Shriram Finance का शानदार प्रदर्शन, पहली तिमाही में मुनाफा 60% बढ़कर ₹3,445 करोड़ पहुंचा

संदीप शर्मा

• 03:53 PM • 24 Jul 2026

श्रिराम फाइनेंस के जून 2026 तिमाही नतीजों में मुनाफा, शुद्ध ब्याज आय और कुल प्रबंधित संपत्ति में मजबूत बढ़त दिखी. जानें कितनी बढ़ी कमाई, एयूएम और ग्राहक पहुंच.

NewsTak
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

मुनाफा 60% बढ़कर ₹3,445 करोड़ पहुंचा

AUM ₹3.14 लाख करोड़ के पार

नेट इंटरेस्ट इनकम में 34% की बढ़त

देश की बड़ी नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनियों में शामिल Shriram Finance Limited ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के शानदार नतीजे पेश किए हैं. अप्रैल-जून 2026 तिमाही में कंपनी का मुनाफा करीब 60% बढ़कर 3,444.56 करोड़ रुपये पहुंच गया है. पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 2,155.73 करोड़ रुपये था. कंपनी ने बताया कि मजबूत लोन ग्रोथ, बेहतर ब्याज आय और ग्रामीण, छोटे शहरों में बढ़ती मांग से कारोबार को मजबूती मिली है.

Read more!

कमाई में जोरदार बढ़त

Shriram Finance की नेट इंटरेस्ट इनकम यानी ब्याज से होने वाली कमाई में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है. नेट इंटरेस्ट इनकम 33.67% बढ़कर 8,055.70 करोड़ रुपये हो गई. पिछले साल इसी तिमाही में NII 6,026.43 करोड़ रुपये थी. कंपनी का बेसिक EPS 11.46 रुपये से बढ़कर 14.83 रुपये पहुंच गया.

एसेट क्वालिटी स्थिर

Shriram Finance की एसेट क्वालिटी जून तिमाही में ज्यादातर स्थिर रही, हालांकि ग्रॉस NPA में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली.जून तिमाही में ग्रॉस NPA बढ़कर 4.64% हो गया, जो मार्च तिमाही में 4.58% था वहीं नेट NPA 2.33% पर स्थिर रहा. कंपनी को लोन लॉस और प्रोविजनिंग के लिए जून तिमाही में 1,463 करोड़ रुपये का प्रावधान करना पड़ा, जो पिछली तिमाही में 1,409 करोड़ रुपये था.

Return on Assets में सुधार

Return on Assets (RoA) बढ़कर 3.93% हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 2.76% था. हालांकि Return on Equity (RoE) में गिरावट आई और यह जून तिमाही में 12.76% रहा. मार्च तिमाही में RoE 18.73% और पिछले साल इसी तिमाही में 14.69% था. यानी कंपनी का मुनाफा और कारोबार बढ़ा है, लेकिन निवेशकों की नजर अब एसेट क्वालिटी और रिटर्न रेशियो पर भी रहेगी.

AUM 3.14 लाख करोड़ रुपये के पार

कंपनी का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) भी लगातार बढ़ा है. जून 2026 तक Shriram Finance का AUM 15.26% बढ़कर 3,13,798 करोड़ रुपये पहुंच गया है. कंपनी का सबसे बड़ा कारोबार अभी भी कमर्शियल व्हीकल लोन का है.

AUM में किस सेगमेंट की कितनी हिस्सेदारी?

सेग्मेंट साइज(रुपये) हिस्सेदारी
कमर्शियल व्हीकल लोन 1,47,034 करोड़ 46.86%
पैसेंजर व्हीकल लोन 68,650 करोड़ 21.88%
MSME लोन 41,962 करोड़  13.37%
टू-व्हीलर लोन 17,814 करोड़ 5.68%
पर्सनल लोन 11,421 करोड़ 3.64%
गोल्ड लोन 7,514 करोड़ 2.39%

ग्रामीण और छोटे शहरों में मांग मजबूत

कंपनी ने कहा कि उसके पास पर्याप्त लिक्विडिटी मौजूद है और ग्रामीण व अर्ध-शहरी क्षेत्रों में लोन की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है. छोटे कारोबारियों, ट्रांसपोर्ट सेक्टर और वाहन फाइनेंसिंग की बढ़ती जरूरतों से कंपनी को आगे भी फायदा मिलने की उम्मीद है.

आगे का आउटलुक

पहली तिमाही के मजबूत प्रदर्शन से संकेत मिलता है कि Shriram Finance का फोकस अपनी लोन बुक बढ़ाने और नए ग्राहकों तक पहुंच बनाने पर बना हुआ है. मजबूत AUM, बढ़ती ब्याज आय और बड़ा ग्राहक आधार कंपनी की ग्रोथ के प्रमुख आधार हैं. हालांकि, NBFC सेक्टर में ब्याज दरों, क्रेडिट क्वालिटी और लोन रिकवरी पर नजर रखना जरूरी होगा.