देश में महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी के लिए एक और टेंशन बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. सरकारी सूत्रों के मुताबिक, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस (LPG) की कीमतों में जल्द ही बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. करीब चार साल के लंबे अंतराल के बाद ईंधन की कीमतों में यह बदलाव होने की प्रबल संभावना जताई जा रहा है.
ADVERTISEMENT
पेट्रोल-डीजल में 4-5 रुपए तक की हो सकती है बढ़ोतरी
सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार तेल कंपनियों के घाटे को कम करने और बढ़ते राजकोषीय बोझ को संतुलित करने के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में प्रति लीटर ₹4 से ₹5 तक की वृद्धि करने पर विचार कर रही है. ध्यान देने वाली बात है कि साल 2022 से पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर बने हुए हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी के कारण तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ रहा है.
LPG सिलेंडर भी हो सकता है महंगा
पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में भी इजाफा हो सकता है. संभावना जताई जा रही है कि प्रति सिलेंडर 40 से 50 रुपए तक की बढ़ोतरी की जा सकती है.
5 से 7 दिनों के भीतर हो सकता है अंतिम फैसला
फिलहाल सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. सरकार पश्चिम एशिया की भू-राजनीतिक स्थिति और उसके वैश्विक तेल बाजार पर पड़ने वाले असर पर पैनी नजर रखे हुए है. माना जा रहा है कि सरकार की आंतरिक बैठकों में विभिन्न विकल्पों पर चर्चा जारी है और अगले 5 से 7 दिनों के भीतर कीमतों को लेकर अंतिम फैसला लिया जा सकता है.
महंगाई का असर कम करने की कोशिश
सरकार की प्राथमिक चिंता महंगाई के असर को आम जनता पर कम से कम रखने की है. यही कारण है कि अब तक कीमतों में स्थिरता बनी हुई थी. हालांकि, कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय ऊंची कीमतों के चलते राजकोषीय स्थिति को देखते हुए अब कदम उठाना अनिवार्य हो गया है. सरकार हर संभव प्रयास कर रही है कि इस बढ़ोतरी से आम नागरिकों की जेब पर बहुत अधिक बोझ न पड़े.
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोत्तरी
इधर ईरान-इजरायल और अमेरिका वार का असर अब साफ दिखने लगा है. 1 मई को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में इजाफा कर दिया गया है. कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर पर 993 रुपए की बढ़ोतरी की है. मजदूर, गरीबों के लिए बिकने वाले 5 किलो के सिलेंडर को भी 241 रुपए तक महंगा कर दिया है. इस साल अब तक कॉर्शियल सिलेंडर पर 1490 रुपए तक की बढ़ोत्तरी कर दी गई है.
इनपुट: चेतन भूटानी
मई के पहले दिन महंगाई बम... 19kg वाला सिलेंडर 993 रुपये, तो 5 किलो LPG 261 रुपये हुआ महंगा
ADVERTISEMENT


