gold price today: सोना और चांदी की कीमतों में पिछले कुछ दिनों में तेज गिरावट दर्ज की गई है. आमतौर पर वैश्विक तनाव के समय इनकी कीमतें बढ़ती हैं, लेकिन मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बावजूद दोनों कीमती धातुओं में गिरावट देखने को मिल रही है. इससे निवेशकों के बीच असमंजस का माहौल बना हुआ है.
ADVERTISEMENT
एक हफ्ते में चांदी ₹32,000 तक गिरी
पिछले सप्ताह चांदी के दाम में भारी गिरावट देखने को मिली. 13 मार्च को MCX पर चांदी का भाव लगभग ₹2,59,435 प्रति किलो था, जो सप्ताह के अंत तक गिरकर ₹2,23,305 तक पहुंच गया. हालांकि हल्की रिकवरी के बाद क्लोजिंग ₹2,27,470 पर हुई, लेकिन पूरे सप्ताह में चांदी करीब ₹31,965 प्रति किलो सस्ती हो गई.
इस साल 29 जनवरी को चांदी ने ₹4,20,048 प्रति किलो का रिकॉर्ड स्तर छुआ था. अब मौजूदा कीमत की तुलना करें, तो चांदी लगभग ₹1,92,000 प्रति किलो तक नीचे आ चुकी है.
सोने में भी भारी गिरावट
सोने की कीमतों में भी लगातार कमजोरी बनी हुई है. 13 मार्च को MCX पर सोना ₹1,58,466 प्रति 10 ग्राम था, जो गिरकर ₹1,44,825 पर आ गया. इस तरह सिर्फ 5 कारोबारी दिनों में सोना ₹13,641 तक सस्ता हो गया. घरेलू बाजार (IBJA) में भी 24 कैरेट सोने का भाव 9,181 रुपये गिरकर 1,47,218 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है.
29 जनवरी को सोने ने ₹1,93,096 प्रति 10 ग्राम का लाइफ टाइम हाई बनाया था. मौजूदा कीमत के हिसाब से सोना करीब ₹48,000 तक सस्ता हो चुका है.
क्यों गिर रहे हैं दाम?
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, युद्ध के माहौल में भी कीमतों के गिरने के पीछे मुख्य रूप से तीन बड़े कारण हैं:
यूएस फेड का रुख: अमेरिका के फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को स्थिर रखने के फैसले से कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ा है.
डॉलर की मजबूती: अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर के मजबूत होने से निवेश सोने-चांदी से हटकर मुद्रा की ओर शिफ्ट हो रहा है.
क्रूड ऑयल और महंगाई: कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और ग्लोबल महंगाई की चिंताओं ने भी बाजार का सेंटिमेंट बिगाड़ा है.
(नोट: निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से चर्चा अवश्य करें.)
ADVERTISEMENT


