शेयर बाजार में IPO के जरिए कमाई की उम्मीद लगाने वाले निवेशकों के लिए बड़ी खबर है. भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) ने IPO के ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी GMP को लेकर सख्त रुख अपनाया है. सेबी ने बाजार के मध्यस्थों और प्रतिभागियों को GMP के आंकड़े प्रकाशित और प्रसारित नहीं करने की सलाह दी है. इसके साथ ही निवेशकों को भी चेतावनी दी है कि वे IPO में पैसा लगाने से पहले GMP को देखकर फैसला न करें. दरअसल, IPO आने के बाद निवेशक अक्सर यह जानने की कोशिश करते हैं कि कंपनी का शेयर बाजार में किस भाव पर लिस्ट हो सकता है. इसके लिए वे GMP पर नजर रखते हैं. लेकिन अब सेबी ने साफ कर दिया है कि GMP के आंकड़े भरोसेमंद नहीं हैं और इनके आधार पर निवेश का फैसला करना जोखिम भरा हो सकता है.
ADVERTISEMENT
क्या होता है IPO का GMP?
GMP यानी ग्रे मार्केट प्रीमियम एक ऐसा प्रीमियम है, जो किसी कंपनी के शेयर की स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टिंग से पहले अनौपचारिक बाजार में बताया जाता है. यह बाजार किसी मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंज के दायरे में नहीं आता. उदाहरण के लिए, अगर किसी कंपनी के IPO का इश्यू प्राइस 100 रुपये है और उसका GMP 40 रुपये बताया जा रहा है, तो इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट में उस शेयर की कीमत 140 रुपये मानी जा रही है. इसके आधार पर निवेशक अनुमान लगाते हैं कि शेयर की लिस्टिंग 40 फीसदी के प्रीमियम पर हो सकती है. हालांकि, GMP सिर्फ एक अनुमान है. इसकी कोई गारंटी नहीं होती कि शेयर वास्तव में उसी भाव पर लिस्ट होगा. इसके बावजूद कई निवेशक IPO में आवेदन करने या उससे दूर रहने का फैसला GMP देखकर ही करते हैं.
SEBI ने GMP को लेकर क्या कहा?
सेबी ने 23 नवंबर को जारी अपनी एडवाइजरी में कहा है कि IPO के अनौपचारिक ग्रे मार्केट प्रीमियम का प्रकाशन, प्रदर्शन, प्रचार या प्रसार नहीं किया जाना चाहिए. नियामक ने खास तौर पर सेबी में रजिस्टर्ड मध्यस्थों और बाजार से जुड़े प्रतिभागियों को अपनी वेबसाइट, डिजिटल प्लेटफॉर्म, ईमेल, SMS और सोशल मीडिया पर GMP के आंकड़े दिखाने या साझा करने से बचने की सलाह दी है. सेबी का कहना है कि GMP के आंकड़े असत्यापित होते हैं और इनकी कोई आधिकारिक निगरानी व्यवस्था नहीं है. ऐसे में निवेशक इन्हें IPO की संभावित लिस्टिंग कीमत या कमाई का पक्का संकेत मानने की गलती कर सकते हैं.
ग्रे मार्केट पर SEBI को क्यों है आपत्ति?
सेबी की सबसे बड़ी चिंता यह है कि ग्रे मार्केट में होने वाले सौदे किसी मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंज के जरिए नहीं होते. इसलिए इन पर वैसी निगरानी नहीं रहती, जैसी शेयर बाजार में होने वाले कारोबार पर होती है. ग्रे मार्केट में कीमत तय करने का कोई औपचारिक और पारदर्शी तरीका भी नहीं है. यहां बताए जाने वाले प्रीमियम में तेजी से बदलाव हो सकता है. कई बार GMP ऊंचा होने के बावजूद शेयर की लिस्टिंग कमजोर हो सकती है. इसके अलावा, ऐसे सौदों में निवेशकों को सेबी या स्टॉक एक्सचेंज की तरफ से मिलने वाला सामान्य निवेशक संरक्षण भी हासिल नहीं होता. यही वजह है कि सेबी ने GMP को लेकर निवेशकों को सतर्क किया है.
GMP में पैसा डूबा तो कहां नहीं मिलेगी मदद?
सेबी ने साफ किया है कि ग्रे मार्केट के सौदों में विवाद होने पर निवेशकों को औपचारिक शिकायत और विवाद निपटान व्यवस्था का लाभ नहीं मिलेगा. इसमें सेबी और स्टॉक एक्सचेंज के तहत मिलने वाला निवेशक संरक्षण, एक्सचेंजों की शिकायत निवारण व्यवस्था और स्टॉक एक्सचेंज तथा डिपॉजिटरी के ऑनलाइन विवाद समाधान यानी ODR सिस्टम का लाभ शामिल है. इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट में किसी तरह की धोखाधड़ी या भुगतान से जुड़ा विवाद होने पर निवेशकों के पास शेयर बाजार वाली औपचारिक सुरक्षा उपलब्ध नहीं होगी.
IPO निवेशकों पर क्या होगा असर?
सेबी की इस एडवाइजरी का असर IPO से जुड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म और बाजार के मध्यस्थों पर पड़ सकता है. खासकर वे प्लेटफॉर्म जो IPO का GMP दिखाते हैं, उन्हें अपने कंटेंट और गतिविधियों की समीक्षा करनी पड़ सकती है. वहीं, निवेशकों के लिए IPO का आकलन करने का तरीका भी बदल सकता है. अब सिर्फ GMP देखकर लिस्टिंग गेन का अनुमान लगाने के बजाय कंपनी के कारोबार, मुनाफे, कर्ज, वैल्यूएशन और भविष्य की संभावनाओं को समझना ज्यादा जरूरी होगा. ध्यान देने वाली बात यह है कि सेबी की एडवाइजरी का मतलब IPO पर रोक लगाना नहीं है. कंपनियां पहले की तरह IPO ला सकेंगी और निवेशक भी अधिकृत माध्यमों से आवेदन कर सकेंगे.
निवेशक IPO में पैसा लगाने से पहले क्या करें?
सेबी ने निवेशकों को सलाह दी है कि वे GMP से जुड़े अनौपचारिक सौदों से दूर रहें. IPO में निवेश करने से पहले कंपनी के ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस यानी DRHP और रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस यानी RHP में दी गई जानकारी को ध्यान से पढ़ें. कंपनी की कमाई, मुनाफे, कर्ज, कारोबार की स्थिति, जोखिम और IPO की वैल्यूएशन को समझना जरूरी है. निवेश का फैसला केवल इस उम्मीद में नहीं करना चाहिए कि शेयर लिस्टिंग के दिन बड़ा मुनाफा देगा. सेबी की इस एडवाइजरी का संदेश साफ है कि IPO में निवेश का आधार कंपनी की असली वित्तीय स्थिति और कारोबार होना चाहिए, न कि ग्रे मार्केट में चल रहा अनौपचारिक प्रीमियम.
ADVERTISEMENT

