होमवर्क के बहाने प्यार, 30 की उम्र में CEO बनने का वादा...ऐसी है Nvidia के जेन्सन हुआंग की लव स्टोरी

संदीप शर्मा

• 07:27 PM • 10 Nov 2026

Nvidia के CEO जेन्सन हुआंग और उनकी पत्नी लोरी मिल्स की प्रेम कहानी बेहद दिलचस्प है. कॉलेज में होमवर्क के बहाने शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली. जानिए कैसे 30 साल की उम्र में CEO बनने का वादा करके जेन्सन ने लोरी का दिल जीता और फिर Nvidia की स्थापना की.

NewsTak
Google CTA
▌

न्यूज़ हाइलाइट्स

कॉलेज में होमवर्क के बहाने शुरू हुई मोहब्बत

लोरी को इंप्रेस करने के लिए CEO बनने का वादा

1985 में जेन्सन और लोरी ने की शादी

कहते हैं प्यार में लोग चांद-तारे तोड़कर लाने का वादा करते हैं, लेकिन Nvidia के CEO जेन्सन हुआंग ने अपनी होने वाली पत्नी से एक ऐसा वादा किया, जिसने उनकी जिंदगी की दिशा ही बदल दी. उन्होंने कहा था कि वह 30 साल की उम्र से पहले CEO बनकर दिखाएंगे. दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने यह वादा पूरा भी किया. ये कहानी अमेरिका की Oregon State University से शुरू होती है. 1980 के दशक की शुरुआत में जेन्सन हुआंग महज 17 साल के थे और लोरी मिल्स 19 साल की. दोनों एक ही यूनिवर्सिटी में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे. किस्मत ने दोनों को एक लैब में पार्टनर भी बना दिया.

Read more!

होमवर्क बना प्यार का बहाना

जेन्सन को लोरी पसंद थीं, लेकिन उन्हें करीब आने का मौका चाहिए था. उन्होंने इसका भी रास्ता निकाल लिया. जेन्सन ने लोरी से पूछा कि क्या वह उनका होमवर्क देखना चाहेंगी. इसके बाद उन्होंने हर रविवार साथ पढ़ाई करने का प्रस्ताव रखा. लोरी इसके लिए तैयार हो गईं. फिर क्या था, पढ़ाई के बहाने दोनों की मुलाकातें बढ़ने लगीं. जेन्सन अपना होमवर्क पहले ही पूरा कर लेते थे, ताकि लोरी को समझाने के नाम पर उनके साथ ज्यादा वक्त बिता सकें. धीरे-धीरे रविवार की ये स्टडी क्लास डेट में बदल गईं और दोस्ती प्यार में.

प्यार के लिए किया CEO बनने का वादा

रिश्ता आगे बढ़ा तो जेन्सन ने लोरी से एक बड़ा वादा किया. उन्होंने कहा कि वह 30 साल की उम्र से पहले CEO बनेंगे. बताया जाता है कि इस वादे के पीछे एक मकसद लोरी को शादी के लिए मनाना भी था. 1985 में दोनों ने शादी कर ली. जेन्सन ने अपना वादा भी निभाया. साल 1993 में, 30 साल की उम्र में उन्होंने Nvidia की स्थापना की. आज यही कंपनी दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कंप्यूटर चिप्स की सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल है.

लोरी ने बनाई अलग पहचान

जेन्सन की कामयाबी के सफर में लोरी हमेशा उनके साथ रहीं. हालांकि, उन्होंने खुद को लाइमलाइट से दूर रखा. लोरी इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुकी हैं और आज Jen-Hsun and Lori Huang Foundation की अध्यक्ष हैं. यह संस्था शिक्षा, सार्वजनिक स्वास्थ्य और साइंस-टेक्नोलॉजी से जुड़े क्षेत्रों में काम करती है.

41 साल की शादी के बीच अब क्यों चर्चा में हैं जेन्सन?

करीब 41 साल पुरानी इस प्रेम कहानी के बीच अब जेन्सन हुआंग की निजी जिंदगी को लेकर कुछ रिपोर्ट्स चर्चा में हैं. एक रिपोर्ट में एलिस हुआंग नाम की महिला के साथ उनके अवैध संबंध का दावा किया गया है. एलिस सिंगापुर की कंपनी Megaspeed की CEO बताई जा रही हैं. रिपोर्ट में उनके चीन की खुफिया एजेंसियों से कथित संबंधों का भी जिक्र है. Nvidia के बोर्ड की ओर से मामले की जांच शुरू किए जाने का दावा भी किया गया है. हालांकि, इन दावों और जांच की स्वतंत्र पुष्टि जरूरी है. जिस शख्स ने कभी अपनी होने वाली पत्नी को प्रभावित करने के लिए हर रविवार होमवर्क पूरा किया, उसी की निजी जिंदगी अब नए विवादों के कारण चर्चा में है.