Share Bazaar Update : शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, निफ्टी 24,000 के नीचे फिसला; बैंक, IT और फार्मा शेयरों में बिकवाली

रजत देवगन

22 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 22 2026 8:03 PM)

कमजोर वैश्विक संकेत, महंगे कच्चे तेल और ट्रंप के बयानों से बाजार टूटा. निफ्टी 24,000 के नीचे बंद हुआ, सेंसेक्स 715 अंक गिरा. आगे के अहम स्तर जानें.

शेयर बाजार में आई भारी गिरावट
शेयर बाजार में आई भारी गिरावट
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

कमजोर वैश्विक संकेतों ने दिनभर निवेशकों का भरोसा दबाव में रखा

सेंसेक्स 715 अंक गिरा और निफ्टी 24,000 के नीचे बंद

फाइनेंशियल, आईटी और फार्मा शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली दिखी

भारतीय शेयर बाजार में आज जोरदार बिकवाली हुई. कमजोर वैश्विक संकेत, कच्चे तेल की बढ़ती कीमत और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों से निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ा. इसका असर यह रहा कि निफ्टी 24,000 के नीचे बंद हुआ और सेंसेक्स 700 अंक से ज्यादा गिर गया.

Read more!

आज की गिरावट पिछले 10 कारोबारी दिनों में सबसे बड़ी रही. बाजार में सबसे ज्यादा दबाव फाइनेंशियल, आईटी और फार्मा शेयरों पर दिखा, जबकि कुछ चुनिंदा एफएमसीजी और ऑटो शेयरों में खरीदारी बनी रही.

आज बाजार का हाल

• सेंसेक्स 76,755 पर बंद हुआ और 715 अंक यानी 0.92% गिरा. • निफ्टी 50 23,996 पर बंद हुआ और 191 अंक यानी 0.79% टूटा. • निफ्टी बैंक 57,126 पर बंद हुआ और 708 अंक यानी 1.23% गिरा.

किन शेयरों में तेजी और गिरावट रही

निफ्टी में खरीदारी कुछ चुनिंदा एफएमसीजी और ऑटो शेयरों में दिखी. सबसे ज्यादा बढ़ने वाले शेयरों में बजाज ऑटो 5.92%, नेस्ले इंडिया 3.31%, टाटा कंज्यूमर 1.43%, इटरनल 1.01% और पावर ग्रिड 0.80% चढ़े.

वहीं सबसे ज्यादा दबाव इंडिगो 3.58%, डॉ. रेड्डीज 2.16%, जियो फाइनेंशियल 2.14%, इंफोसिस 2.00% और एक्सिस बैंक 1.96% पर रहा.

एफएंडओ और मिडकैप में क्या हुआ

एफएंडओ में सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयरों में बजाज ऑटो 5.5%, नेस्ले 3.2%, टीवीएस मोटर 3%, कल्याण ज्वेलर्स 2.7% और पॉलीकैब 2.1% शामिल रहे.

एफएंडओ में सबसे ज्यादा टूटने वाले शेयरों में बंधन बैंक 16.5%, ओएफएसएस 7.4%, पीजी इलेक्ट्रोप्लास्ट 5.4%, एमफैसिस 4.7% और अडानी ग्रीन 4.7% गिरे.

मिडकैप शेयरों में भी तेज उतार-चढ़ाव दिखा. सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयरों में डाटा पैटर्न्स 12.6%, साइएंट डीएलएम 12%, एमएंडएम फाइनेंस 7.9%, ब्लूस्टोन 6.7% और क्रिसिल 4.5% रहे.

मिडकैप में सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में मेडप्लस 12.6%, टिप्स म्यूजिक 12.1%, मार्कसंस फार्मा 7.4%, सीएसबी बैंक 6.8% और इंडिया शेल्टर 5.3% गिरे.

सेक्टरवार बाजार की तस्वीर

मीडिया शेयरों में बिकवाली रही. टिप्स म्यूजिक 12.1%, सारेगामा 5.4%, नेटवर्क18 2.7%, जीईईएल 1.8% और नजारा टेक 1.6% गिरे.

रियल्टी शेयर दबाव में रहे. ब्रिगेड एंटरप्राइजेज 4.2%, गोदरेज प्रॉपर्टीज 4%, लोढ़ा 3.1%, डीएलएफ 3.1% और एबीआरईएल 2.8% टूटे.

पीएसयू बैंक शेयरों में भी गिरावट रही. इंडियन बैंक 3%, बैंक ऑफ महाराष्ट्र 3%, यूनियन बैंक 2.9%, सेंट्रल बैंक 2.3% और बैंक ऑफ इंडिया 2% गिरे.

निजी बैंकों में बंधन बैंक 16.6% टूटकर सबसे ज्यादा दबाव में रहा. इसके अलावा आरबीएल बैंक 2.8%, एक्सिस बैंक 1.9%, आईसीआईसीआई बैंक 1.6% और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक 1.3% गिरे.

