Silver Price Crash: चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट, हाई से ₹2.43 लाख सस्ती हुई, सोना भी टूटा

सौरभ दीक्षित

• 02:11 PM • 15 Nov 2026

सोना और चांदी की कीमतों में बीते सप्ताह बड़ी गिरावट दर्ज की गई. MCX पर चांदी एक सप्ताह में 8,244 रुपये सस्ती हुई और अपने रिकॉर्ड हाई से 2,43,505 रुपये नीचे आ गई. वहीं, सोना 5,417 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ. घरेलू बाजार में भी दोनों धातुओं के भाव गिरे.

NewsTak
Google CTA

सोना और चांदी खरीदने वालों के लिए बीता सप्ताह कीमतों के लिहाज से राहत भरा रहा. दोनों कीमती धातुओं के भाव में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. वायदा बाजार से लेकर घरेलू सर्राफा बाजार तक सोना-चांदी सस्ते हुए हैं. चांदी की कीमत अपने लाइफटाइम हाई से 2.43 लाख रुपये प्रति किलो से ज्यादा नीचे आ चुकी है. वहीं, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव भी एक सप्ताह में 5,400 रुपये से अधिक गिर गया है.

Read more!

चांदी एक सप्ताह में ₹8,244 सस्ती

सबसे पहले चांदी की कीमतों पर नजर डालें तो MCX पर 4 दिसंबर एक्सपायरी वाली चांदी शुक्रवार को मामूली तेजी के साथ 1,76,543 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई. इससे पिछले सप्ताह 6 नवंबर को इसका भाव 1,84,787 रुपये प्रति किलो था. इस तरह एक सप्ताह के कारोबार में चांदी की कीमत 8,244 रुपये प्रति किलो कम हो गई. हालांकि शुक्रवार को मामूली तेजी देखने को मिली, लेकिन कुल मिलाकर चांदी के भाव में बड़ी गिरावट दर्ज की गई.

अपने हाई से ₹2.43 लाख नीचे आया चांदी का भाव

चांदी की मौजूदा कीमत की तुलना इसके रिकॉर्ड स्तर से करें तो गिरावट और बड़ी नजर आती है. इस साल जनवरी में MCX पर चांदी का भाव 4,20,048 रुपये प्रति किलो के लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया था. अब इसका भाव घटकर 1,76,543 रुपये प्रति किलो रह गया है. यानी रिकॉर्ड स्तर से चांदी 2,43,505 रुपये प्रति किलो सस्ती हो चुकी है.

सोने की कीमत में भी ₹5,417 की गिरावट

चांदी के साथ सोने की कीमतों में भी गिरावट का सिलसिला जारी है. MCX पर 4 दिसंबर एक्सपायरी वाला वायदा सोना 6 नवंबर को 1,42,167 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, बीते शुक्रवार को इसकी कीमत घटकर 1,36,750 रुपये रह गई. इस तरह एक सप्ताह के दौरान सोना 5,417 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है.

घरेलू बाजार में भी सोना-चांदी के भाव गिरे

वायदा बाजार के साथ घरेलू सर्राफा बाजार में भी सोना और चांदी सस्ते हुए हैं. इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, चार दिन के कारोबार में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,41,452 रुपये से घटकर 1,35,809 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई. इस दौरान सोना 5,643 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ. वहीं, एक किलो चांदी का भाव 1,82,868 रुपये से गिरकर 1,78,000 रुपये पर आ गया. यानी चांदी की कीमत में 4,868 रुपये प्रति किलो की कमी आई.

ज्वेलरी खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

घरेलू बाजार में 18, 20, 22 और 24 कैरेट सोने की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, IBJA की ओर से जारी सोने-चांदी के भाव और सर्राफा दुकानों पर मिलने वाली ज्वेलरी की कीमत में अंतर हो सकता है. दरअसल, ज्वेलरी खरीदने पर ग्राहकों को सोने की कीमत के अलावा 3 फीसदी GST और मेकिंग चार्ज भी देना पड़ता है. ऐसे में अंतिम कीमत बढ़ जाती है.

नोट: सोने-चांदी या गोल्ड-सिल्वर ETF में निवेश करने से पहले अपने वित्तीय विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें.