देश के बड़े कारोबारी घरानों में शामिल TVS परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद अब अदालत पहुंच गया है. टीवीएस ग्रुप के दिग्गज कारोबारी वेणु श्रीनिवासन की बेटी डॉ. लक्ष्मी वेणु ने संयुक्त पारिवारिक संपत्तियों में अपना कानूनी हिस्सा मांगते हुए मद्रास हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. उन्होंने परिवार की संपत्तियों के औपचारिक बंटवारे और अपने हिस्से के अधिकार की मांग की है. इस विवाद में उनके भाई सुदर्शन वेणु का नाम भी सामने आया है. लक्ष्मी का आरोप है कि पारिवारिक संपत्तियों में उनके भाई को उनसे ज्यादा फायदा दिया गया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
डॉ. लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर वेणु श्रीनिवासन परिवार की संयुक्त संपत्तियों के बंटवारे की मांग की है. उनका कहना है कि परिवार के भीतर आपसी बातचीत से विवाद सुलझाने की कई कोशिशें की गईं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला. इसके बाद उन्हें अदालत का रुख करना पड़ा. लक्ष्मी के मुताबिक, उनके परदादा और दादा की बनाई विरासत पर जितना अधिकार उनके भाइयों का है, उतना ही उनका भी है. उन्होंने संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज और वित्तीय जानकारी उपलब्ध कराने की भी मांग की है. उनका आरोप है कि कई बार अनुरोध करने के बावजूद उन्हें जरूरी जानकारी नहीं दी गई.
भाई सुदर्शन वेणु पर क्या आरोप?
लक्ष्मी वेणु ने आरोप लगाया है कि उनके भाई सुदर्शन वेणु को पारिवारिक संपत्तियों में उनसे ज्यादा लाभकारी हिस्सेदारी दी गई है. उनका कहना है कि इस तरह संपत्ति के मालिकाना हक का बड़ा हिस्सा भाई के पक्ष में केंद्रित हो गया और उनके अधिकारों की अनदेखी हुई. उन्होंने अपने दावे के समर्थन में हिंदू उत्तराधिकार कानून, 1956 में 2005 के संशोधन का हवाला दिया है. खासतौर पर इस कानून की धारा 6 के तहत बेटियों को भी संयुक्त हिंदू परिवार की पैतृक संपत्ति में बेटों के बराबर अधिकार मिलता है.
किन कंपनियों और संपत्तियों को लेकर विवाद?
ये विवाद सिर्फ किसी एक संपत्ति तक सीमित नहीं है. इसमें TVS परिवार की कई बड़ी कंपनियों और पारिवारिक निवेश से जुड़े हित शामिल हैं.
इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
- TVS Holdings
- TVS Motor Company
- TVS Credit Services
- Sundaram-Clayton
- VS Trust के जरिए रखी गई पारिवारिक संपत्तियां और निवेश
ये संपत्तियां वेणु श्रीनिवासन परिवार की उस शाखा से जुड़ी हैं, जिसे साल 2020 में हुए TVS परिवार के आपसी समझौते के तहत कारोबार और संपत्तियां आवंटित की गई थीं.
2024 के समझौते पर भी विवाद
इस पूरे मामले में 21 मार्च 2024 को वेणु श्रीनिवासन, मल्लिका श्रीनिवासन और उनके बच्चों के बीच हुए एक समझौता ज्ञापन यानी Memorandum of Understanding (MoU) की भी अहम भूमिका है. वेणु श्रीनिवासन और उनके बेटे सुदर्शन वेणु के पक्ष का कहना है कि इस समझौते के जरिए संपत्तियों का बंटवारा तय हो गया था. इसके तहत लक्ष्मी वेणु को Sundaram-Clayton और सुदर्शन वेणु को TVS Motor Company दी गई थी. हालांकि, मल्लिका श्रीनिवासन और लक्ष्मी वेणु का पक्ष इस व्याख्या से सहमत नहीं है. उनका कहना है कि यह समझौता कंपनियों के ब्रांड इस्तेमाल और प्रतिस्पर्धा से जुड़े नियमों को लेकर था, न कि संपत्तियों के मालिकाना हक के बंटवारे के लिए. इससे पहले 16 नवंबर 2026 को लक्ष्मी ने अपने पिता वेणु श्रीनिवासन को औपचारिक नोटिस भेजकर पारिवारिक संपत्तियों का निष्पक्ष और कानूनी तरीके से बंटवारा सुनिश्चित करने की मांग की थी.
मां मल्लिका श्रीनिवासन ने बेटी का किया समर्थन
इस विवाद में लक्ष्मी वेणु को उनकी मां मल्लिका श्रीनिवासन का भी समर्थन मिला है. मल्लिका ने कहा है कि बेटे और बेटी दोनों परिवार में बराबर हैं और लक्ष्मी का पारिवारिक संपत्तियों में वैध हिस्सा है. उन्होंने कहा कि लक्ष्मी को अपने भाई सुदर्शन के बराबर पारिवारिक संपत्तियों में अधिकार मिलना चाहिए. मल्लिका के मुताबिक, नोटिस का जवाब मिलने के बाद भी विवाद को आपसी बातचीत से सुलझाने की दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई.
कंपनी के कारोबार पर क्या होगा असर?
लक्ष्मी वेणु ने साफ किया है कि उनकी कानूनी लड़ाई किसी कंपनी के रोजमर्रा के कामकाज या कारोबार के खिलाफ नहीं है. उनका विवाद सिर्फ संयुक्त पारिवारिक संपत्तियों के मालिकाना हक और बंटवारे को लेकर है. उनका कहना है कि पारिवारिक संपत्तियों का बंटवारा कानून के मुताबिक व्यवस्थित तरीके से किया जा सकता है और इससे कंपनियों के संचालन पर असर पड़ना जरूरी नहीं है. फिलहाल ये मामला TVS परिवार की संपत्तियों और उत्तराधिकार के अधिकारों को लेकर एक बड़े कानूनी विवाद में बदल गया है. अब सबकी नजर मद्रास हाईकोर्ट की कार्यवाही और परिवार के भीतर संपत्ति के बंटवारे को लेकर होने वाले अगले घटनाक्रम पर रहेगी.
ADVERTISEMENT

