शेयर बाजार में तेजी के बीच खतरे की घंटी! अमेरिका का एक फैसला बिगाड़ सकता है खेल

संदीप शर्मा

11 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 11 2026 2:10 PM)

अमेरिका में महंगाई के आंकड़े अनुमान से ज्यादा रहने के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में तेजी क्यों आई? जानिए अमेरिकी फेड की ब्याज दरों, डॉलर, रुपये, FII निवेश और कच्चे तेल का सेंसेक्स-निफ्टी पर क्या असर पड़ सकता है. समझिए बाजार की तेजी के पीछे छिपे जोखिम.

NewsTak
Google CTA
▌

न्यूज़ हाइलाइट्स

अमेरिका में महंगाई अनुमान से ज्यादा रही

फेड के ब्याज दरें बढ़ाने का खतरा

डॉलर मजबूत हुआ तो रुपये पर दबाव बढ़ सकता है

FII की खरीदारी से भारतीय बाजार को सहारा

अमेरिका में महंगाई के आंकड़े दुनिया भर के शेयर बाजारों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं. इसकी वजह है अमेरिकी फेडरल रिजर्व का ब्याज दरों पर फैसला. महंगाई ऊंची रहने पर फेड ब्याज दरें ऊंची रख सकता है या उन्हें और बढ़ा भी सकता है. वहीं, महंगाई घटने पर दरों में नरमी की गुंजाइश बनती है. इसका सीधा असर विदेशी निवेशकों के फैसले, डॉलर की चाल और भारतीय शेयर बाजार पर पड़ता है. खास बात यह है कि अमेरिका में अक्टूबर की महंगाई बाजार की उम्मीद से ज्यादा रहने के बावजूद 11 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली. भारतीय बाजार 10 नवंबर को दिवाली बलिप्रतिपदा की छुट्टी के कारण बंद थे, इसलिए 11 नवंबर अमेरिकी आंकड़ों के बाद पहला कारोबारी दिन था. 

Read more!

अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों में क्या निकला?

10 नवंबर को जारी अक्टूबर के आंकड़ों के मुताबिक, कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स यानी CPI में महीने-दर-महीने 0.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. सितंबर में ये बढ़ोतरी 0.6 फीसदी थी. बाजार को अक्टूबर में करीब 0.3 फीसदी की उम्मीद थी. यानी महंगाई बढ़ने की रफ्तार पिछले महीने से कम जरूर हुई, लेकिन अनुमान से ज्यादा रही. खाने-पीने की चीजों की कीमतों में 0.5 फीसदी और ऊर्जा की कीमतों में 0.7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. कोर CPI में 0.3 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो सितंबर के बराबर रही और अनुमान 0.2 फीसदी से ज्यादा थी.कोर CPI में खाने-पीने की चीजें और ऊर्जा शामिल नहीं होतीं. इसे इसलिए अहम माना जाता है क्योंकि यह महंगाई की असली और लंबी अवधि की तस्वीर दिखाता है.एक और बात ध्यान देने वाली है. पिछले साल के सरकारी शटडाउन की वजह से अक्टूबर 2025 के आंकड़े उपलब्ध नहीं थे. इसलिए अमेरिकी श्रम विभाग ने इस बार सालाना महंगाई दर जारी नहीं की. इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि अमेरिका में महंगाई का दबाव खत्म नहीं हुआ है. फेड की मौजूदा ब्याज दर 3.75 से 4.00 फीसदी के दायरे में है. विश्लेषकों के मुताबिक, अक्टूबर की मजबूत नौकरी रिपोर्ट और इन आंकड़ों के बाद फेड के दिसंबर में दरें बढ़ाने की संभावना और मजबूत हुई है.

अमेरिका की महंगाई से भारत का कैसे प्रभावित?

अमेरिका में महंगाई का असर सिर्फ वहां की अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं रहता. महंगाई को काबू में रखने के लिए फेड ब्याज दरें ऊंची रख सकता है या बढ़ा सकता है. इससे अमेरिकी सरकारी बॉन्ड में निवेश आकर्षक हो जाता है. जब अमेरिका में सुरक्षित निवेश पर अच्छा रिटर्न मिलने लगता है तो विदेशी निवेशक भारत जैसे उभरते बाजारों में निवेश कम कर सकते हैं. इससे भारतीय शेयर बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है. इसके उलट, अगर अमेरिकी महंगाई घटती है और फेड के दरें बढ़ाने की आशंका कमजोर पड़ती है, तो उभरते बाजारों में निवेश ज्यादा आकर्षक हो सकता है.

