दुनिया इस वक्त कई बड़े संकटों से जूझ रही है. एक तरफ ईरान में जारी युद्ध ने वैश्विक ऊर्जा बाजार को हिलाकर रख दिया है, तो दूसरी तरफ रूस-यूक्रेन युद्ध और अमेरिका-चीन के बीच व्यापारिक तनाव ने दुनिया की चिंता बढ़ा रखी है. ऐसे समय में दुनिया की तीन बड़ी ताकतों के नेता एक साथ बैठने जा रहे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की 19 नवंबर को चीन के शेनझेन में मुलाकात प्रस्तावित है. यह बैठक एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग यानी APEC सम्मेलन के दौरान होनी है. इस मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं. सवाल यह है कि क्या तीनों नेता मिलकर दुनिया के बड़े संकटों का कोई रास्ता निकाल पाएंगे या यह मुलाकात सिर्फ एक बड़ी कूटनीतिक तस्वीर बनकर रह जाएगी?
ADVERTISEMENT
क्यों खास है तीनों नेताओं की मुलाकात?
ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन के हित कई मामलों में एक-दूसरे से अलग हैं. कई मुद्दों पर उनके बीच मतभेद भी हैं. इसके बावजूद मौजूदा हालात ने तीनों को बातचीत के लिए एक साझा वजह दी है. ईरान युद्ध इसका सबसे बड़ा उदाहरण है. पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर अब सिर्फ इस क्षेत्र तक सीमित नहीं है. होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास व्यापारिक जहाजों पर हमलों ने कच्चे तेल की सप्लाई और समुद्री व्यापार को लेकर चिंता बढ़ा दी है. दुनिया के बड़े हिस्से में तेल की सप्लाई इसी समुद्री रास्ते से होती है. ऐसे में यहां लंबे समय तक तनाव बना रहता है तो इसका असर तेल की कीमतों से लेकर महंगाई और वैश्विक कारोबार तक पर पड़ सकता है. इस बैठक में तीनों नेताओं के पास अपने-अपने हित साधने का मौका होगा. ट्रंप युद्ध से बाहर निकलने और तेल बाजार में स्थिरता लाने का रास्ता तलाश सकते हैं. चीन चाहता है कि उसे तेल की सप्लाई मिलती रहे और वैश्विक कारोबार सामान्य हो. वहीं पुतिन इस मौके का इस्तेमाल दुनिया को यह दिखाने के लिए कर सकते हैं कि ऊर्जा और सुरक्षा के मामलों में रूस की अहमियत अब भी बरकरार है.
परमाणु हथियारों पर भी हो सकती है चर्चा
इस बैठक का एक बड़ा मुद्दा परमाणु हथियारों पर नियंत्रण भी हो सकता है. दरअसल, अमेरिका और रूस के बीच परमाणु हथियारों को सीमित करने वाला आखिरी बड़ा समझौता न्यू स्टार्ट फरवरी 2026 में खत्म हो चुका है. इसके बाद दुनिया की दो सबसे बड़ी परमाणु ताकतों पर पहले जैसी कानूनी पाबंदियां नहीं रह गई हैं. ट्रंप चाहते हैं कि भविष्य में परमाणु हथियारों को सीमित करने की किसी व्यवस्था में चीन को भी शामिल किया जाए. लेकिन चीन की दलील है कि उसके पास अमेरिका और रूस के मुकाबले बहुत कम परमाणु हथियार हैं. ऐसे में पहले अमेरिका और रूस को अपने हथियारों में बड़ी कटौती करनी चाहिए. पेंटागन के अनुमान के मुताबिक चीन के पास 600 से ज्यादा परमाणु हथियार हैं, जबकि अमेरिका और रूस के पास पांच-पांच हजार से ज्यादा परमाणु हथियार हैं. ऐसे में तीनों देशों के बीच किसी बाध्यकारी समझौते पर पहुंचना आसान नहीं होगा. हालांकि, परमाणु हथियारों पर बातचीत आगे बढ़ाने के लिए कोई रास्ता या अगली बैठक की रूपरेखा तैयार हो सकती है.
पुतिन के लिए क्यों अहम है बैठक?
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है. यूक्रेन युद्ध के बाद पश्चिमी देशों ने रूस पर कई प्रतिबंध लगाए हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसे अलग-थलग करने की कोशिश की है. ऐसे में ट्रंप और जिनपिंग के साथ एक ही मंच पर नजर आना पुतिन के लिए बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि हो सकती है. इससे वह दुनिया को संदेश दे सकते हैं कि रूस को वैश्विक फैसलों से बाहर नहीं रखा जा सकता. पुतिन इस बैठक में यूक्रेन युद्ध और यूरोप की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा करना चाहेंगे. रूस की कोशिश हो सकती है कि युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत उसकी शर्तों के मुताबिक आगे बढ़े.
यूक्रेन युद्ध पर फंस सकता है मामला
तीनों नेताओं के बीच यूक्रेन युद्ध सबसे मुश्किल मुद्दों में से एक हो सकता है. ट्रंप चाहते हैं कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जल्द खत्म हो. पुतिन अपनी शर्तों पर समझौता चाहते हैं, जबकि चीन नहीं चाहता कि इस बैठक को यूरोप के युद्ध का भविष्य तय करने का मंच बनाया जाए. ट्रंप ने 17 नवंबर को संकेत दिया है कि वह जिनपिंग और पुतिन के साथ यूक्रेन युद्ध का मुद्दा उठा सकते हैं. हालांकि, इस मुद्दे पर किसी बड़े समझौते की उम्मीद करना मुश्किल है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की पहले ही साफ कर चुके हैं कि उनके देश की जमीन और सुरक्षा से जुड़े फैसले यूक्रेन को बातचीत में शामिल किए बिना नहीं लिए जा सकते. यही वजह है कि इस बैठक में यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए कोई ठोस समझौता होने की संभावना कम है. हालांकि, आगे बातचीत का रास्ता जरूर निकल सकता है.
क्या दुनिया को मिलेगी कोई बड़ी राहत?
इस बैठक से बहुत बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं, लेकिन तीनों नेताओं के बीच कई मुद्दों पर मतभेद भी कम नहीं हैं. अमेरिका और चीन के बीच टैरिफ, तकनीक और सप्लाई चेन को लेकर तनाव है. रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है. वहीं ईरान संकट पर भी तीनों देशों के अपने-अपने हित हैं. ऐसे में यह उम्मीद करना मुश्किल है कि एक ही बैठक में दुनिया के सभी बड़े संकटों का समाधान निकल आएगा. हालांकि, परमाणु हथियारों पर आगे बातचीत जारी रखने, ईरान संकट पर चर्चा करने और तेल बाजार को स्थिर करने के लिए कूटनीतिक कोशिशों को बढ़ावा देने जैसे छोटे लेकिन अहम फैसले हो सकते हैं. इस बैठक की सबसे बड़ी अहमियत यह होगी कि दुनिया की तीन बड़ी ताकतें ऐसे समय में एक साथ बैठेंगी, जब वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था दोनों बड़े बदलावों से गुजर रही हैं.
ADVERTISEMENT

