Retirement Planning: 60 साल की उम्र तक 1 करोड़ रुपये का फंड चाहिए? जानिए 25, 30, 35 और 40 की उम्र में कितनी SIP करनी होगी

तनीषा त्यागी

• 04:27 PM • 30 Jul 2026

60 साल तक 1 करोड़ रुपये का फंड बनाना है तो जानें 25, 30, 35 और 40 की उम्र में कितनी एसआईपी चाहिए. जल्दी शुरू करने पर कम निवेश में बड़ा फंड बन सकता है.

NewsTak
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

जल्दी निवेश शुरू करने पर हर महीने कम रकम लगानी पड़ती है

25 साल में 2000 रुपये की एसआईपी 1.10 करोड़ बना सकती है

30 और 35 साल में लक्ष्य के लिए निवेश बढ़ता जाता है

रिटायरमेंट के बाद आर्थिक रूप से मजबूत रहने के लिए समय रहते निवेश शुरू करना बेहद जरूरी माना जाता है. अगर लक्ष्य 60 साल की उम्र तक 1 करोड़ रुपये का फंड तैयार करना है, तो म्यूचुअल फंड की SIP एक प्रभावी विकल्प बन सकती है. इसकी सबसे बड़ी ताकत कंपाउंडिंग है, जो लंबी अवधि में छोटे-छोटे निवेश को भी बड़े फंड में बदल सकती है. हालांकि, इस बात का भी ध्यान रखना जरूरी है कि निवेश जितनी जल्दी शुरू किया जाए, हर महीने उतनी ही कम राशि निवेश करनी पड़ती है. वहीं अगर निवेश की शुरुआत देर से होती है, तो उसी लक्ष्य तक पहुंचने के लिए हर महीने ज्यादा रकम लगानी पड़ती है.

Read more!

जल्दी निवेश शुरू करने का क्या फायदा?

SIP का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें समय आपके पक्ष में काम करता है. लंबी अवधि तक निवेश करने पर कंपाउंडिंग का असर बढ़ता जाता है और आपके निवेश पर मिलने वाला रिटर्न भी तेजी से बढ़ता है. यही वजह है कि 25 साल की उम्र में शुरू की गई छोटी SIP भी रिटायरमेंट तक बड़ा फंड तैयार कर सकती है, जबकि 40 साल की उम्र में शुरुआत करने पर उसी लक्ष्य के लिए कई गुना ज्यादा निवेश करना पड़ता है.

अगर उम्र 25 साल है

अगर कोई निवेशक 25 साल की उम्र से हर महीने 2,000 रुपये की SIP शुरू करता है और इसे लगातार 35 साल तक जारी रखता है, तो 60 साल की उम्र तक उसके पास लगभग 1.10 करोड़ रुपये का फंड तैयार हो सकता है.

मंथली SIP: 2,000 रुपये.

निवेश अवधि: 35 साल.

कुल निवेश: 8.40 लाख रुपये.

अनुमानित रिटर्न: लगभग 1.02 करोड़ रुपये.

मैच्योरिटी पर कुल राशि: लगभग 1.10 करोड़ रुपये.

अगर उम्र 30 साल है

30 साल की उम्र में निवेश शुरू करने वालों को लक्ष्य तक पहुंचने के लिए हर महीने थोड़ा ज्यादा निवेश करना होगा. अगर हर महीने 3,300 रुपये की SIP 30 साल तक जारी रखी जाए, तो रिटायरमेंट तक करीब 1 करोड़ रुपये का फंड तैयार किया जा सकता है.

मंथली SIP: 3,300 रुपये.

निवेश अवधि: 30 साल.

कुल निवेश: 11.88 लाख रुपये.

अनुमानित रिटर्न: लगभग 89.79 लाख रुपये.

मैच्योरिटी पर कुल राशि: लगभग 1.01 करोड़ रुपये.

अगर उम्र 35 साल है

अगर निवेश की शुरुआत 35 साल की उम्र में होती है, तो लक्ष्य तक पहुंचने के लिए हर महीने 6,000 रुपये की SIP करनी होगी. 25 साल तक नियमित निवेश करने पर करीब 1.02 करोड़ रुपये का फंड तैयार हो सकता है.

मंथली SIP: 6,000 रुपये.

निवेश अवधि: 25 साल.

कुल निवेश: 18 लाख रुपये.

अनुमानित रिटर्न: लगभग 84.13 लाख रुपये.

मैच्योरिटी पर कुल राशि: लगभग 1.02 करोड़ रुपये.

अगर उम्र 40 साल है

40 साल की उम्र में निवेश शुरू करने पर समय कम बचता है. ऐसे में हर महीने निवेश की राशि भी बढ़ जाती है. अगर कोई व्यक्ति 20 साल तक हर महीने 11,000 रुपये की SIP करता है, तो 60 साल की उम्र तक करीब 1 करोड़ रुपये का फंड तैयार किया जा सकता है.

मंथली SIP: 11,000 रुपये.

निवेश अवधि: 20 साल.

कुल निवेश: 26.40 लाख रुपये.

अनुमानित रिटर्न: लगभग 74.78 लाख रुपये.

मैच्योरिटी पर कुल राशि: लगभग 1.01 करोड़ रुपये.

उम्र बढ़ने के साथ क्यों बढ़ता है निवेश?

इन आंकड़ों से साफ है कि जैसे-जैसे निवेश शुरू करने की उम्र बढ़ती है, वैसे-वैसे हर महीने निवेश की जाने वाली राशि भी बढ़ जाती है. इसकी वजह यह है कि कंपाउंडिंग को काम करने के लिए कम समय मिलता है. इसलिए कम समय में समान लक्ष्य हासिल करने के लिए ज्यादा निवेश करना पड़ता है. यही कारण है कि 25 साल की उम्र में जहां 2,000 रुपये की मासिक SIP पर्याप्त हो सकती है, वहीं 40 साल की उम्र में वही लक्ष्य पाने के लिए 11,000 रुपये प्रति महीने का निवेश करना पड़ सकता है.

निवेश से पहले इन बातों का रखें ध्यान

यह पूरा अनुमान 12 प्रतिशत के संभावित सालाना रिटर्न के आधार पर तैयार किया गया है. वास्तविक रिटर्न बाजार की स्थिति, फंड के प्रदर्शन और निवेश अवधि के दौरान होने वाले उतार-चढ़ाव पर निर्भर करेगा. इसलिए इसे निश्चित रिटर्न की गारंटी नहीं माना जाना चाहिए. अगर आपका लक्ष्य भी रिटायरमेंट तक बड़ा फंड तैयार करना है, तो जल्द निवेश शुरू करना और लंबे समय तक अनुशासित तरीके से SIP जारी रखना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है.