BIZ DEAL: आज के समय में मोबाइल डेटा पानी और बिजली की तरह जरूरी हो गया है. अक्सर ऐसा होता है कि महीने का रिचार्ज खत्म होने से पहले ही डेली डेटा लिमिट खत्म हो जाती है. ऐसे में पूरा महीना या 28 दिन का महंगा रिचार्ज कराना समझदारी नहीं लगती. अगर आप भी ऐसी स्थिति में फंसते हैं, तो टेलीकॉम कंपनियों के पास आपकी जेब का ख्याल रखने वाले कई छोटे और किफायती 'इमरजेंसी' प्लान मौजूद हैं. रिलायंस जियो, एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया (Vi) और बीएसएनएल 100 रुपये से कम में डेटा और कॉलिंग के बेहतरीन विकल्प दे रहे हैं.
ADVERTISEMENT
रिलायंस जियो: जरूरत के हिसाब से ढेरों विकल्प
जियो इस सेगमेंट में काफी अच्छे विकल्प पेश कर रहा है. अगर आपको तुरंत बहुत सारा डेटा चाहिए तो जियो का 11 रुपये वाला पैक सबसे खास है. इसमें 10GB डेटा मिलता है, लेकिन इसकी वैधता सिर्फ 1 घंटे की है. यह उन लोगों के लिए है जिन्हें तुरंत कोई बड़ी फाइल डाउनलोड करनी हो. इसके अलावा, 19 रुपये में 1GB (1 दिन) और 29 रुपये में 2GB (2 दिन) डेटा मिलता है. थोड़ा लंबा बैकअप चाहिए तो 69 रुपये में 6GB डेटा 7 दिनों के लिए उपलब्ध है.
एयरटेल: स्टेबिलिटी पर फोकस
एयरटेल का पोर्टफोलियो काफी अच्छा है. कंपनी 22 रुपये में 1GB और 26 रुपये में 1.5GB डेटा देती है, दोनों की वैधता एक दिन की है. जो लोग शॉर्ट ट्रिप पर हैं, उनके लिए 39 रुपये वाला प्लान बेस्ट है, इसमें 3 दिन तक रोजाना 3GB डेटा मिलता है. वहीं, 99 रुपये वाले पैक में टॉकटाइम के साथ लिमिटेड डेटा और 28 दिनों की लंबी वैलिडिटी मिल जाती है.
वोडाफोन-आइडिया (Vi) और BSNL: बजट फ्रेंडली चॉइस
Vi में 26 रुपये में 1.5GB और 33 रुपये में 2GB डेटा मिलता है. अगर 3 दिन का बैकअप चाहिए, तो 48 रुपये में 6GB डेटा का विकल्प मौजूद है. दूसरी ओर, सरकारी कंपनी BSNL सबसे सस्ता डेटा दे रही है. BSNL के 16 रुपये वाले पैक में 2GB डेटा मिलता है. वहीं, 58 रुपये में 7 दिनों के लिए 8GB डेटा दिया जा रहा है. कॉलिंग के शौकीनों के लिए 99 रुपये में अनलिमिटेड कॉलिंग का भी विकल्प है.
जरूरी बात: बेस प्लान होना अनिवार्य
ध्यान रहे कि 100 रुपये से कम वाले ये ज्यादातर प्लान 'डेटा बूस्टर' या 'टॉप-अप' की तरह काम करते हैं. इसका मतलब है कि इन्हें इस्तेमाल करने के लिए आपके नंबर पर पहले से कोई बेस प्लान (एक्टिव वैलिडिटी) होना जरूरी है. ये प्लान सिर्फ आपकी अतिरिक्त डेटा या कॉलिंग की तात्कालिक जरूरतों को पूरा करने के लिए डिजाइन किए गए हैं.
ADVERTISEMENT


