Swan Defence and Heavy Industries (SDHI) के शेयर गुरुवार को शुरुआती कारोबार में करीब 2% तक चढ़ गए. कंपनी को डेनमार्क की समुद्री सेवा कंपनी Svitzer से 4 अत्याधुनिक TRAnsverse 3200 Harbour Tug बनाने का एक्सपोर्ट ऑर्डर मिला है. इस खबर के बाद शेयर इंट्राडे में 2,600 रुपये तक पहुंच गया.
ADVERTISEMENT
2028 से शुरू होगी डिलीवरी
स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी के मुताबिक, इन चारों टगबोट्स का निर्माण गुजरात के पिपावाव शिपयार्ड में किया जाएगा. इनकी डिलीवरी 2028 की शुरुआत से शुरू होगी. कंपनी ने बताया कि यह ऑर्डर दुनिया के कई बड़े शिपयार्ड्स के बीच हुई प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के बाद मिला है. इन जहाजों का निर्माण Bureau Veritas के अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार किया जाएगा.
TRAnsverse 3200 टग क्यों खास?
TRAnsverse 3200 टग को मशहूर नेवल आर्किटेक्ट Robert Allan Ltd. और Svitzer ने मिलकर विकसित किया है. इनका इस्तेमाल बंदरगाहों पर बड़े जहाजों को सुरक्षित तरीके से मार्गदर्शन देने और खींचने (Harbour Towage & Escort Operations) के लिए किया जाता है.
TRAnsverse 3200 टग की खूबियां
- 80 टन तक खींचने (Bollard Pull) की क्षमता
- पारंपरिक टगबोट्स की तुलना में 15% तक कम ईंधन की खपत
- विशेष हाइड्रोडायनामिक हुल और ओम्नी-डायरेक्शनल प्रोपल्शन सिस्टम
- खराब मौसम और संकरे पोर्ट चैनलों में भी सुरक्षित संचालन
- बायोफ्यूल के लिए तैयार
- IMO Tier III उत्सर्जन मानकों का पालन
- FiFi1 फायरफाइटिंग सिस्टम से लैस
कंपनी ने क्या कहा?
Swan Defence के CEO रियर एडमिरल (सेवानिवृत्त) विपिन कुमार सक्सेना ने कहा कि दुनिया के सबसे आधुनिक टगबोट्स में से एक का निर्माण करना कंपनी के लिए बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि Svitzer की कड़ी चयन प्रक्रिया में सफल होना कंपनी की इंजीनियरिंग क्षमता का प्रमाण है.उन्होंने बताया कि यह SDHI का लगातार चौथा एक्सपोर्ट ऑर्डर है, जो यह दिखाता है कि वैश्विक ग्राहक भारतीय शिपबिल्डिंग कंपनियों पर लगातार भरोसा जता रहे हैं.
Svitzer ने क्या कहा?
Svitzer के CEO कैस्पर फ्रिस निलाउस ने कहा कि TRAnsverse 3200 टग डिजाइन से बंदरगाहों की उत्पादकता, सुरक्षा और ईंधन दक्षता में सुधार होगा. उन्होंने कहा कि SDHI के साथ यह साझेदारी दुनिया भर के ग्राहकों और समुद्री सप्लाई चेन को बेहतर सेवाएं देने में मदद करेगी.उन्होंने यह भी कहा कि यह ऑर्डर भारत के Maritime India Vision 2030, Make in India और आत्मनिर्भर भारत जैसे सरकारी अभियानों के प्रति Svitzer की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है.
Svitzer का प्लान
कोपेनहेगन स्थित Svitzer दुनिया भर में 500 से अधिक जहाजों का संचालन करती है. यह ऑर्डर कंपनी के लंबे समय के Fleet Renewal Programme का हिस्सा है, जिसके तहत वह आधुनिक और अधिक ईंधन-कुशल जहाजों को अपने बेड़े में शामिल कर रही है. खास बात यह है कि Svitzer पहले से ही पिपावाव पोर्ट पर हार्बर टॉवेज सेवाएं भी संचालित करती है.
शेयर का प्रदर्शन
बुधवार को Swan Defence का शेयर 1.4% की बढ़त के साथ 2,564.90 रुपये पर बंद हुआ था. वहीं, गुरुवार को ऑर्डर की खबर के बाद शेयर शुरुआती कारोबार में 2% तक उछलकर 2,600 रुपये के करीब पहुंच गया. साल 2026 में अब तक यह शेयर 75% से अधिक की तेजी दिखा चुका है. ऐसे में निवेशकों की नजर अब इस ऑर्डर के कंपनी के भविष्य के कारोबार और ऑर्डर बुक पर पड़ने वाले असर पर रहेगी.
ADVERTISEMENT

