SEBI का MTF पर शिकंजा? Angel One और BSE के शेयर क्यों गिरे, निवेशकों पर क्या होगा असर?

• 03:43 PM • 18 Nov 2026

SEBI यानी सिक्योरिटी एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया अब MTF यानी Margin Trading Facility को लेकर नए नियमों पर विचार कर रहा है. SEBI के चेयरमैन तुहिन कांता पांडे ने बताया कि MTF की सीमा को शेयरों के फ्री फ्लोट से जोड़ने का प्रस्ताव विचाराधीन है.

NewsTak
Google CTA

सोचिए, आपके पास शेयर बाजार में निवेश करने के लिए 10 हजार रुपये हैं. लेकिन आप खरीदना चाहते हैं 40 हजार रुपये के शेयर. ऐसे में कोई ब्रोकर आपको बाकी 30 हजार रुपये उधार दे दे, तो आप कम पैसों में ज्यादा शेयर खरीद सकते हैं.

Read more!

सुनने में यह सौदा काफी अच्छा लगता है. लेकिन अगर शेयर की कीमत गिर गई, तो नुकसान भी कई गुना बढ़ सकता है.

शेयर बाजार में इसी तरह के निवेश को MTF यानी Margin Trading Facility कहा जाता है. अब इसी MTF पर बाजार नियामक SEBI की नजर है.

खबर है कि SEBI शेयरों के फ्री फ्लोट के हिसाब से MTF की सीमा तय करने के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है. इस खबर के सामने आते ही Angel One और BSE जैसे शेयरों में करीब 2 फीसदी तक की गिरावट देखने को मिली. वहीं Groww की पैरेंट कंपनी Billionbrains Garage Ventures के शेयर शुरुआती दोपहर के कारोबार में लगभग सपाट रहे.

तो आखिर SEBI MTF को लेकर क्या सोच रहा है? क्या निवेशकों के लिए शेयर खरीदना मुश्किल हो जाएगा? और Angel One, Groww, BSE जैसे कारोबार पर इसका कितना असर पड़ सकता है? चलिए आसान भाषा में समझते हैं.

SEBI क्या बदलाव करने पर विचार कर रहा है?

18 नवंबर को SEBI के चेयरमैन तुहिन कांता पांडे ने CNBC-TV18 से बातचीत में बताया कि बाजार नियामक MTF की सीमा को शेयर के फ्री फ्लोट से जोड़ने के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है.

लेकिन यहां एक बात समझना जरूरी है. SEBI चेयरमैन ने साफ किया है कि इस मामले में अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है.

यानी फिलहाल यह सिर्फ विचार के स्तर पर है. अभी इसे लागू करने का कोई अंतिम नियम सामने नहीं आया है.

इसके अलावा पांडे ने यह भी कहा कि बाजार के किसी भी सेगमेंट में ट्रेडिंग के घंटे बढ़ाने की फिलहाल कोई योजना नहीं है.

पहले समझिए MTF क्या होता है?

MTF यानी Margin Trading Facility एक ऐसी सुविधा है, जिसमें निवेशक अपने पास मौजूद पैसों से ज्यादा कीमत के शेयर खरीद सकता है.

मान लीजिए आपके पास 10 हजार रुपये हैं और आप 40 हजार रुपये के शेयर खरीदना चाहते हैं. ब्रोकर आपको बाकी 30 हजार रुपये उधार दे सकता है. इस तरह आप अपनी रकम से चार गुना तक निवेश कर सकते हैं.

लेकिन ब्रोकर यह पैसा मुफ्त में नहीं देता. इसके बदले ब्याज देना पड़ता है. अलग-अलग ब्रोकरों के हिसाब से यह ब्याज करीब 9 से 18 फीसदी तक हो सकता है.

इसमें फायदा भी ज्यादा हो सकता है और नुकसान का जोखिम भी बढ़ जाता है. अगर शेयर की कीमत गिरती है, तो निवेशक को नुकसान के साथ उधार लिए गए पैसे और ब्याज की जिम्मेदारी भी उठानी पड़ती है.

फ्री फ्लोट के हिसाब से MTF की सीमा क्यों?

अब सवाल है कि SEBI MTF की सीमा को फ्री फ्लोट से क्यों जोड़ना चाहता है?

फ्री फ्लोट का मतलब है किसी कंपनी के ऐसे शेयर, जो आम निवेशकों के लिए बाजार में खरीदने-बेचने के लिए उपलब्ध होते हैं. यानी कंपनी के प्रमोटर या ऐसे बड़े शेयरधारकों के पास मौजूद शेयर, जो आम तौर पर कारोबार के लिए उपलब्ध नहीं होते, उन्हें अलग रखा जाता है.

मान लीजिए किसी कंपनी के कुल 100 शेयर हैं. लेकिन उनमें से सिर्फ 30 शेयर ही बाजार में आम खरीद-बिक्री के लिए उपलब्ध हैं. तो उस कंपनी का फ्री फ्लोट 30 शेयर माना जाएगा.

अगर किसी शेयर में उधार के पैसे से बहुत ज्यादा खरीदारी होने लगे, तो बाजार में जोखिम बढ़ सकता है. खासकर तब, जब उस शेयर का फ्री फ्लोट कम हो.

इसी तरह की स्थिति को देखते हुए SEBI इस बात पर विचार कर रहा है कि किसी शेयर में MTF के जरिए कितना निवेश किया जा सकता है, इसकी सीमा उसके फ्री फ्लोट के आधार पर तय की जाए.

MTF का कारोबार कितना बड़ा हो चुका है?

अब आंकड़ों पर नजर डालिए.

ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म Jefferies के मुताबिक, भारत में MTF का कुल कारोबार पिछले दो साल में करीब दोगुना होकर 1.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.

इसकी एक वजह इंडेक्स ऑप्शंस मार्केट में नियमों का सख्त होना भी है. इसके अलावा डिस्काउंट ब्रोकरों की तरफ से मार्जिन पर शेयर खरीदने की सुविधा देने से भी MTF का इस्तेमाल बढ़ा है.

Jefferies के मुताबिक, भारत में MTF की कुल रकम कैश मार्केट के औसत दैनिक कारोबार यानी ADTO की करीब 1.2 गुना है. यह अनुपात चीन के लगभग बराबर है, जबकि विकसित बाजारों के मुकाबले कम है.

Reuters की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया था कि SEBI उधार लेकर शेयर खरीदने पर कुछ पाबंदियों पर विचार कर रहा है. इसकी वजह मार्जिन के सहारे शेयर खरीदने का बढ़ता कारोबार और रिटेल निवेशकों के लिए संभावित जोखिम है.

रिपोर्ट के मुताबिक, MTF के जरिए शेयरों में लगाया गया पैसा करीब 1.53 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. यह एक साल पहले के मुकाबले 29 फीसदी ज्यादा है और 2024 के आखिर के मुकाबले लगभग दोगुना है.

इसमें करीब दो-तिहाई रकम स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों से जुड़ी हुई है.

Jefferies ने MTF को लेकर क्या बताया?

Jefferies की रिपोर्ट में एक और दिलचस्प आंकड़ा सामने आया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, कुल MTF बुक का सिर्फ 4 फीसदी हिस्सा ऐसे शेयरों में है, जहां MTF के जरिए निवेश उस शेयर के फ्री फ्लोट के 10 फीसदी से ज्यादा है.

हालांकि, अगर इस सीमा को घटाकर 5 फीसदी कर दिया जाए, तो ऐसे शेयरों में MTF एक्सपोजर कुल बुक का 23 फीसदी हो जाता है.

इसका मतलब है कि प्रस्तावित नियम किस सीमा पर लागू होता है, उससे असर का दायरा बदल सकता है.

Jefferies का कहना है कि अगर MTF के जरिए होने वाला निवेश कम लिक्विड यानी कम खरीद-बिक्री वाले शेयरों से निकलकर ज्यादा लिक्विड शेयरों की तरफ जाता है, तो एक्सचेंज और डिपॉजिटरी कंपनियों पर इसका असर सीमित रह सकता है.

Angel One, Groww और BSE पर क्या असर होगा?

