Tata की कार खरीदना पड़ेगा महंगा, सितंबर से कंपनी बढ़ाने जा रही रेट

NewsTak Web

21 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 21 2026 12:45 PM)

टाटा मोटर्स 1 सितंबर से अपनी कारों और एसयूवी की कीमतें बढ़ाएगी. जानिए किन मॉडलों और वैरिएंट पर असर होगा, और कंपनी ने बढ़ोतरी की वजह क्या बताई.

NewsTak
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

Tata Motors की कारें 1 सितंबर से महंगी होंगी.

ICE के साथ Tata की EVs भी होंगी महंगी.

बढ़ती इनपुट और कमोडिटी लागत बनी कीमत बढ़ाने की वजह.

अगर आप Tata Motors की कार या SUV खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है. Tata Motors Passenger Vehicles ने अपनी कारों और SUVs की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है. कंपनी के मुताबिक, 1 सितंबर 2026 से उसकी गाड़ियों की कीमतों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी.कंपनी ने बताया कि यह बढ़ोतरी उसके पूरे पैसेंजर व्हीकल पोर्टफोलियो पर लागू होगी. हालांकि, अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से कीमत में बढ़ोतरी अलग-अलग होगी.

Read more!

क्यों बढ़ाए जा रहे हैं कारों के दाम?

Tata Motors ने कीमतें बढ़ाने के पीछे इनपुट और कमोडिटी की बढ़ती लागत को वजह बताया है. इसके अलावा लगातार बनी हुई महंगाई और दुनिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण भी लागत पर दबाव बढ़ रहा है.कंपनी का कहना है कि वह बढ़ती लागत का एक बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही है. हालांकि, लागत में लगातार बढ़ोतरी के कारण इसका कुछ हिस्सा अब ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है.

पेट्रोल-डीजल और इलेक्ट्रिक दोनों कारें होंगी महंगी

इस कीमत बढ़ोतरी का असर सिर्फ पेट्रोल और डीजल कारों पर नहीं पड़ेगा. Tata Motors की ICE यानी पेट्रोल-डीजल गाड़ियों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक कारों (EV) की कीमतें भी बढ़ेंगी. इसका मतलब है कि Tata Punch, Nexon, Altroz, Harrier, Safari जैसे मॉडल खरीदने वाले ग्राहकों को सितंबर से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है. इलेक्ट्रिक कार खरीदने वालों पर भी कीमत बढ़ोतरी का असर पड़ेगा.

इस साल दूसरी बार बढ़े दाम

खास बात यह है कि Tata Motors ने इसी तिमाही में दूसरी बार अपनी पैसेंजर गाड़ियों की कीमत बढ़ाने का फैसला किया है. इससे पहले जून में कंपनी ने अपनी ICE और EV दोनों गाड़ियों की कीमतों में 1.5% तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया था. यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से लागू हुई थी. 

मारुति और Hyundai भी बढ़ा चुकी हैं कीमतें

Tata Motors अकेली कंपनी नहीं है जिसने हाल में कारों के दाम बढ़ाने का फैसला किया है. Hyundai Motor India ने 19 अगस्त को ऐलान किया था कि सितंबर 2026 से उसके पूरे पोर्टफोलियो की कीमतों में 1% तक की बढ़ोतरी होगी. Hyundai ने भी इसके पीछे बढ़ती इनपुट और कमोडिटी लागत को वजह बताया. वहीं, Maruti Suzuki ने पिछले महीने अपनी कारों की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की थी. यह करीब दो महीने के भीतर कंपनी की दूसरी पोर्टफोलियो-वाइड कीमत बढ़ोतरी थी.

ग्राहकों पर क्या होगा असर?

कारों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सीधा असर नए ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा. अगर कोई ग्राहक Tata Motors की कार खरीदने की योजना बना रहा है तो 31 अगस्त तक बुकिंग या खरीद करने पर वह बढ़ी हुई कीमत से बच सकता है, हालांकि यह इस बात पर निर्भर करेगा कि कंपनी की नई कीमतें बुकिंग, इनवॉइस या डिलीवरी के समय किस तरह लागू करती है.कुल मिलाकर, बढ़ती लागत का असर अब ऑटो कंपनियों की कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है. Tata Motors के बाद Hyundai और Maruti Suzuki की कीमत बढ़ोतरी भी दिखाती है कि कंपनियां लागत के दबाव का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचा रही हैं.

2026 में 10 लाख रुपए के अंदर 5 बेहतरीन कारें, जानिए कार गुरु की खास पसंद और कार मेंटेनेंस के बेस्ट टिप्स