Rule Change: फरवरी का महीना खत्म होते ही देश में कई बड़े बदलाव लागू होने जा रहे हैं. 1 मार्च 2026 से आम आदमी की जेब, रसोई और मोबाइल चलाने के तरीके में बड़े बदलाव दिखने वाले हैं. इन बदलावों का असर सीधे आपकी जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ सकता है. गैस सिलेंडर से लेकर रेलवे टिकट, UPI ट्रांजैक्शन और सिम कार्ड तक नए नियम लागू होंगे.
ADVERTISEMENT
आइए जानते हैं 1 मार्च से क्या-क्या बदलने जा रहा है.
LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव संभव
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां LPG सिलेंडर के दाम अपडेट करती हैं. पिछले कुछ महीनों में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें स्थिर रही हैं, लेकिन 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर में उतार-चढ़ाव देखा गया है.
पिछले महीने कमर्शियल LPG सिलेंडर करीब 49 रुपये महंगा हुआ था. मार्च में भी कीमतों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है. इससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर असर पड़ सकता है.
रेलवे टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव
1 मार्च 2026 से भारतीय रेलवे टिकट बुकिंग सिस्टम में बदलाव करने जा रहा है. पुराना UTS ऐप बंद किया जा सकता है. इसकी जगह नया ‘RailOne’ ऐप पूरी तरह सक्रिय होगा.
इस ऐप के जरिए यात्री जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और लोकल ट्रेन टिकट बुक कर सकेंगे. रेलवे का कहना है कि नया ऐप पहले से ज्यादा आसान और तेज होगा. यात्रियों को नया ऐप डाउनलोड करना पड़ सकता है.
सिम बाइंडिंग नियम लागू
डिजिटल फ्रॉड रोकने के लिए सरकार 1 मार्च से सख्त कदम उठा रही है. अब WhatsApp, Telegram और Signal जैसे मैसेजिंग ऐप सीधे सिम कार्ड से जुड़े रहेंगे.
अगर कोई व्यक्ति अपने मोबाइल से सिम निकालता है, तो ये ऐप काम करना बंद कर देंगे. बिना सिम के WiFi के जरिए भी इन्हें चलाना संभव नहीं होगा. इसका मकसद फर्जी अकाउंट और साइबर अपराध पर लगाम लगाना है.
UPI पेमेंट में बढ़ेगी सुरक्षा
डिजिटल पेमेंट को सुरक्षित बनाने के लिए 1 मार्च से UPI ट्रांजैक्शन में बदलाव होगा. बड़ी रकम के ट्रांसफर के लिए अब सिर्फ UPI PIN काफी नहीं होगा.
बैंक हाई-वैल्यू ट्रांजैक्शन के लिए बायोमेट्रिक या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर सकते हैं. इससे ऑनलाइन फ्रॉड कम होने की उम्मीद है.
मिनिमम बैलेंस नियम में राहत
सरकारी बैंकों ने मिनिमम बैलेंस नियम में बदलाव का फैसला किया है. पहले अगर किसी एक दिन खाते में बैलेंस कम होता था तो पेनल्टी लग जाती थी.
अब औसत मासिक बैलेंस (Average Monthly Balance) के आधार पर चार्ज लिया जाएगा. इससे ग्राहकों को कुछ राहत मिल सकती है.
CNG, PNG और ATF की कीमतों पर नजर
हर महीने की पहली तारीख को CNG, PNG और एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों की समीक्षा होती है.
1 मार्च को भी इन ईंधनों के दामों में बदलाव संभव है. इसका असर ट्रांसपोर्ट सेक्टर और हवाई यात्रा पर पड़ सकता है.
ADVERTISEMENT