अब बात उन कंपनियों की जिनके शेयरों पर इस खबर का असर दिखा.

Jefferies के मुताबिक, MTF कारोबार बढ़ने से डिपॉजिटरी कंपनियों को शेयरों की प्लेज यानी गिरवी रखने से कमाई होती है. CDSL की कुल आय में प्लेज से मिलने वाली कमाई का हिस्सा करीब 2 से 3 फीसदी है.

वहीं NSE और BSE जैसे एक्सचेंजों को कैश मार्केट में बढ़ते कारोबार से फायदा मिलता है. Jefferies के मुताबिक, कैश टर्नओवर से एक्सचेंजों की आय में करीब 7 से 11 फीसदी का योगदान होता है.

हालांकि, Jefferies का मानना है कि अगर MTF निवेश ज्यादा लिक्विड शेयरों की तरफ शिफ्ट होता है, तो एक्सचेंजों और डिपॉजिटरी कंपनियों पर असर सीमित रह सकता है.

अब Groww की बात करते हैं.

Groww की पैरेंट कंपनी Billionbrains Garage Ventures का MTF एक्सपोजर बड़े डिस्काउंट ब्रोकरों में सबसे कम बताया गया है. कंपनी के कुल कारोबार में MTF की हिस्सेदारी करीब 3 फीसदी है.

हालांकि, कंपनी की MTF बुक FY25 के मुकाबले सात गुना बढ़कर FY27 की पहली छमाही में 4,300 करोड़ रुपये हो गई है.

कंपनी के ऑपरेटिंग रेवेन्यू में MTF का योगदान FY27 की पहली छमाही में करीब 9 फीसदी रहा. लेकिन इसके एक्टिव कैश ब्रोकिंग ग्राहकों में से सिर्फ 1.1 फीसदी ग्राहक ही FY27 की दूसरी तिमाही में MTF का इस्तेमाल कर रहे थे. जबकि दूसरे ब्रोकरों में यह आंकड़ा करीब 2.5 से 3 फीसदी है.

क्या MTF पर सख्ती से ब्रोकरों की ग्रोथ रुक जाएगी?

इस सवाल पर ब्रोकरेज फर्म Macquarie का कहना है कि SEBI की संभावित पाबंदियों का MTF कारोबार पर असर सीमित रह सकता है.

Macquarie के मुताबिक, ब्रोकर पहले से ही जोखिम संभालने और सट्टेबाजी जैसी गतिविधियों को कम करने के लिए कदम उठा रहे हैं.

फर्म का अनुमान है कि FY26 से FY30 के बीच MTF कारोबार में करीब 25 फीसदी की सालाना चक्रवृद्धि दर यानी CAGR से बढ़ोतरी हो सकती है. उसके मुताबिक, MTF अभी भी ब्रोकरों के लिए ग्रोथ का एक अहम जरिया है.

यानी बाजार में MTF को लेकर चिंता जरूर है, लेकिन ब्रोकरेज फर्मों को अभी इसके कारोबार की संभावनाएं दिख रही हैं.

निवेशकों के लिए क्या समझना जरूरी है?

इस पूरे मामले में सबसे अहम बात यह है कि SEBI ने अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है. इसलिए फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि MTF पर कितनी सख्ती होगी और किन कंपनियों पर इसका कितना असर पड़ेगा.

लेकिन निवेशकों के लिए एक बात साफ है. उधार लेकर शेयर खरीदने में जोखिम ज्यादा होता है. शेयर की कीमत गिरने पर नुकसान बढ़ सकता है और ब्याज का बोझ अलग रहता है.

इसलिए सिर्फ तेजी देखकर MTF के जरिए निवेश करना समझदारी नहीं है. निवेश करने से पहले अपनी जोखिम उठाने की क्षमता, ब्याज की लागत और शेयर की लिक्विडिटी को जरूर समझना चाहिए.

कुल मिलाकर, SEBI का मकसद MTF के बढ़ते इस्तेमाल से पैदा होने वाले जोखिम पर नजर रखना है. अब देखना होगा कि नियामक इस प्रस्ताव पर आगे क्या फैसला लेता है.