TCS Q2 Results 2026: TCS ने दी डबल गुड न्यूज! मुनाफा 15% बढ़ा, 12 रुपये डिविडेंड का ऐलान

संदीप शर्मा

08 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 8 2026 4:36 PM)

TCS का सितंबर तिमाही में नेट प्रॉफिट 15% बढ़कर ₹13,884 करोड़ हुआ. कंपनी ने ₹12 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान किया। जानिए TCS की कमाई, AI रेवेन्यू, बड़ी डील और कारोबार का पूरा अपडेट.

NewsTak
Google CTA
▌

न्यूज़ हाइलाइट्स

Q2 में TCS का मुनाफा 15% बढ़कर ₹13,884 करोड़ रुपये (YoY)

आय 65,799 करोड़ रुपये से बढ़कर 73,188 करोड़ रुपये (YoY)

कंपनी छोड़ने की दर 13.3 फीसदी पर स्थिर

12 रुपये प्रति शेयर के दूसरे अंतरिम डिविडेंड का ऐलान

देश की सबसे बड़ी IT कंपनियों में शामिल टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानी TCS ने कारोबारी साल 2027 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. सितंबर तिमाही में कंपनी के मुनाफे में अच्छी बढ़ोतरी हुई है. साथ ही TCS ने निवेशकों के लिए 12 रुपये प्रति शेयर के दूसरे अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है.

Read more!

Q2 में मुनाफा 15% बढ़ा

TCS का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 15 फीसदी बढ़कर 13,884 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 12,075 करोड़ रुपये था. कंपनी की कमाई यानी ऑपरेशनल रेवेन्यू भी बढ़ा है. दूसरी तिमाही में TCS का रेवेन्यू 11 फीसदी बढ़कर 73,188 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 65,799 करोड़ रुपये था.

₹12 प्रति शेयर डिविडेंड

TCS के बोर्ड ने कारोबारी साल 2027 के लिए 12 रुपये प्रति शेयर के दूसरे अंतरिम डिविडेंड को भी मंजूरी दी है. यानी कंपनी ने तिमाही नतीजों के साथ निवेशकों को डिविडेंड का भी तोहफा दिया है.

AI से कारोबार बढ़ा

TCS के लिए इस तिमाही की सबसे खास बात AI से जुड़ा कारोबार रहा. कंपनी ने बताया कि दूसरी तिमाही में उसका सालाना AI रेवेन्यू 3.1 अरब डॉलर तक पहुंच गया है. यह कंपनी के कुल रेवेन्यू का 10 फीसदी से ज्यादा है. कंपनी के मुताबिक AI से जुड़े काम की मांग बनी हुई है. इसमें AI आधारित नए सॉल्यूशन, कंपनियों के कारोबार में AI का इस्तेमाल बढ़ाना, ऑटोमेशन और साइबर सिक्योरिटी जैसे काम शामिल हैं.

बड़ी डील से मिला सहारा

TCS को सितंबर तिमाही में कुल 9.6 अरब डॉलर की डील मिली हैं. कमजोर IT डिमांड के बीच ये बड़ी डील कंपनी के लिए काफी अहम हैं. TCS ने Porsche के साथ 5 साल की पार्टनरशिप की है. इसके अलावा Porsche की जर्मनी स्थित IT और मैनेजमेंट कंसल्टिंग कंपनी MHP को खरीदने की योजना भी है. कंपनी ने Best Buy के साथ भी करार किया है. इसके तहत Best Buy का भारत स्थित ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर TCS को ट्रांसफर किया जाएगा और इसे AI कैपेबिलिटी सेंटर में बदला जाएगा.

किन कारोबार में बढ़ी ग्रोथ?

BFSI यानी बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और इंश्योरेंस TCS का सबसे बड़ा बिजनेस बना हुआ है. इसमें तिमाही आधार पर 2.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी एंड सर्विसेज कारोबार में 3.1-3.1 फीसदी की ग्रोथ रही. वहीं कंज्यूमर बिजनेस में 0.7 फीसदी और एनर्जी, रिसोर्सेज और यूटिलिटी कारोबार में 0.5 फीसदी की गिरावट आई.

अमेरिका में ग्रोथ धीमी

UK TCS के लिए सबसे मजबूत बड़े बाजार के तौर पर सामने आया. यहां तिमाही आधार पर 3.5 फीसदी की ग्रोथ रही. एशिया पैसिफिक में 2 फीसदी और लैटिन अमेरिका में 4.3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. हालांकि नॉर्थ अमेरिका और कॉन्टिनेंटल यूरोप में ग्रोथ सिर्फ 0.4 फीसदी रही. भारत में TCS का रेवेन्यू तिमाही आधार पर 10.3 फीसदी गिरा, हालांकि सालाना आधार पर इसमें 6 फीसदी की बढ़ोतरी रही.

कर्मचारियों की संख्या करीब 6 लाख

सितंबर तिमाही के अंत में TCS के कर्मचारियों की कुल संख्या 5,98,056 रही. IT सर्विसेज में पिछले 12 महीनों का एट्रिशन यानी कर्मचारियों के कंपनी छोड़ने की दर 13.3 फीसदी पर स्थिर रही. कंपनी ने कर्मचारियों की नई स्किल्स पर भी फोकस बढ़ाया है. दूसरी तिमाही में कर्मचारियों के लर्निंग आवर्स 17 फीसदी बढ़कर 1.71 करोड़ घंटे हो गए.