अगर आप Jio, Airtel या Vodafone Idea (Vi) का रिचार्ज कराने की योजना बना रहे हैं, तो आने वाले महीनों में आपकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।.कई प्रमुख ब्रोकरेज फर्मों का मानना है कि भारत की टेलीकॉम कंपनियां वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही (H2 FY27) में मोबाइल टैरिफ में 10% से 20% तक की बढ़ोतरी कर सकती हैं.हालांकि जून तिमाही (Q1 FY27) में कंपनियों के राजस्व में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, लेकिन ये बढ़ोतरी रिचार्ज महंगा होने की वजह से नहीं, बल्कि ग्राहकों की संख्या बढ़ने और महंगे 4G-5G प्लान अपनाने की वजह से होगी.
ADVERTISEMENT
कब तक महंगे हो सकते हैं रिचार्ज प्लान?
ब्रोकरेज हाउस अलग-अलग अनुमान लगा रहे हैं
- Axis Capital: अगले 3-6 महीनों में 10-12% टैरिफ बढ़ोतरी की उम्मीद.
- JM Financial: वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में 12-15% तक बढ़ोतरी का अनुमान.
- Morgan Stanley: नवंबर-दिसंबर तक 4G और 5G प्लान 16-20% तक महंगे हो सकते हैं.
JM Financial का कहना है कि महंगाई का दबाव कम होने, सरकार की '3+1' टेलीकॉम मार्केट रणनीति और 5G में हुए भारी निवेश की लागत निकालने के लिए कंपनियां टैरिफ बढ़ा सकती हैं.
बिना टैरिफ बढ़ाए बढ़ेगी कमाई
विश्लेषकों के मुताबिक जून तिमाही में टेलीकॉम कंपनियों की आय में सिंगल डिजिट (Single Digit) ग्रोथ देखने को मिल सकती है। इसकी प्रमुख वजहें हैं—
- ग्राहकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी
- 2G से 4G और 5G नेटवर्क पर माइग्रेशन
- हाई-वैल्यू और अधिक डेटा वाले प्लान की बढ़ती मांग
- जून तिमाही में एक अतिरिक्त दिन का फायदा
इन कारणों से कंपनियों का Average Revenue Per User (ARPU) सालाना आधार पर करीब 5% तक बढ़ सकता है.
Airtel और Vodafone Idea के ARPU में होगी बढ़ोतरी
ICICI Securities के अनुमान के मुताबिक
- Bharti Airtel का ARPU जून तिमाही में बढ़कर 262 रुपये हो सकता है, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 4.8% ज्यादा होगा
- Vodafone Idea (Vi) का ARPU बढ़कर 177 रुपये पहुंच सकता है, यानी करीब 7.2% की सालाना वृद्धि
वहीं Airtel के भारत कारोबार का राजस्व करीब 8.7% बढ़कर 41,200 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जबकि Vodafone Idea की आय में लगभग 4.6% की बढ़ोतरी हो सकती है.
Morgan Stanley की अलग राय
Morgan Stanley ने कहा है कि शुल्क बढ़ोतरी नहीं होने से एयरटेल के मुख्य भारत कारोबार की कमाई की रफ्तार कुछ धीमी पड़ी है. फर्म के अनुसार कंपनी के भारत मोबाइल कारोबार की आमदनी सालाना 7.8 प्रतिशत बढ़कर 29,500 करोड़ रुपये हो सकती है.Morgan Stanley का ये भी कहना है कि एयरटेल का गैर-मोबाइल कारोबार मोबाइल कारोबार से तेज बढ़ सकता है. इसके पीछे घरेलू ब्रॉडबैंड और कारोबारी सेवाओं में अच्छी बढ़त को वजह बताया गया है.
5G निवेश की भरपाई करना चाहती हैं कंपनियां
विश्लेषकों का मानना है कि टेलीकॉम कंपनियों ने 5G नेटवर्क पर भारी निवेश किया है, लेकिन अभी तक उससे अपेक्षित कमाई नहीं हो पाई है. ऐसे में आने वाले समय में कंपनियां 'Pay As You Use' मॉडल की ओर भी बढ़ सकती हैं, जिससे डेटा इस्तेमाल के आधार पर शुल्क लिया जा सके और ARPU में लंबे समय तक बढ़ोतरी बनी रहे.
ग्राहकों को अभी रिचार्ज करा लेना चाहिए?
फिलहाल Jio, Airtel और Vi में से किसी भी कंपनी ने टैरिफ बढ़ाने का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है. हालांकि लगातार आ रही ब्रोकरेज रिपोर्ट्स इस बात की ओर इशारा कर रही हैं कि अगले कुछ महीनों में मोबाइल रिचार्ज महंगे हो सकते हैं. ऐसे में यदि आप लंबी वैधता (Long Validity) वाला प्लान लेने की सोच रहे हैं, तो मौजूदा कीमतों पर रिचार्ज कराना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है.
ADVERTISEMENT