आईटी शेयरों में कमजोरी रही. ओएफएसएस 7.3%, एमफैसिस 4.4%, पर्सिस्टेंट 2.6%, इंफोसिस 2% और एलटीआईमाइंडट्री 1.8% टूटे.

फार्मा शेयरों पर भी दबाव रहा. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों के बाद इस सेक्टर में तेज बिकवाली दिखी. ल्यूपिन 4.3%, पीपीएल फार्मा 4.2%, अजंता फार्मा 3.2%, ऑरोबिंदो फार्मा 2.9% और साई लाइफ साइंसेज 2.7% गिरे.

दूसरी तरफ एफएमसीजी शेयरों में खरीदारी रही. इमामी 3.7%, नेस्ले 3.3%, गोदरेज कंज्यूमर 1.5%, रैडिको 1.5% और टाटा कंज्यूमर 1.4% चढ़े.

पेपर शेयरों में अच्छी तेजी रही. इमामी पेपर 20%, वेस्ट कोस्ट पेपर 5.6%, पुडुमजी पेपर 3.6%, जेके पेपर 3.5% और सेशासायी पेपर 1.4% चढ़े.

मार्केट एक्सपर्ट की राय : अभी बाजार में सावधानी जरूरी

कोटक सिक्योरिटीज के हेड ऑफ इक्विटी रिसर्च श्रीकांत चौहान के मुताबिक, आज शेयर बाजार में जोरदार गिरावट देखने को मिली।

निफ्टी 191 अंक टूटकर बंद हुआ, जबकि सेंसेक्स 715 अंक लुढ़क गया। सबसे ज्यादा कमजोरी रियल्टी और मीडिया सेक्टर में रही, जहां 2.5% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, कमजोर बाजार के बावजूद FMCG और ऑटो सेक्टर के कुछ शेयरों में खरीदारी देखने को मिली।

तकनीकी नजरिए से देखें तो निफ्टी अब अपनी 20 दिन की सिंपल मूविंग एवरेज (SMA) यानी 24,100 के नीचे आ गया है। सेंसेक्स भी 77,000 के अहम स्तर से नीचे फिसल गया है। इस स्तर के टूटते ही बाजार में बिकवाली और बढ़ गई। चार्ट पर लंबी लाल (Bearish) कैंडल बनी है, जो आने वाले दिनों में भी कमजोरी का संकेत दे रही है।

अब आगे क्या?

श्रीकांत चौहान का कहना है कि जब तक निफ्टी 24,100 और सेंसेक्स 77,000 के नीचे रहेंगे, तब तक बाजार में दबाव बना रह सकता है।

ऐसी स्थिति में निफ्टी 23,850 तक और सेंसेक्स 76,000 तक फिसल सकता है। अगर बिकवाली और बढ़ती है, तो निफ्टी 23,750–23,700 और सेंसेक्स 75,700–75,500 तक भी जा सकता है।

तेजी कब लौट सकती है?

अगर निफ्टी फिर से 24,100 के ऊपर और सेंसेक्स 77,000 के ऊपर निकलने में सफल रहता है, तो बाजार में सुधार देखने को मिल सकता है।

उस स्थिति में निफ्टी 24,200–24,250 और सेंसेक्स 77,300–77,500 तक उछल सकता है।

बाजार क्यों टूटा

बाजार पर एक साथ कई नकारात्मक वजहों का असर दिखा. पिछले 10 कारोबारी दिनों की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज हुई. फाइनेंशियल, आईटी और फार्मा सेक्टर में भारी बिकवाली हुई. रुपया 34 पैसे कमजोर होकर 96.59 प्रति डॉलर पर बंद हुआ. डोनाल्ड ट्रंप के बयानों से निवेशकों की चिंता बढ़ी. ब्रेंट कच्चा तेल 94 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया. जुलाई में अब तक कच्चा तेल करीब 29% चढ़ चुका है.

आगे किन स्तरों पर नजर रहेगी

तकनीकी नजरिए से निफ्टी अब 20 दिन के औसत स्तर 24,083 के नीचे बंद हुआ है. इसे कमजोरी का संकेत माना जा रहा है.

• निफ्टी के लिए नीचे का अहम दायरा 23,850 से 23,800 है. • ऊपर की तरफ 24,080 से 24,150 का दायरा बड़ी रुकावट माना जा रहा है.

फिलहाल बाजार पर दबाव बना हुआ है. जब तक निफ्टी 24,080 से 24,150 के ऊपर मजबूती से नहीं निकलता, तब तक उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है. वहीं 23,850 के नीचे फिसलने पर बिकवाली और बढ़ सकती है. ऐसे में निवेशकों के लिए सबसे अहम बात यही है कि वे जल्दबाजी में बड़े फैसले लेने के बजाय बाजार की दिशा और बड़े आर्थिक संकेतों पर नजर बनाए रखें.