की कीमतें बढ़ा दी हैं. फिलहाल महिंद्रा की कारों पर डिस्काउंट के नाम पर सन्नाटा पसरा हुआ है. ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि कोई भी फैसला लेने से पहले अपने नजदीकी डीलर से संपर्क जरूर करें क्योंकि क्षेत्रीय स्तर पर ऑफर्स में बदलाव हो सकता है. अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से ही सही कार का चुनाव करें.
ADVERTISEMENT


