Stock Scan: Trent का शेयर 12% क्यों टूटा? 18 हजार करोड़ रुपये का मार्केट कैप हुआ साफ, जानिए खरीदारी का मौका है या खतरे की घंटी

संदीप शर्मा

• 03:00 PM • 07 Jul 2026

ट्रेंट की आमदनी बढ़ी, लेकिन बाजार की उम्मीदों से कम रही. प्रति स्टोर कमाई में दबाव और तेज विस्तार के बीच शेयर 12 फीसदी टूटा. ब्रोकरेज की राय और आगे के संकेत जानें.

NewsTak
ट्रेंट का शेयर 12 फीसदी तक टूटा.
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

जून तिमाही में आमदनी बढ़ी, लेकिन बाजार के अनुमान से कम रही

स्टोर तेजी से बढ़े, पर हर स्टोर से औसत कमाई घटी

लगातार दूसरी तिमाही में प्रति स्टोर प्रदर्शन ने चिंता बढ़ाई

Tata Group की रिटेल कंपनी Trent का शेयर मंगलवार को अचानक दबाव में आ गया और दिन के अंत में ये 12 फीसदी गिरावट के साथ बंद हुआ. कंपनी के ताजा बिजनेस अपडेट के बाद बाजार की निराशा साफ दिखी. वजह यह रही कि आमदनी बढ़ने के बावजूद आंकड़े बाजार की ऊंची उम्मीदों से नीचे रहे. 

Read more!

कैसी रही शेयर की परफॉर्मेंस?

मंगलवार को Trent का शेयर करीब 12% की गिरावट के साथ बंद हुआ. इस एक दिन की बिकवाली में कंपनी का मार्केट कैप करीब 18 हजार करोड़ रुपये कम हो गया.

हालांकि लंबी अवधि के प्रदर्शन पर नजर डालें तो तस्वीर पूरी तरह नकारात्मक नहीं है.

  • पिछले 6 महीनों में शेयर ने करीब 8% का रिटर्न दिया है
  • पिछले 1 साल में शेयर करीब 20% टूट चुका है
  • वहीं, पिछले 3 साल में इसने करीब 151% का शानदार रिटर्न दिया है

यानी हालिया कमजोरी के बावजूद लंबी अवधि में Trent ने निवेशकों को बेहतरीन रिटर्न दिया है। हालांकि 2026 में शेयर में उतार-चढ़ाव काफी बढ़ गया है.

बाजार क्यों निराश हुआ

कंपनी के मुताबिक जून तिमाही में ट्रेंट की स्टैंडअलोन आमदनी 5,666 करोड़ रुपये रही. यह पिछले साल के 4,781 करोड़ रुपये से करीब 19 फीसदी ज्यादा है. लेकिन बाजार को करीब 22 फीसदी ग्रोथ की उम्मीद थी. यानी बिक्री बढ़ी, पर उतनी नहीं जितनी निवेशकों ने मान रखी थी.शेयर बाजार में कई बार ऐसा होता है कि नतीजे ऊपर होने के बाद भी शेयर गिर जाता है, अगर वे बाजार के अनुमान से कमजोर हों. ट्रेंट के साथ भी यही बात दिखी. चिंता सिर्फ आमदनी की नहीं थी, बल्कि प्रति स्टोर कमाई में कमजोरी ने भी बाजार को परेशान किया.

प्रति स्टोर कमाई पर दबाव

स्टोरों की संख्या करीब 26 फीसदी बढ़ी.प्रति स्टोर आमदनी करीब 5 फीसदी घटी.यह लगातार दूसरी तिमाही है जब प्रति स्टोर कमाई कमजोर रही.इसका मतलब यह है कि कंपनी नए स्टोर खोल रही है, लेकिन हर स्टोर से औसत कारोबार पहले जैसा नहीं आ रहा. यही बात बाजार के लिए बड़ा संकेत बनी.

प्रति स्टोर कमाई क्यों घट रही है?

