देश की दिग्गज पावर कंपनी Tata Power ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी के मुनाफे में अच्छी बढ़त देखने को मिली है. साथ ही कंपनी ने रिन्यूएबल एनर्जी यानी ग्रीन एनर्जी के कारोबार को तेजी से बढ़ाने का रोडमैप भी सामने रखा है.
ADVERTISEMENT
Q1 में आय, मुनाफे में बढ़त
Tata Power का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट अप्रैल-जून तिमाही में सालाना आधार पर 11 फीसदी बढ़कर 1,401 करोड़ रुपये पहुंच गया है. पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 1,262 करोड़ रुपये था. वहीं, कंपनी की ऑपरेशंस से आय भी बढ़ी है. आय 5.6 फीसदी बढ़कर 19,051 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 18,035 करोड़ रुपये था. कंपनी की कुल आय भी बढ़कर 19,439 करोड़ रुपये हो गई.
रिकॉर्ड कैपेक्स, ग्रीन एनर्जी पर फोकस
Tata Power ने पहली तिमाही में अब तक का सबसे ज्यादा तिमाही कैपिटल एक्सपेंडिचर यानी पूंजी खर्च किया है. कंपनी ने Q1FY27 में 5,375 करोड़ रुपये का निवेश किया है. कंपनी का कहना है कि उसने अपने निर्माणाधीन रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स के लिए जमीन का अधिग्रहण पूरा कर लिया है और भविष्य की योजनाओं के लिए बड़ा लैंड बैंक तैयार कर रही है.Tata Power का लक्ष्य वित्त वर्ष 2026-27 में 2.5 गीगावाट नई रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता जोड़ने का है.
12 GW का रिन्यूएबल पोर्टफोलियो
- 6.7 GW चालू क्षमता
- 5.4 GW सोलर एनर्जी
- 1.3 GW विंड एनर्जी
- 5.3 GW प्रोजेक्ट निर्माणाधीन हैं
कंपनी तेजी से सोलर बिजनेस का विस्तार कर रही है. पहली तिमाही में Tata Power ने 371 MWp रूफटॉप सोलर क्षमता इंस्टॉल की. इसके साथ ही कंपनी की कुल रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन क्षमता 5.2 GWp हो गई है.
2030 तक 30 लाख घरों में रूफटॉप सोलर का लक्ष्य
Tata Power का बड़ा लक्ष्य देश के 30 लाख घरों में रूफटॉप सोलर लगाने का है. कंपनी का अनुमान है कि इससे 2030 तक करीब 30,000 करोड़ रुपये का कारोबार हासिल किया जा सकता है. कंपनी की सोलर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट ने भी शानदार प्रदर्शन किया है. Tata Power Solar ने पहली बार एक तिमाही में 1,001 MW सोलर मॉड्यूल और 862 MW सोलर सेल का उत्पादन किया.
सोलर मैन्युफैक्चरिंग में बड़ा विस्तार
Tata Power सोलर वैल्यू चेन में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए 10 GW फोटोवोल्टिक इनगॉट और वेफर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने की योजना पर काम कर रही है. ये प्रोजेक्ट दो चरणों में पूरा किया जाएगा. कंपनी ने इसके लिए ओडिशा के गोपालपुर SEZ के साथ 128 एकड़ जमीन के लिए समझौता किया है.
Tata Power के CEO और MD प्रवीर सिन्हा ने कहा कि कंपनी ने पहली तिमाही में 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश कर वित्त वर्ष की शुरुआत मजबूत परियोजना योजनाओं के साथ की है. उन्होंने कहा कि मुंद्रा प्लांट का पूरी क्षमता से संचालन, तेजी से बढ़ता रूफटॉप सोलर कारोबार और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा साझेदारी कंपनी की स्थिति को और मजबूत कर रहे हैं.
ओडिशा डिस्कॉम का भी बेहतर प्रदर्शन
कंपनी की ओडिशा डिस्कॉम कंपनियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है. इनका प्रॉफिट आफ्टर टैक्स 6 फीसदी बढ़कर 111 करोड़ रुपये हो गया. Tata Power का कहना है कि बेहतर ऑपरेशनल प्रदर्शन, बढ़ती बिजली मांग और नई साझेदारियों के चलते कंपनी आगे भी ग्रोथ के लिए तैयार है.
निवेशकों के लिए क्या संकेत?
Tata Power के तिमाही नतीजे बताते हैं कि कंपनी पारंपरिक बिजली कारोबार के साथ-साथ तेजी से बढ़ते ग्रीन एनर्जी सेक्टर में अपनी पकड़ मजबूत कर रही है. हालांकि, बड़े निवेश और नए प्रोजेक्ट्स के कारण कंपनी के खर्च भी बढ़ रहे हैं. ऐसे में आने वाले समय में प्रोजेक्ट्स की समय पर शुरुआत और रिटर्न पर निवेशकों की नजर रहेगी.
ADVERTISEMENT

