Stocks in News: आज तारीख है 13 जुलाई 2026, सोमवार का दिन है. अगर आप आज शेयर बाज़ार में ट्रेडिंग करने जा रहे हैं तो जरा संभलकर कदम बढ़ाइएगा क्योंकि अंतरराष्ट्रीय संकेत बहुत खराब हैं. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव और जियोपॉलिटिकल रिस्क का सीधा असर आज हमारे शेयर बाज़ार पर दिखने वाला है.
ADVERTISEMENT
आइए समझते हैं कि आज बाज़ार के लिए कौन से संकेत अच्छे हैं और कहां खतरा है.
ग्लोबल मार्केट से 'रेड सिग्नल': क्यों आ रही है गिरावट?
सबसे बड़ी चिंता की वजह है अमेरिका और ईरान के बीच छिड़ी जंग. अमेरिका ने रविवार को भी ईरान पर हवाई हमले किए. इससे पहले शनिवार को 140 ठिकानों पर बमबारी की गई थी. जवाब में ईरान ने भी जॉर्डन, कुवैत, बहरीन और ओमान में अमेरिकी ठिकानों पर हमला किया. ईरान ने ओमान तट के पास एक कमर्शियल शिप (GFS Galaxy) पर बड़ा हमला किया था. इस जहाज पर 11 भारतीय नागरिक सवार थे, जिनमें से 10 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी हत्या की आशंका जताते हुए ईरान को मिट्टी में मिलाने की धमकी दी है और कहा है कि '1000 मिसाइलें लॉक्ड एंड लोडेड' हैं.
अब इस तनाव की वजह से ब्रेंट क्रूड ऑयल सवा चार परसेंट (+4.35%) उछलकर $79.27 प्रति बैरल के पार निकल गया है. दुनिया का 20% तेल होर्मुज से गुज़रता है जिसे बंद करने का दावा ईरान कर रहा है. तेल का महंगा होना भारतीय बाज़ार को बिल्कुल नहीं पचेगा.
एशियाई बाज़ारों का हाल
आज सुबह GIFT Nifty में करीब 200 अंकों की गिरावट देखने को मिल रही है, जिससे साफ है कि आज बाज़ार की गैप डाउन (गिरावट के साथ) ओपनिंग तय है. इसके अलावा जापान का Nikkei करीब पौने दो परसेंट (1.7%) और दक्षिण कोरिया का Kospi लगभग पौने पांच परसेंट (4.7%) टूट चुके हैं.
डॉलर और सोना-चांदी: डॉलर इंडेक्स 101 के पार निकल गया है, जबकि सोने-चांदी में 1 से 2% की मुनाफावसूली (गिरावट) देखने को मिल रही है.
आज के लिए Nifty के अहम लेवल्स
भले ही पिछले दो कारोबारी सत्रों में निफ्टी ने करीब 400 अंकों की अच्छी रिकवरी दिखाई थी और मिडकैप इंडेक्स रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था, लेकिन आज की गिरावट इस तेज़ी पर ब्रेक लगा सकती है. तकनीकी तौर पर निफ्टी अब भी अपने 50 हफ्ते के औसत (24,379) के ऊपर क्लोजिंग नहीं दे पाया है.
ट्रेडर्स आज इन लेवल्स पर नज़र रखें:
अहम सपोर्ट ज़ोन (नीचे की तरफ): 24,050 से 23,900
रेज़िस्टेंस लेवल (ऊपर की तरफ): 24,300 से 24,350
संस्थागत निवेशक (FIIs/DIIs): बीते कारोबारी सत्र (10 जुलाई) में विदेशी निवेशकों (FIIs) ने कैश मार्केट में ₹2,603.72 करोड़ और घरेलू निवेशकों (DIIs) ने ₹2,019.68 करोड़ की खरीदारी की थी.
इन कंपनियों के शेयरों में रहेगी हलचल (तिमाही नतीजे)
आज बाज़ार खबरों के साथ-साथ कॉर्पोरेट अर्निंग्स (तिमाही नतीजों) पर भी बड़ा रिएक्शन दिखाएगा. बाज़ार बंद होने के बाद कुछ बड़ी कंपनियों के पहली तिमाही (Q1) के नतीजे आए हैं, जिनके शेयरों में आज हलचल रहेगी:
- Avenue Supermarts (DMart): मुनाफा 12.8% बढ़कर ₹936 करोड़ रहा और आय भी 15.1% बढ़ी.
- L&T Finance: बहुत शानदार नतीजे! मुनाफा 28.7% बढ़कर ₹902 करोड़ हो गया है.
- Just Dial: मुनाफा 4.1% की बढ़त के साथ ₹166 करोड़ रहा.
- Avantel: मुनाफे में 67.4% का बड़ा उछाल आया है (₹5.4 करोड़).
- Adani Green: कंपनी की एनर्जी सेल्स 30% बढ़ी है और 2030 तक क्षमता को 50 GW पहुँचाने का लक्ष्य है.
आज किसके नतीजे आएंगे?
आज बाज़ार के दौरान HCL Tech, ICICI Pru Life और ICICI Pru AMC जैसी कंपनियां अपने नतीजे जारी करेंगी.
पूरा हफ्ता है रिजल्ट पैक्ड: इस हफ्ते HDFC Bank, Reliance, ICICI Bank, Kotak Bank, Axis Bank, Wipro, Tech Mahindra, JSW Steel, HDFC Life और Jio Financial जैसी दिग्गज कंपनियों के नतीजे आने वाले हैं. वहीं अमेरिका में भी JPMorgan Chase, Goldman Sachs, Morgan Stanley, और Netflix जैसे बड़े बैंकों और कंपनियों के नतीजे इसी हफ्ते आएंगे.
IPO अपडेट, कहाँ है मौका?
- Kusumgar Ltd IPO: यह आईपीओ भारी डिमांड के साथ कुल 128.85 गुना भरकर बंद हुआ है.
- Laser Power & Infra IPO: आज इस आईपीओ में निवेश करने का आखिरी दिन है. अब तक यह सिर्फ 1 गुना भरा है. इसका प्राइस बैंड ₹203-214 है.
- F&O बैन अपडेट: आज केवल Kaynes का शेयर F&O बैन लिस्ट में बरक़रार है.
बाज़ार के लिए आज की सलाह
आज बाज़ार दोतरफा चाल दिखा सकता है. यदि अमेरिका या डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से कोई पॉजिटिव बयान आता है, तो निचले स्तरों से रिकवरी की उम्मीद भी बन सकती है. साथ ही कल अमेरिका में जून महीने के CPI महंगाई के आंकड़े भी आने वाले हैं, जो फेड की ब्याज दरों की दिशा तय करेंगे. इसलिए आज शुरुआत में जल्दबाज़ी न करें, अपने रिस्क मैनेजमेंट सिस्टम को टाइट रखें और स्टॉपलॉस का इस्तेमाल ज़रूर करें!
ADVERTISEMENT

