Suzlon Energy Share: बाजार में गिरावट के बीच सुजलॉन में तेजी, मोतीलाल ओसवाल ने दिया ₹65 का टारगेट

संदीप शर्मा

• 04:17 PM • 12 Oct 2026

Suzlon Energy Share: सुजलॉन एनर्जी के शेयर में तेजी के बीच मोतीलाल ओसवाल ने Buy रेटिंग बरकरार रखते हुए 65 रुपये का टारगेट दिया है. इस रिपोर्ट के बाद आज शेयर में अच्छी खरीदारी देखने को मिली.

NewsTak
Google CTA
▌

न्यूज़ हाइलाइट्स

बाजार में गिरावट के बीच सुजलॉन में करीब 5% की तेजी

मोतीलाल ओसवाल की Buy रेटिंग बरकरार

कंपनी के पास 5.9 GW की ऑर्डर बुक

दूसरी छमाही में डिलीवरी बढ़ने की उम्मीद


शेयर बाजार में गिरावट के बीच सुजलॉन एनर्जी के शेयर में करीब 5 फीसदी की तेजी देखने को मिली. पिछले तीन महीनों में गिरावट का सामना करने वाले इस शेयर पर अब ब्रोकरेज हाउस मोतीलाल ओसवाल ने भरोसा जताया है. ब्रोकरेज ने शेयर पर Buy रेटिंग बरकरार रखते हुए 65 रुपये का लक्ष्य दिया है. मौजूदा भाव ये तकरीबन 68 फीसदी की संभावित तेजी का संकेत देता है. कंपनी की मजबूत ऑर्डर बुक, आने वाले महीनों में डिलीवरी बढ़ने की उम्मीद और देश में विंड एनर्जी की बढ़ती मांग को शेयर के लिए पॉजिटिव संकेत माना जा रहा है.

Read more!

शेयर का प्रदर्शन?

सोमवार को सुजलॉन एनर्जी का शेयर 5 फीसदी से ज्यादा की तेज़ी के साथ बंद हुआ. इस दौरान सेंसेक्स करीब 0.8 फीसदी गिरावट में था. यानी बाजार में कमजोरी के बावजूद सुजलॉन के शेयर में खरीदारी देखने को मिली. हालांकि, हालिया तेजी के बावजूद शेयर का प्रदर्शन पिछले कुछ महीनों में कमजोर रहा है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, तीन महीने में शेयर करीब 26 फीसदी और छह महीने में 11 फीसदी गिरा है. वहीं, तीन साल में इसने करीब 40 फीसदी और पांच साल में 445 फीसदी का रिटर्न दिया है. इससे साफ है कि लंबी अवधि में शेयर ने अच्छा रिटर्न दिया है, लेकिन हाल के महीनों में निवेशकों को दबाव का सामना करना पड़ा है.

तेजी की वजह क्या है?

सुजलॉन एनर्जी के शेयर में तेजी की एक बड़ी वजह कंपनी की मजबूत ऑर्डर बुक है. कारोबारी साल 2027 की पहली तिमाही में कंपनी के पास 5.9 गीगावॉट की ऑर्डर बुक थी. इसके अलावा, वित्त वर्ष की शुरुआत से अब तक कंपनी को करीब 1.3 गीगावॉट के नए ऑर्डर मिले हैं. दूसरी वजह आने वाले महीनों में डिलीवरी बढ़ने की उम्मीद है. मोतीलाल ओसवाल के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में कंपनी की डिलीवरी करीब 1.2 गीगावॉट रह सकती है, जबकि दूसरी छमाही में इसके बढ़कर 2.1 गीगावॉट तक पहुंचने का अनुमान है. इसके अलावा, देश में विंड एनर्जी की बढ़ती मांग भी सुजलॉन के लिए पॉजिटिव संकेत है. 

मोतीलाल ओसवाल का नजरिया?

मोतीलाल ओसवाल ने सुजलॉन एनर्जी पर Buy रेटिंग बरकरार रखी है और 65 रुपये का लक्ष्य दिया है. ब्रोकरेज का मानना है कि पिछले कुछ महीनों में शेयर में आई गिरावट के बाद शेयर के वैल्यूएशन पहले के मुकाबले आकर्षक हुए हैं. ब्रोकरेज के मुताबिक, सुजलॉन वित्त वर्ष 2028 की अनुमानित प्रति शेयर कमाई के करीब 17.5 गुना पर कारोबार कर रहा है. ये उसके एक साल के फॉरवर्ड औसत वैल्यूएशन के मुकाबले करीब 20 फीसदी कम है. मोतीलाल ओसवाल को उम्मीद है कि कारोबारी साल 2026 से 2028 के बीच कंपनी का EBITDA यानी कामकाजी आय औसतन करीब 22 फीसदी की दर से बढ़ सकता है. ब्रोकरेज ने 65 रुपये का टारगेट वित्त वर्ष 2028 की अनुमानित प्रति शेयर कमाई पर 30 गुना वैल्यूएशन के आधार पर तय किया है.

क्या हैं जोखिम?

मजबूत ऑर्डर बुक का फायदा तभी मिलेगा, जब कंपनी समय पर ऑर्डर पूरे कर सके और डिलीवरी के साथ भुगतान भी समय पर मिले. अगर डिलीवरी में देरी होती है या मुनाफे में बढ़ोतरी ब्रोकरेज के अनुमान से कम रहती है, तो शेयर पर दबाव आ सकता है. पिछले कुछ महीनों में शेयर में आई गिरावट भी दिखाती है कि इसमें उतार-चढ़ाव का जोखिम बना हुआ है. इसके अलावा, 65 रुपये का टारगेट भविष्य की कमाई और वैल्यूएशन के अनुमान पर आधारित है. इसे शेयर के उस स्तर तक पहुंचने की गारंटी नहीं माना जाना चाहिए.

डिस्क्लेमर: ये केवल जानकारी और शिक्षा के उद्देश्य से बनाया गया है. इसमें दी गई राय, ब्रोकरेज रिपोर्ट और आंकड़े सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी पर आधारित हैं. यह किसी भी शेयर में खरीदने या बेचने की सलाह नहीं है. शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है. निवेश का कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें.