मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली Reliance Industries Ltd (RIL) के जून तिमाही के नतीजों पर बाजार की नजर है. ब्रोकरेज फर्मों का अनुमान है कि कंपनी का मुनाफा तकरीबन स्थिर रह सकता है. ऑयल-टू-केमिकल (O2C), रिटेल और डिजिटल कारोबार यानी Jio में मजबूती का फायदा मिल सकता है, लेकिन ऑयल एंड गैस कारोबार में कमजोरी का असर भी देखने को मिल सकता है.अलग-अलग रिपोर्टों में आंकड़ों का फर्क दिख रहा है, लेकिन बड़ी तस्वीर मिलती-जुलती है. बिक्री में अच्छी बढ़त, परिचालन मुनाफे में सीमित सुधार और केजी-डी 6 गैस उत्पादन में नरमी इस तिमाही के बड़े फैक्टर माने जा रहे हैं.
ADVERTISEMENT
मुनाफे में मामूली गिरावट का अनुमान
Emkay Global के मुताबिक, Reliance Industries का जून तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 2.8 फीसदी घटकर करीब 17,567 करोड़ रुपये रह सकता है. हालांकि, कंपनी की बिक्री 38.9 फीसदी बढ़कर 3.38 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है.कंपनी का EBITDA करीब 4.9 फीसदी बढ़कर 45,013 करोड़ रुपये रह सकता है. हालांकि, EBITDA मार्जिन में गिरावट का अनुमान है.
O2C कारोबार से मिल सकता है बड़ा सहारा
Reliance का Oil-to-Chemicals (O2C) कारोबार कंपनी के लिए सबसे महत्वपूर्ण सेगमेंट में से एक है. Emkay Global का अनुमान है कि इस कारोबार का EBITDA तिमाही आधार पर 2 फीसदी बढ़कर 14,800 करोड़ रुपये हो सकता है.वहीं, ICICI Securities के मुताबिक, O2C कारोबार का EBITDA करीब 25 फीसदी तिमाही आधार पर बढ़ सकता है. मजबूत रिफाइनिंग मार्जिन और पेट्रोकेमिकल स्प्रेड में सुधार से इस कारोबार को फायदा मिलने की उम्मीद है.
Elara का अनुमान है कि Reliance का जून तिमाही में ग्रॉस रिफाइनिंग मार्जिन (GRM) करीब 23 डॉलर प्रति बैरल रह सकता है. पिछले साल की समान तिमाही में यह अनुमानित 12 डॉलर प्रति बैरल था.
Jio से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद
Reliance के डिजिटल कारोबार और टेलीकॉम कंपनी Jio पर भी निवेशकों की नजर रहेगी. ब्रोकरेज के मुताबिक, जून तिमाही में Jio के ग्राहकों की संख्या में अच्छी बढ़ोतरी हो सकती है.ICICI Securities का अनुमान है कि Jio में करीब 70 लाख नए ग्राहक जुड़ सकते हैं और औसत प्रति यूजर आय यानी ARPU बढ़कर करीब 215 रुपये हो सकती है. Emkay Global ने नए ग्राहकों की संख्या करीब 95 लाख रहने का अनुमान जताया है. Jio के EBITDA में भी तिमाही आधार पर बढ़ोतरी की उम्मीद है.
Retail कारोबार में भी ग्रोथ की उम्मीद
Reliance Retail के कारोबार में भी अच्छी ग्रोथ का अनुमान है. Elara का मानना है कि रिटेल कारोबार का EBITDA सालाना आधार पर करीब 10 फीसदी बढ़ सकता है.
ICICI Securities ने रिटेल EBITDA में 7 फीसदी सालाना बढ़ोतरी का अनुमान जताया है. हालांकि, कुछ ब्रोकरेज का मानना है कि रिटेल कारोबार की ग्रोथ पिछले कुछ समय के मुकाबले थोड़ी धीमी रह सकती है
Oil & Gas कारोबार बना कमजोर कड़ी
Reliance Industries के Oil & Gas कारोबार पर इस तिमाही में दबाव देखने को मिल सकता है. KG-D6 गैस उत्पादन में गिरावट के कारण इस सेगमेंट की कमाई प्रभावित होने का अनुमान है.Emkay Global ने अपस्ट्रीम कारोबार के EBITDA में तिमाही आधार पर 5 फीसदी गिरावट का अनुमान लगाया है. Elara के मुताबिक, इस कारोबार का EBITDA सालाना आधार पर 21 फीसदी तक गिर सकता है.यानी कंपनी के बाकी कारोबारों में मजबूती के बावजूद Oil & Gas सेगमेंट पूरे नतीजों पर दबाव डाल सकता है.
ब्रोकरेज का क्या अनुमान है?
- Emkay Global: नेट प्रॉफिट में 2.8 फीसदी गिरावट का अनुमान, मुनाफा करीब 17,567 करोड़ रुपये
- Elara: नेट प्रॉफिट 2.4 फीसदी बढ़कर 18,512 करोड़ रुपये रहने का अनुमान
- Kotak Institutional Equities: एडजस्टेड नेट इनकम 19,004 करोड़ रुपये रहने का अनुमान
- ICICI Securities: O2C, Jio और Retail में मजबूती, लेकिन Oil & Gas कारोबार में कमजोरी की उम्मीद
निवेशकों के लिए क्या है बड़ा संकेत?
Reliance Industries के जून तिमाही के नतीजों में सबसे बड़ा फोकस कंपनी के तीन प्रमुख कारोबारों पर रहेगा O2C, Jio और Retail. अगर रिफाइनिंग मार्जिन मजबूत रहते हैं और Jio में ग्राहक और ARPU दोनों बढ़ते हैं, तो कंपनी के नतीजों को सपोर्ट मिल सकता है.हालांकि, KG-D6 गैस उत्पादन में गिरावट और Oil & Gas कारोबार की कमजोरी कंपनी के लिए चिंता का विषय बनी रह सकती है.कुल मिलाकर, बाजार को Reliance के नतीजों में O2C और Jio से मजबूती, Retail से स्थिर ग्रोथ और Oil & Gas कारोबार से दबाव देखने को मिल सकता है.
ADVERTISEMENT

