Stock Scan: Mahindra के बड़े दांव से चमका SML Mahindra, 3 दिन में निवेशकों को दिया 44% रिटर्न !

संदीप शर्मा

• 02:06 PM • 31 Jul 2026

एसएमएल महिंद्रा के शेयर में तेज खरीदारी की बड़ी वजह महिंद्रा समूह की 525 करोड़ रुपये की डील है. इससे कारोबार, बाजार हिस्सेदारी और आगे की कमाई की तस्वीर बदल सकती है.

NewsTak
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

महिंद्रा समूह का ट्रक-बस कारोबार अब एसएमएल महिंद्रा के तहत आएगा

525 करोड़ रुपये की डील जनवरी 2027 तक पूरी होने की उम्मीद

डील के बाद कंपनी का कारोबार लगभग दोगुना होने की संभावना है

शेयर बाजार में कुछ स्टॉक्स ऐसे होते हैं, जिनमें अचानक आई तेजी निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींच लेती है. ऐसा ही कुछ SML Mahindra के शेयर के साथ देखने को मिला है. कंपनी के शेयर में पिछले कुछ कारोबारी सत्रों में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली, जिसके चलते शेयर ने नया ऑल टाइम हाई भी बना लिया.

Read more!

कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन दोपहर 2 बजे तक SML Mahindra के शेयर में करीब 3.25% की तेजी दर्ज की गई. वहीं पिछले सिर्फ 3 कारोबारी सत्रों में शेयर 44% से ज्यादा चढ़ चुका है.

अगर लंबी अवधि के प्रदर्शन पर नजर डालें तो शेयर ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है. पिछले 6 महीनों में शेयर करीब 60% चढ़ा है, जबकि 1 साल में इसने करीब 71% का रिटर्न दिया है. वहीं 3 साल की अवधि में शेयर में करीब 437% की जबरदस्त तेजी देखने को मिली है. हाल के दिनों में शेयर में ट्रेडिंग वॉल्यूम भी काफी बढ़ा है, जो संकेत देता है कि इसमें सिर्फ रिटेल निवेशक ही नहीं बल्कि बड़े निवेशकों की भी दिलचस्पी बढ़ी है. लेकिन सवाल यह है कि आखिर अचानक SML Mahindra के शेयर में इतनी बड़ी खरीदारी क्यों देखने को मिली?

Mahindra Group के बड़े फैसले से बदली कंपनी की कहानी

SML Mahindra के शेयर में आई तेजी की सबसे बड़ी वजह Mahindra Group का एक बड़ा रणनीतिक फैसला माना जा रहा है.

Mahindra Group ने अपने Mahindra Truck & Bus Division यानी MTBD को SML Mahindra में ट्रांसफर करने का फैसला किया है. यह डील करीब 525 करोड़ रुपये में पूरी होगी और इसके जनवरी 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है.अभी तक Mahindra Group का ट्रक और बस कारोबार अलग-अलग इकाइयों के जरिए चल रहा था. लेकिन इस ट्रांसफर के बाद यह पूरा कारोबार एक ही लिस्टेड कंपनी यानी SML Mahindra के अंतर्गत आ जाएगा. इसका मतलब यह है कि SML Mahindra को सिर्फ एक नया बिजनेस नहीं मिलेगा, बल्कि कंपनी का पूरा बिजनेस स्केल काफी बड़ा हो जाएगा.

कंपनी का कारोबार हो सकता है दोगुना

फिलहाल SML Mahindra का सालाना कारोबार करीब 2,900 करोड़ रुपये का है. लेकिन Mahindra Truck & Bus Division के जुड़ने के बाद कंपनी का रेवेन्यू बढ़कर करीब 5,900 करोड़ रुपये से 6,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है.

यानी इस डील के बाद कंपनी का कारोबार लगभग दोगुना हो सकता है.