डॉलर और रुपये पर भी असर

अमेरिका में ब्याज दरें ऊंची रहने या बढ़ने की उम्मीद से डॉलर मजबूत हो सकता है. डॉलर मजबूत होने पर रुपये पर दबाव बढ़ता है. 11 नवंबर को रुपया करीब 93.70 प्रति डॉलर पर था. विदेशी पूंजी की आवक और नरम तेल कीमतों ने उसे सहारा दिया. रुपये में कमजोरी का असर उन कंपनियों पर ज्यादा पड़ता है जो कच्चा माल या जरूरी सामान आयात करती हैं. भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात से पूरा करता है. अगर डॉलर मजबूत हो और कच्चा तेल महंगा रहे तो आयात बिल बढ़ सकता है. इससे महंगाई बढ़ने का खतरा रहता है. इसका असर ऑयल मार्केटिंग कंपनियों, एविएशन, पेंट और दूसरी आयात-निर्भर कंपनियों पर पड़ सकता है.

IT कंपनियों को मिल सकता है फायदा या नुकसान?

भारतीय IT कंपनियों की कमाई का बड़ा हिस्सा अमेरिका से आता है. अगर डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होता है तो डॉलर में कमाई करने वाली इन कंपनियों को रुपये के लिहाज से फायदा मिल सकता है. लेकिन दूसरी तरफ, अमेरिका में ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रहने से वहां की कंपनियां अपने खर्च घटा सकती हैं. इसका असर टेक्नोलॉजी और IT सेवाओं पर होने वाले खर्च पर पड़ सकता है और भारतीय IT कंपनियों के कारोबार पर दबाव आ सकता है.

भारतीय बाजार क्यों चढ़ा?

  • FPI की खरीदारी: 2 से 9 नवंबर के बीच विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने भारतीय शेयरों में करीब 53,739 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया. हालांकि, 2026 में अब तक उनकी कुल निकासी करीब 2.41 लाख करोड़ रुपये है.
  • कच्चे तेल में नरमी: ब्रेंट क्रूड मंगलवार को गिरकर 89.16 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा, जो दो महीने का निचला स्तर है. बुधवार को यह करीब 92.44 डॉलर पर कारोबार कर रहा था. ईरान के खिलाफ आगे अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की चिंता घटने से तेल पर दबाव बना. कच्चे तेल की कम कीमतों से आयात बिल घटने और महंगाई का दबाव कम होने की उम्मीद रहती है.
  • विदेशी बाजारों में टेक शेयरों की बिकवाली: बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, विदेशी बाजारों में टेक सेक्टर की अगुवाई में आई बिकवाली के बीच निवेशकों का रुझान भारत के बड़े शेयरों की ओर बढ़ा. उनके अनुसार लार्ज-कैप शेयरों की आकर्षक वैल्यूएशन और कंपनियों की बेहतर कमाई ने भी भूमिका निभाई.

आगे भारतीय शेयर बाजार के लिए क्या संकेत हैं?

आने वाले दिनों में अमेरिकी महंगाई और फेड के फैसले पर भारतीय बाजार की नजर रहेगी. अगर महंगाई नरम पड़ती है तो फेड की दर बढ़ोतरी की आशंका कम हो सकती है, जिससे विदेशी निवेश के लिए माहौल बेहतर होगा. लेकिन अगर महंगाई ऊंची बनी रहती है तो फेड दरें बढ़ा सकता है या ऊंची रख सकता है. ऐसी स्थिति में डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड मजबूत रह सकते हैं और भारतीय बाजार से विदेशी पैसा निकलने का दबाव बढ़ सकता है. फिलहाल निवेशकों को तीन अहम संकेतकों पर नजर रखनी चाहिए: अमेरिकी 10 साल की बॉन्ड यील्ड, डॉलर इंडेक्स और विदेशी निवेशकों की खरीदारी. कुल मिलाकर, अमेरिकी महंगाई के आंकड़े भारतीय बाजार के लिए एक अहम संकेत हैं, लेकिन बाजार की चाल सिर्फ इन्हीं से तय नहीं होगी. कच्चे तेल की कीमतें, कंपनियों के तिमाही नतीजे और विदेशी निवेशकों की खरीदारी भी निफ्टी और सेंसेक्स की दिशा तय करने में बड़ी भूमिका निभाएंगे.

डिस्क्लेमर: ये स्टोरी हमने आपकी जानकारी के लिए तैयार की है अगर आपको शेयर बाज़ार में निवेश करना है तो अपने निवेश सलाहकार की राय जरुर लें.