छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से दिल दहला देने वाली एक वारदात सामने आई है. यहां होलिका दहन की खुशियों के बीच एक घर में मातम पसर गया, जब एक कलयुगी बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपने ही पिता की कुल्हाड़ी (टांगी) से मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के लिए पिता के शव को पानी की टंकी में डाल दिया और बेखौफ होकर बिरयानी खाने चला गया.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
घटना नगर निगम क्षेत्र के बहेरापारा (ट्रांसपोर्ट नगर) की है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक पारस केरकेट्टा (50 वर्ष) अपने अलग मकान में रहता था. वहीं, उनका छोटा बेटा प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा, पिता के घर से कुछ दूरी पर रहता था.
बताया जा रहा है कि होलिका दहन की रात करीब 11 बजे प्रभात शराब के नशे में धुत होकर अपने पिता के घर पहुंचा. शराब के नशे में देख पिता पारस ने उसे डांट लगाई और नाराजगी जाहिर की. बस इतनी सी बात पर आरोपी बेटा आगबबूला हो गया और घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पिता के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. चोट इतनी गंभीर थी कि पारस की मौके पर ही मौत हो गई.
क्रूरता की हद: हत्या के बाद खाई बिरयानी और चैन से सोया
हत्या के बाद आरोपी ने शव को घसीटकर घर के बगल में बनी एक छोटी पानी की टंकी में डाल दिया ताकि किसी को शक न हो. इसके बाद वह पास की एक दुकान पर गया, वहां इत्मीनान से बिरयानी खाई और अपने घर लौटकर कंबल ओढ़कर सो गया.
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रभात को रात में ही हिरासत में ले लिया. पूछताछ के दौरान उसने गुस्से में आकर पिता की हत्या करने का जुर्म स्वीकार कर लिया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.
एक रिश्तेदार ने बताया- "मृतक मेरे साढ़ू लगते थे. उनके छोटे बेटे ने रात में उन्हें मार दिया और बगल की टंकी में डाल दिया. पुलिस उसे रात में ही अपने साथ ले गई."
पुलिस अधिकारी ने बताया कि: "मणिपुर थाना अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर में यह घटना हुई है. बेटे ने अपने पिता के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। आरोपी को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है."
ADVERTISEMENT

