Jensen Huang की कुर्सी पर संकट? Nvidia के 10 बोर्ड मेंबर्स के हाथ में CEO का भविष्य, भारतीय मूल की Aarti Shah भी शामिल

संदीप शर्मा

• 07:05 PM • 12 Nov 2026

Nvidia के CEO जेनसन हुआंग की कुर्सी पर संकट की चर्चा तेज है. कंपनी के 10 सदस्यीय बोर्ड में भारतीय मूल की आरती शाह भी शामिल हैं. जानिए कौन हैं Nvidia के बोर्ड मेंबर्स और कौन तय करेगा जेनसन हुआंग का भविष्य.

NewsTak
Google CTA
▌

न्यूज़ हाइलाइट्स

Nvidia CEO जेनसन हुआंग की कुर्सी पर संकट

बोर्ड में CEO के भविष्य पर चर्चा की खबर

10 सदस्यीय बोर्ड करेगा अहम फैसला

भारतीय मूल की आरती शाह भी बोर्ड में शामिल

आज एआई चिप की दुनिया में एनवीडिया का सिक्का चलता है और इस कामयाबी के पीछे सबसे बड़ा हाथ जेनसन हुआंग का है. लेकिन अब उनकी पर्सनल लाइफ से जुड़े विवादों की वजह से कंपनी की लीडरशिप पर एक नई बहस छिड़ गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक,एनवीडिया का बोर्ड जेनसन हुआंग के भविष्य को लेकर आपस में चर्चा कर रहा है. कंपनी नए विकल्पों पर भी विचार कर रही है. अगर वाकई हुआंग को हटाने का फैसला लिया जाता है, तो यह बड़ा कदम एनवीडिया के 10 सदस्यों वाले बोर्ड को उठाना होगा. सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस ताकतवर बोर्ड में भारतीय मूल की आरती शाह भी शामिल हैं. यानी एनवीडिया के कल को तय करने वाले इस अहम फैसले में एक भारतीय महिला की भी बड़ी भूमिका होगी.

Read more!

क्यों घिरे हैं जेनसन हुआंग?

जेनसन हुआंग को लेकर यह विवाद तब शुरू हुआ जब मीडिया में उनके कुछ निजी रिश्तों को लेकर खबरें आईं. इन रिपोर्ट्स में एक विदेशी महिला के साथ उनके संबंधों का दावा किया गया. हालांकि इन आरोपों की पूरी तरह पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस मामले ने कंपनी के नियमों और सुरक्षा से जुड़े कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

जैविक्स इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट के बड़े बाजार विशेषज्ञ ब्रायन मलबेरी ने ब्लूमबर्ग से बातचीत में कहा कि ऐसी स्थिति किसी भी कंपनी के नियमों और कानूनों को देखने वाले विभाग के लिए सिरदर्द बन जाती है. उन्होंने जेनसन हुआंग के पद पर बने रहने की उम्मीदों को पचास-पचास प्रतिशत बताया है.

10 ताकतवर बोर्ड मेंबर जो करेंगे फैसला

  1. टेंच कॉक्स: साल 1993 से बोर्ड में हैं और कंपनी के सबसे पुराने निवेशकों में से एक हैं
  2. हार्वे सी. जोन्स: ये भी 1993 से बोर्ड का हिस्सा हैं. इन्हें चिप डिजाइन करने वाली कंपनियों का लंबा अनुभव है
  3. ए. ब्रूक सीवेल: साल 1997 से बोर्ड से जुड़े हैं और बड़ी निवेश कंपनियों के साथ काम कर चुके हैं
  4. स्टीफन सी. नील : साल 2019 में बोर्ड में आए. ये कानून के बड़े जानकार हैं और एनवीडिया की कानूनी फर्म से जुड़े रहे हैं
  5. डॉन हडसन: साल 2013 से बोर्ड में हैं. यह पेप्सी-कोला नॉर्थ अमेरिका की CEO और एनएफएल (NFL) की बड़ी अधिकारी रह चुकी हैं
  6. जॉन ओ. डाबिरी : कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में प्रोफेसर हैं और विज्ञान के क्षेत्र में बड़ा नाम हैं
  7. मेलिसा बी. लोरा: साल 2023 में बोर्ड में शामिल हुईं. इससे पहले यह 'टाको बेल इंटरनेशनल' की अध्यक्ष थीं
  8. आरती शाह: भारतीय मूल की डॉ. आरती शाह 2020 में बोर्ड से जुड़ीं. इन्होंने दवा बनाने वाली मशहूर कंपनी 'एली लिली' में 27 साल तक काम किया है और इनके पास स्टैटिस्टिक्स में पीएचडी की डिग्री है
  9. मार्क ए. स्टीवंस: एनवीडिया के शुरुआती निवेशकों में से हैं. यह पहले भी बोर्ड में रह चुके हैं और साल 2008 में फिर से जुड़े
  10. सुजान नोरा जॉनसन: ये बोर्ड की सबसे नई सदस्य हैं जिन्हें जुलाई में जोड़ा गया. यह गोल्डमैन सैक्स जैसी बड़ी वित्तीय कंपनी में वाइस चेयरमैन रह चुकी हैं

फिलहाल जेनसन हुआंग को CEO पद से हटाने को लेकर कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है. लेकिन अगर बोर्ड इस दिशा में आगे बढ़ता है, तो Nvidia के इतिहास में यह एक बड़ा बदलाव होगा. जिस कंपनी को हुआंग ने AI की दुनिया में नई ऊंचाई पर पहुंचाया, अब उसी कंपनी में उनकी नेतृत्व क्षमता और भविष्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं. ऐसे में पूरी टेक इंडस्ट्री की नजर Nvidia के इन 10 बोर्ड मेंबर्स पर रहेगी.