  • पहला कारण ये है कि नए स्टोर को पूरी क्षमता से कारोबार करने में समय लगता है. शुरुआती महीनों में उनकी बिक्री अपेक्षाकृत कम रहती है.
  • दूसरा कारण है Cannibalisation इसका मतलब है कि कंपनी जब किसी पुराने स्टोर के आसपास नया स्टोर खोलती है तो दोनों स्टोर एक-दूसरे के ग्राहकों को बांटने लगते हैं. इससे कुल कारोबार तो बढ़ता है, लेकिन प्रति स्टोर बिक्री घट जाती है.
  • तीसरा कारण कंपनी का तेजी से Tier-2 और Tier-3 शहरों में विस्तार है. इन शहरों में ग्राहकों की खरीदारी क्षमता बड़े शहरों की तुलना में कम हो सकती है, जिससे प्रति स्टोर कमाई प्रभावित होती है.

स्टोर विस्तार जारी

इन चुनौतियों के बावजूद कंपनी का विस्तार जारी है. जून तिमाही में Trent ने एक नया Westside स्टोर और 19 नए Zudio स्टोर जोड़े.

30 जून 2026 तक कंपनी के पास कुल 1,312 स्टोर थे.

इनमें शामिल हैं

  • 301 Westside
  • 982 Zudio
  • 29 अन्य लाइफस्टाइल स्टोर

दिलचस्प बात यह है कि Zudio का नेटवर्क अब Westside से तीन गुना से भी ज्यादा बड़ा हो चुका है.

ब्रोकरेज की राय

Trent को लेकर ब्रोकरेज हाउस दो हिस्सों में बंटे नजर आ रहे हैं

Citi

Citi ने शेयर पर Sell रेटिंग बरकरार रखते हुए 2,733 रुपये का लक्ष्य दिया है.

Citi का कहना है कि रेवेन्यू अनुमान से कम रहा है. Revenue per Square Foot लगातार कमजोर है. प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है और Cannibalisation का असर भी दिखाई दे रहा है. Citi के मुताबिक यह केवल एक तिमाही की कमजोरी नहीं बल्कि लंबी अवधि की चुनौती भी बन सकती है.

Macquarie

Macquarie ने Outperform रेटिंग के साथ 3,600 रुपये का लक्ष्य दिया है

Macquarie का मानना है कि बिक्री जरूर कमजोर रही है, लेकिन उपभोक्ता मांग में सुधार के साथ ग्रोथ फिर तेज हो सकती है.

Morgan Stanley

Morgan Stanley ने Overweight रेटिंग बरकरार रखते हुए 3,151 रुपये का लक्ष्य दिया है.

ब्रोकरेज के मुताबिक रेवेन्यू थोड़ा कमजोर रहा है, लेकिन EBITDA Margin मजबूत रह सकता है. लंबी अवधि में कंपनी की ग्रोथ स्टोरी अब भी कायम है.

Bernstein

Bernstein ने Outperform रेटिंग के साथ 3,500 रुपये का लक्ष्य दिया है.

ब्रोकरेज का कहना है कि पहली तिमाही में स्टोर विस्तार सामान्य रूप से धीमा रहता है और Zudio की ग्रोथ अभी भी मजबूत बनी हुई है.

आगे क्या होगा?

Trent लंबे समय से प्रीमियम वैल्यूएशन पर ट्रेड करता रहा है. बाजार इस कंपनी को केवल मौजूदा कमाई के आधार पर नहीं बल्कि भविष्य की तेज ग्रोथ को ध्यान में रखकर वैल्यू देता है.इसी वजह से जब ग्रोथ थोड़ी भी धीमी दिखाई देती है, तो शेयर में बड़ी गिरावट देखने को मिलती है।आने वाली तिमाहियों में निवेशकों की नजर खास तौर पर प्रति स्टोर बिक्री, नए स्टोर खुलने की रफ्तार, Zudio की मांग, EBITDA Margin और मुनाफे की ग्रोथ पर रहेगी.अगर कंपनी स्टोर विस्तार के साथ-साथ प्रति स्टोर उत्पादकता बढ़ाने में सफल रहती है, तो शेयर दोबारा तेजी की राह पकड़ सकता है लेकिन अगर प्रति स्टोर कमाई में कमजोरी बनी रहती है, तो वैल्यूएशन पर दबाव जारी रह सकता है.