इसके अलावा इस विलय से कंपनी को कई रणनीतिक फायदे मिलने की उम्मीद है.

  • कंपनी का प्रोडक्ट पोर्टफोलियो मजबूत होगा.
  • लाइट, इंटरमीडिएट और हेवी कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में मौजूदगी बढ़ेगी.
  • डीलर नेटवर्क को विस्तार मिलेगा.
  • मैन्युफैक्चरिंग और सोर्सिंग में लागत कम करने का फायदा मिल सकता है.
  • रिसर्च और नए प्रोडक्ट डेवलपमेंट में बेहतर तालमेल बनाया जा सकेगा.

Mahindra Group का लक्ष्य भी कमर्शियल व्हीकल बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना है. कंपनी FY31 तक घरेलू कमर्शियल व्हीकल मार्केट में अपनी हिस्सेदारी करीब 6% से बढ़ाकर 10-12% तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर चल रही है.

क्या करती है SML Mahindra?

SML Mahindra देश की प्रमुख कमर्शियल व्हीकल कंपनियों में शामिल है. कंपनी मुख्य रूप से बस, लाइट और इंटरमीडिएट कमर्शियल व्हीकल, ट्रक और स्पेशल एप्लिकेशन व्हीकल तैयार करती है. Mahindra Truck & Bus Division के जुड़ने के बाद कंपनी की मौजूदगी 3.5 टन से ऊपर वाले ट्रक और बस सेगमेंट में और मजबूत हो सकती है. इस डील के जरिए कंपनी को कमर्शियल व्हीकल बाजार में अपनी पकड़ बढ़ाने का बड़ा मौका मिल सकता है.

ब्रोकरेज को भी दिख रहा है ग्रोथ का मौका

SML Mahindra में आई तेजी को लेकर ब्रोकरेज फर्म्स भी सकारात्मक नजरिया रख रहे हैं. ICICI Securities के मुताबिक, यह डील SML Mahindra के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है. ब्रोकरेज का मानना है कि इस बदलाव के बाद कंपनी का रेवेन्यू लगभग दोगुना हो सकता है और मौजूदा वैल्यूएशन के आधार पर शेयर में करीब 35% तक और तेजी की संभावना बन सकती है.

हालांकि ब्रोकरेज ने कुछ जोखिमों की ओर भी इशारा किया है. ICICI Securities का कहना है कि बस कारोबार फिलहाल कंपनी के मार्जिन पर दबाव डाल सकता है. इसलिए बाजार शुरुआत में कंपनी को थोड़ा सतर्क वैल्यूएशन दे सकता है. वहीं JM Financial का मानना है कि Mahindra Group के लिए भी यह कदम फायदेमंद हो सकता है. पहले Truck & Bus Division कंपनी के मार्जिन पर दबाव डालता था, लेकिन एकीकृत कारोबार के बाद ऑपरेशनल एफिशिएंसी में सुधार की उम्मीद है.

निवेशकों ने भविष्य की ग्रोथ पर लगाया दांव

शेयर बाजार हमेशा भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखकर प्रतिक्रिया देता है. SML Mahindra के मामले में भी निवेशकों ने कंपनी के आने वाले बदलाव और ग्रोथ क्षमता को देखते हुए खरीदारी की है. Mahindra Group के इस फैसले से कंपनी का बिजनेस स्केल, मार्केट शेयर और ग्रोथ प्रोफाइल तीनों बदल सकते हैं. यही वजह है कि शेयर में पिछले कुछ दिनों में इतनी तेज खरीदारी देखने को मिली है.

हालांकि निवेशकों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि सिर्फ 3 कारोबारी दिनों में 44% से ज्यादा की तेजी के बाद शेयर में मुनाफावसूली का जोखिम भी बना रह सकता है. किसी भी निवेश फैसले से पहले कंपनी की वित्तीय स्थिति, वैल्यूएशन और बाजार के जोखिमों को समझना जरूरी है.