Union Budget 2026: आम बजट पेश होने से ठीक पहले देशवासियों को महंगाई का झटका लगा है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में बजट पेश करने जा रही हैं लेकिन उससे पहले सरकार ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है. हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
ADVERTISEMENT
यह बजट कई कारणों से खास माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार इसे रविवार को पेश किया जा रहा है. वैश्विक स्तर पर अमेरिकी टैरिफ और कई देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत की ट्रेड, शेयर बाजार और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाए रखना सरकार के सामने बड़ी चुनौती है. ऐसे माहौल में बजट से पहले गैस की कीमत बढ़ना आम लोगों और कारोबारियों दोनों के लिए चिंता की बात बन गया है.
नई दरों के बाद राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 1740.50 रुपये हो गई है. कोलकाता में यह 1844.50 रुपये, मुंबई में 1692 रुपये (पहले 1642.50 रुपये) और चेन्नई में 1899.50 रुपये हो गई है/ यह सिलेंडर आमतौर पर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य व्यावसायिक जगहों पर इस्तेमाल किया जाता है, इसलिए इसका सीधा असर कारोबार की लागत पर पड़ सकता है.
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बदलाव नहीं
वहीं, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है.14.2 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें अभी भी 8 अप्रैल 2025 को तय दरों पर ही मिल रही हैं. मौजूदा कीमतों के अनुसार दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 853 रुपये, कोलकाता में 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये का है. इसके अलावा लखनऊ में 890.50 रुपये, अहमदाबाद में 860 रुपये, हैदराबाद में 905 रुपये, वाराणसी में 916.50 रुपये और पटना में 951 रुपये में सिलेंडर उपलब्ध है.
जनवरी में भी बढ़ाए गए थे दाम
बताया जाता है कि पेट्रोलियम मार्केटिंग से जुड़ी सरकारी कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं. इससे पहले जनवरी में भी 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे. हालांकि पिछले साल नवंबर और दिसंबर में इनकी कीमतों में 5 और 10 रुपये की कटौती की गई थी.
घरेलू सिलेंडर की कीमत स्थिर रहने से आम परिवारों को राहत जरूर मिली है लेकिन कमर्शियल गैस महंगी होने से आने वाले दिनों में होटल और खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर असर पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें: Budget 2026 Live Updates: आज पेश होगा केंद्रीय बजट, किसान मानधन की बढ़ेगी राशि, टैक्स में मिलेगी छूट?
ADVERTISEMENT

