Jio IPO से Reliance के शेयर में आएगी नई जान? 3 साल का रिटर्न कमजोर, अब निवेशकों की नजर इस बड़े ट्रिगर पर

संदीप शर्मा

• 02:51 PM • 15 Oct 2026

Reliance Industries Share: जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर के लिए बड़ा ट्रिगर बन सकता है. IPO की वैल्यूएशन से जियो में रिलायंस की हिस्सेदारी की कीमत करीब 6.84 लाख करोड़ रुपये बैठती है. लेकिन क्या इससे रिलायंस के शेयर में नई तेजी आएगी?

NewsTak
Google CTA
▌

न्यूज़ हाइलाइट्स

जियो IPO की खबर से रिलायंस के शेयर में तेज़ी

जियो प्लेटफॉर्म्स की IPO से ₹30,213 करोड़ जुटाने का प्लान

मुकेश अंबानी की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO शेयर बाजार की बड़ी घटनाओं में शामिल होने जा रहा है. इस इश्यू के जरिए कंपनी की करीब 30,213 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है. IPO की खबर के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में भी जोरदार खरीदारी देखने को मिली. अब निवेशकों की नजर इस बात पर है कि जियो की अलग लिस्टिंग से रिलायंस के शेयर को कितना फायदा मिल सकता है.

Read more!

रिलायंस के शेयर ने कैसा प्रदर्शन किया?

गुरुवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 3.39 फीसदी चढ़कर 1,214 रुपये के करीब कारोबार कर रहा था. हालांकि, लंबी अवधि के प्रदर्शन पर नजर डालें तो तस्वीर उतनी मजबूत नहीं दिखती. बीते 6 महीने में शेयर करीब 9.13 फीसदी और एक साल में 12.15 फीसदी टूटा है. तीन साल में शेयर ने करीब 3.25 फीसदी का रिटर्न दिया है.यानी हालिया तेजी के बावजूद लंबी अवधि में रिलायंस के शेयर का प्रदर्शन सीमित रहा है. ऐसे में जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO निवेशकों के लिए एक अहम ट्रिगर बनकर सामने आया है.

कितना बड़ा है जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO?

जियो प्लेटफॉर्म्स की IPO के जरिए करीब 30,213 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है. इसका प्राइस बैंड 1,065 से 1,119 रुपये प्रति शेयर रखा गया है. ऊपरी प्राइस बैंड के आधार पर कंपनी की वैल्यूएशन करीब 10.30 लाख करोड़ रुपये बैठती है.इस आकार के साथ यह भारत का सबसे बड़ा IPO होगा. इससे पहले हुंडई मोटर इंडिया का करीब 27,870 करोड़ रुपये का IPO देश का सबसे बड़ा इश्यू था.

RIL के शेयरधारकों को क्या फायदा?

रिलायंस के शेयर में खरीदारी की पहली वजह है जियो IPO में करीब 2,500 करोड़ रुपये के शेयर रिलायंस के पात्र शेयरधारकों के लिए रिजर्व रखने की योजना है. दूसरी वजह है लिस्टिंग के बाद निवेशक जियो के शेयर अलग से खरीद सकेंगे। तीसरी वजह है वैल्यू अनलॉकिंग की उम्मीद, यानी जियो की अलग बाजार कीमत सामने आने से रिलायंस की हिस्सेदारी और बाकी कारोबार की वैल्यू समझने में मदद मिल सकती है.

जियो में RIL की हिस्सेदारी की कीमत कितनी?

IPO के ऊपरी प्राइस बैंड पर जियो प्लेटफॉर्म्स की अनुमानित वैल्यूएशन करीब 10.30 लाख करोड़ रुपये है. रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास जियो प्लेटफॉर्म्स की करीब 66.4 फीसदी हिस्सेदारी है. इस वैल्यूएशन के आधार पर जियो में रिलायंस की हिस्सेदारी की कीमत करीब 6.84 लाख करोड़ रुपये बैठती है. ये गणना IPO से पहले की हिस्सेदारी और बताई गई वैल्यूएशन पर आधारित है. नए शेयर जारी होने के बाद रिलायंस की हिस्सेदारी का प्रतिशत घट सकता है. ये आंकड़ा रिलायंस की कुल बाजार कीमत नहीं है, बल्कि जियो में उसकी हिस्सेदारी का अनुमानित मूल्य है.रिलायंस इंडस्ट्रीज का कारोबार सिर्फ जियो तक सीमित नहीं है. कंपनी के पास रिटेल, तेल और केमिकल समेत कई दूसरे कारोबार भी हैं. जियो की अलग लिस्टिंग से निवेशकों को इन कारोबारों की कीमत और रिलायंस की कुल वैल्यूएशन का आकलन करने में मदद मिल सकती है. 

ब्रोकरेज ने दिया 1,696 रुपये का टारगेट

रेलीगेयर ब्रोकिंग ने 13 अक्टूबर की अपनी रिपोर्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर पर खरीदारी की राय दी थी और 1,696 रुपये का टारगेट दिया था. हालांकि, ब्रोकरेज का टारगेट अनुमान होता है, गारंटी नहीं. शेयर का प्रदर्शन कंपनी की कमाई, दूसरे कारोबारों की ग्रोथ, बाजार के रुख और जियो की वैल्यूएशन जैसे कई कारकों पर निर्भर करेगा.

क्या रिलायंस के शेयर में आएगी नई तेजी?

जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर के लिए एक बड़ा ट्रिगर हो सकती है. इससे जियो की अलग बाजार कीमत सामने आएगी और रिलायंस की हिस्सेदारी का मूल्यांकन करना आसान होगा. लेकिन जियो IPO की खबर भर से रिलायंस के शेयर में लगातार तेजी की गारंटी नहीं है. आगे की दिशा इस बात पर निर्भर करेगी कि बाजार जियो की वैल्यूएशन को किस तरह लेता है और रिलायंस के बाकी कारोबार कैसा प्रदर्शन करते हैं.

डिस्क्लेमर: ये केवल जानकारी और शिक्षा के उद्देश्य से बनाया गया है. इसमें दी गई राय, ब्रोकरेज रिपोर्ट और आंकड़े सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी पर आधारित हैं. यह किसी भी शेयर में खरीदने या बेचने की सलाह नहीं है. शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है. निवेश का कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें.